शादी के दबाव से परेशान प्रेमी ने साथी संग रची नर्स की हत्या की साजिश

मेरठ
मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में नर्स की संदिग्ध मौत का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार शादी का दबाव बना रही प्रेमिका की अस्पताल के ही कर्मचारी और उसके साथी ने ड्रिप में जहरीला रासायनिक पदार्थ मिलाकर हत्या कर दी. वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए फर्जी सुसाइड नोट लिखकर शव के पास रख दिया गया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

सुरेश पर शादी का दबाव बना रही थी नेहा
पुलिस के मुताबिक फफूंडा निवासी 25 वर्षीय नेहा लोहिया नगर स्थित एमसीसी अस्पताल में नर्स थी. शनिवार सुबह वह अपनी ननद के साथ ड्यूटी पर गई थी. दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में वह अचेत अवस्था में मिली. चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके से सल्फर की गोलियां और एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें ससुराल पक्ष पर आरोप लगाए गए थे.

मृतका के परिजनों ने सुसाइड नोट की लिखावट पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की. उन्होंने पुलिस को नेहा की पुरानी लिखावट भी दिखाई और बताया कि ससुराल पक्ष से किसी प्रकार का विवाद नहीं था. इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल कॉल डिटेल खंगाली. जिसमें सामने आया कि अस्पताल कर्मचारी सुरेश और नेहा के बीच पिछले 7-8 महीने से प्रेम संबंध थे.

फुटेज में नेहा, सुरेश और एक अन्य कर्मचारी फरहान के साथ ओटी में जाती दिखाई दी. जबकि कुछ देर बाद सुरेश ग्लव्स पहनकर अकेला बाहर निकलता नजर आया. पूछताछ में सुरेश ने बताया कि वह शादीशुदा है और उसका पांच साल का बेटा है. नेहा लगातार उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी. इससे छुटकारा पाने के लिए उसने फरहान के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई.

ड्रिप में जहर मिलाकर मारा
पुलिस के अनुसार नेहा ने कमजोरी महसूस होने की बात कही तो उसे ड्रिप लगाने के बहाने ओटी में ले जाया गया. वहां ड्रिप में जहरीला रासायनिक पदार्थ मिलाकर इंजेक्ट कर दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई. वारदात के बाद दोनों आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए नोटपैड पर सुसाइड नोट लिखा और उसे नेहा के पास रख दिया. साथ ही सल्फर की गोलियां भी रख दीं, ताकि मामला आत्महत्या लगे.

पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट, नोटपैड, सिरिंज, रासायनिक पदार्थ का रैपर, कैनूला और मृतका का मोबाइल फोन बरामद कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है. जांच में यह भी सामने आया कि नेहा के पति रवि कुमार ने करीब एक वर्ष पहले आत्महत्या कर ली थी. पति की मौत के बाद परिवार और बच्चे की जिम्मेदारी संभालने के लिए नेहा ने निजी अस्पताल में नौकरी शुरू की थी.

मारने के बाद आरोपियों ने खुद लिखकर रख दिया सुसाइड नोट
मामले में सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि 18 तारीख को लगभग 2 बजे थाना लोहिया नगर को 112 से सूचना मिली कि एमसीसी अस्पताल में काम करने वाली एक नर्सिंग स्टाफ द्वारा जहर खाकर सुसाइड कर लिया गया है. इस सूचना पर तत्काल स्थानीय पुलिस, फील्ड यूनिट और मेरे द्वारा निरीक्षण किया गया. घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी प्राप्त हुआ. मृतका के परिवार से पता लगा कि इसकी लगभग ढाई साल पहले शादी हुई थी.

वहीं  एक साल पहले किसी कारणवश उसके पति का देहांत हो गया था. मायके और ससुराल पक्ष दोनों द्वारा बताया गया कि उनके बीच बहुत अच्छे संबंध थे और कोई मनमुटाव नहीं था. उन्होंने यह भी बताया कि जो सुसाइड नोट में राइटिंग है वह उनकी बेटी की नहीं लग रही है. इसके बीच पुलिस ने अस्पताल की सीसीटीवी देखी तो पूरा मामला खुल गया. आरोपियों ने कड़ाई से पूछताछ करने पर पूरा सच उगल दिया.

More From Author

छत्तीसगढ़ में क्रिटिकल मिनरल्स विकास हेतु सीएमडीसी ने ऐतिहासिक एमओयू किया

ईधन और शासकीय संसाधनों के मितव्ययी उपयोग का दिया संदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13910/15

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.