दतिया उपचुनाव में गरजे CM मोहन यादव, कांग्रेस पर साधा निशाना; कहा- एक परिवार से आगे नहीं बढ़ पाई पार्टी

दतिया

दतिया उपचुनाव में भले ही आशुतोष तिवारी प्रत्याशी हैं, लेकिन चुनाव प्रचार के दौर में हम सभी प्रत्याशी हैं। यहां लड़ाई कांग्रेस और भाजपा के बीच है। कांग्रेस 5 पीढ़ियों में केवल एक ही परिवार में सिमट गई। कभी किसी को मौका नहीं दिया।

दतिया में भी कांग्रेस प्रत्याशी की यही हालत है। कांग्रेसियों ने दतिया के विकास के रथ का पहिया जाम कर दिया। यह बातें मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दतिया उपचुनाव में कुशवाह समाज के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहीं।

गरजते हुए अंदाज में उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश आगे बढ़ रहा है तो दतिया भी आगे बढ़ना चाहिए। कांग्रेस के शासनकाल में दतिया में डकैतों का राज चलता था। हमारी सरकार गुंडागर्दी और किसी भी तरह की हिंसा को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा।

मध्यप्रदेश लाल सलाम को आखिरी सलाम कर चुका है। भारतीय जनता पार्टी व्यापार-व्यवसाय के लिए भय मुक्त वातावरण देती है। सबका साथ, सबका विकास के संकल्प के साथ हम दतिया को आगे बढ़ाएंगे।

आगामी डेढ़ माह में दतिया को साढ़े 11 हजार करोड़ से अधिक लागत के कारखाने की सौगात मिलेगी। कार्यक्रम के बाद दतिया में उन्होंने विशाल रोड़ शो भी किया और भाजपा प्रत्याशी को जिताने की अपील की।

कांग्रेसी भगवान श्रीराम के न हो सके
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीराम के काल से भगवान लव-कुश और कुशवाहा समाज का योगदान अतुलनीय रहा है। कांग्रेसी भगवान श्रीराम के नहीं हो सके, ये किसी काम के नहीं। कांग्रेसियों ने सुप्रीम कोर्ट तक में श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए।

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी कभी अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन करने नहीं गए। भाजपा ऐसी पार्टी है, जिसने कुशवाहा समाज को कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक बनाकर सम्मानित किया। दतिया में तो कुशवाहा समाज से जिलाध्यक्ष और पार्षद भी हैं।

भारतीय जनता पार्टी ने ही हरियाणा और बिहार में कुशवाहा समाज से मुख्यमंत्री तक बनाए हैं। उत्तर प्रदेश में एक डिप्टी सीएम भी कुशवाहा समाज के आते हैं। इस बार दतिया उपचुनाव में जीत का पूरा श्रेय सांसद भारत सिंह कुशवाहा और जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाहा को जाएगा। कांग्रेस ने कभी कुशवाहा समाज के लोगों को राजनीति में कोई पद नहीं दिया और आगे नहीं आने दिया।

यह केवल भाजपा में ही संभव है
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि एक गरीब परिवार का बेटा नरेंद्र मोदी देश का प्रधानमंत्री बनता है। नितिन नवीन जैसे युवा के हाथों में पार्टी की कमान सौंप दी जाती है। यह केवल भाजपा में ही संभव है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के सभी पात्र किसानों को किसान सम्मान निधि दी जा रही है। आज ही राज्य सरकार ने प्रदेश के 82 लाख 70 हजार से अधिक किसानों को 4 हजार रुपए सम्मान निधि अंतरित की है।

सरकार की इन योजनाओं का लाभ प्रदेश के कुशवाहा किसान भाइयों को भी मिल रहा है। हमारी सरकार सच्चा वादा पक्का काम के संकल्प के साथ काम करती है। लाड़ली बहनों को भी राशि लगातार हर महीने भेजी जा रही है।

राज्य सरकार ने प्रदेश का बजट बढ़ाया है। किसानों को बिजली, पानी सभी क्षेत्रों में विकास के मामले में हमारी सरकार कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी। ग्वालियर क्षेत्र बहुत जल्द टेलीकॉम सेक्टर का बड़ा हब बनने वाला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा "सबका साथ, सबका विकास" के संकल्प के साथ दतिया को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी ।

More From Author

राजस्थान में 24,752 सफाई कर्मचारी पदों पर निकली भर्ती, न लिखित परीक्षा न इंटरव्यू; जानें कौन कर सकता है आवेदन

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शर्मिला धनखड़ का गोल्डन थ्रो, पैरा एथलेटिक्स में भारत का 20 साल का इंतजार खत्म

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13910/15

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.