‘डीएम अंकल मेरा काम कर देंगे?’ बच्ची की बात ने खींचा सबका ध्यान

लखनऊ
डीएम अंकल… मेरा एक काम कर देंगे? रेलवे फाटक पर इतना जाम लगता है कि ट्यूशन पहुंचने में देर हो जाती है और फिर डांट पड़ती है.' यूपी के हाथरस में कक्षा-3 की छात्रा ने जब आईएएस अधिकारी और जिलाधिकारी (DM) अतुल वत्स से यह बात कही तो वहां मौजूद लोग उसकी मासूमियत पर मुस्कुरा उठे. लेकिन कुछ ही देर में सभी को एहसास हो गया कि यह सिर्फ एक बच्ची की परेशानी नहीं, बल्कि शहर के हजारों लोगों की रोजमर्रा की समस्या है. अब यह मुलाकात सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. खुद डीएम ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इसे शेयर किया है.

उत्तर प्रदेश के हाथरस में आयोजित जनसुनवाई के दौरान रोज की तरह लोग अपनी-अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे थे. इसी बीच सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज की कक्षा-3 की छात्रा आश्वी भी हाथ में एक प्रार्थना-पत्र लेकर जिलाधिकारी अतुल वत्स के सामने पहुंची. उसने बेहद सहज अंदाज में कहा, डीएम अंकल… मेरा एक काम कर देंगे? रेलवे फाटक पर इतना जाम लगता है कि ट्यूशन पहुंचने में देर हो जाती है और फिर डांट पड़ती है. बच्ची की बात सुनकर वहां मौजूद अधिकारी और फरियादी मुस्कुरा दिए. हालांकि, जब उसने अपनी पूरी बात रखी तो सभी ने महसूस किया कि वह जिस समस्या की ओर ध्यान दिला रही है, उससे रोजाना हजारों लोग प्रभावित होते हैं.

रेलवे फाटक पर लगता है लंबा जाम
आश्वी ने जिलाधिकारी को बताया कि वह प्रतिदिन ट्यूशन पढ़ने जाती है. रास्ते में बिजली कॉटन मिल रेलवे फाटक पड़ता है. कई बार मालगाड़ियों के गुजरने की वजह से फाटक लंबे समय तक बंद रहता है. इससे वहां वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और उसे काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है. उसने बताया कि कई बार इसी वजह से वह समय पर ट्यूशन नहीं पहुंच पाती और उसे डांट भी सुननी पड़ती है.

सिर्फ अपनी परेशानी नहीं, समाधान भी बताया
आश्वी की बात सिर्फ शिकायत तक सीमित नहीं रही. उसने रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम की समस्या के समाधान को लेकर भी अपने स्तर पर कुछ सुझाव जिलाधिकारी के सामने रखे. कम उम्र में समस्या के साथ समाधान की सोच रखने वाली छात्रा की इस पहल ने प्रशासनिक अधिकारियों को भी प्रभावित किया. जनसुनवाई में मौजूद लोगों ने भी उसकी जागरूकता की सराहना की.

IAS अधिकारी अतुल वत्स ने की तारीफ
हाथरस के जिलाधिकारी एवं आईएएस अधिकारी अतुल वत्स ने छात्रा की जागरूकता, निर्भीकता और जनहित के प्रति उसकी संवेदनशील सोच की सराहना की. उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में सार्वजनिक हित के मुद्दे पर प्रशासन तक पहुंचना और अपनी बात रखना प्रेरणादायक है. उन्होंने आश्वी को उसकी इस पहल के लिए उपहार भेंट कर प्रोत्साहित भी किया. डीएम ने कहा कि बच्चों में यदि समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है तो यह भविष्य के लिए अच्छा संकेत है.

रेलवे अधिकारियों से होगी बातचीत
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि रेलवे फाटकों पर लगने वाला यातायात जाम आम लोगों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है. इस समस्या के समाधान के लिए उत्तर मध्य रेलवे के अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि व्यवहारिक और दीर्घकालिक समाधान तलाशने के लिए आवश्यक स्तर पर पत्राचार और चर्चा की जाएगी, ताकि लोगों को राहत मिल सके.

शहर की पुरानी समस्या है रेलवे फाटक पर जाम
हाथरस में रेलवे फाटकों पर जाम की समस्या नई नहीं है. मालगाड़ियों और अन्य ट्रेनों के आवागमन के दौरान कई बार फाटक लंबे समय तक बंद रहता है. ऐसे में दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग जाती है. इसका असर स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और मरीजों तक पर पड़ता है. स्थानीय लोग लंबे समय से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग करते रहे हैं. ऐसे में एक छोटी छात्रा द्वारा इस मुद्दे को जनसुनवाई में उठाना चर्चा का विषय बन गया है.

क्यों चर्चा में है यह मामला
यह मामला सिर्फ इसलिए चर्चा में नहीं है कि एक बच्ची डीएम के पास पहुंची, बल्कि इसलिए भी कि उसने एक ऐसी समस्या उठाई जो हर दिन हजारों लोगों को प्रभावित करती है. उसकी मासूम शिकायत में व्यक्तिगत परेशानी थी, लेकिन मुद्दा पूरी तरह सार्वजनिक था. आईएएस अधिकारी अतुल वत्स ने भी बिना औपचारिकता के छात्रा की पूरी बात सुनी, उसकी हौसला-अफजाई की और संबंधित विभाग से समाधान की दिशा में कार्रवाई का भरोसा दिया.

बच्चों की भागीदारी का अच्छा उदाहरण विशेषज्ञ मानते हैं कि लोकतांत्रिक व्यवस्था तभी मजबूत होती है, जब हर नागरिक चाहे वह बच्चा ही क्यों न हो अपनी बात रखने का साहस करे. आश्वी की पहल इसी सोच को मजबूत करती है. उसने यह दिखाया कि जागरूकता की कोई उम्र नहीं होती. हाथरस की इस छात्रा ने अपनी परेशानी बताने के साथ यह भी संदेश दिया कि स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन से संवाद किया जा सकता है. यही वजह है कि उसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उसकी समझदारी व आत्मविश्वास की सराहना कर रहे हैं.

More From Author

उदयपुर चौपाल में सीएम बोले, किसान कल्याण सरकार की पहली प्राथमिकता

मनेंद्रगढ़ में नशामुक्ति अभियान की शुरुआत, मंत्री जायसवाल ने ली शपथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13944/210

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.