अभियान के अंतर्गत शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों को दिलाया जाएगा योजनाओं का लाभ- राज्य मंत्री जायसवाल

अनूपपुर

मध्य प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)  दिलीप जायसवाल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य शासन प्रदेश एवं देश को निरंतर प्रगति के मार्ग पर अग्रसर कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 7 अगस्त से 8 जनवरी तक मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर जन-जन तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। राज्य मंत्री  जायसवाल ने कहा कि शासन की मंशा है कि केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे, जिससे उनके जीवन में खुशहाली और समृद्धि आए। राज्य मंत्री  जायसवाल आज नगर पालिका परिषद बिजुरी में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

राज्य मंत्री  दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रदेश शासन गरीबों, युवाओं, किसानों, महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों के हित में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय एवं योजनाएं संचालित की जा रही हैं। राज्य मंत्री  जायसवाल ने कहा कि जनकल्याण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पात्र हितग्राहियों से शासन के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने जिला प्रशासन से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा शासन की मंशा के अनुरूप पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर  रत्नाकर झा ने कहा कि जन समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई में प्राप्त भ्रमण क्षेत्र की लंबित शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत दर्ज लंबित प्रकरणों, अविवादित नामांतरण, सीमांकन एवं बंटवारा संबंधी प्रकरणों तथा न्यायालयीन आदेश जारी होने के बाद भी राजस्व अभिलेखों में अमल नहीं होने से संबंधित लंबित मामलों का भी शत-प्रतिशत निराकरण किया जाएगा।

कलेक्टर  झा ने कहा कि विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों को मिल रहा है अथवा नहीं, इसकी नियमित समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही स्थानीय स्तर की प्रमुख समस्याओं, शिकायतों एवं चुनौतियों का चिन्हांकन कर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, जिनके शीघ्र निराकरण की अपेक्षा आमजन प्रशासन से करते हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी इन चार प्रमुख स्तंभों पर आधारित है, जिनके माध्यम से शासन और जनता के बीच विश्वास एवं सहभागिता को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा। कार्यक्रम को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मती अर्चना कुमारी ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम में शिक्षा, पुलिस, राजस्व, उद्योग, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, खाद्य, नगरीय प्रशासन, कृषि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, नवाचारों, उपलब्धियों एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों को योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा योजनाओं से मिलने वाले लाभों के संबंध में विस्तार से अवगत कराया।

इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जानकारी एवं सेवा स्टॉलों के माध्यम से आमजन को शासन की जनहितैषी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे शासन द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने आसपास के पात्र हितग्राहियों को भी इन योजनाओं से जोड़ने में सहयोग करें। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रश्नों के उत्तर भी दिए गए, जिससे आमजन को योजनाओं की जानकारी सरल एवं सहज रूप से प्राप्त हो सकी। 

इस दौरान विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 19 हितग्राहियों तथा पीएम आवास योजना से संबंधित 6 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इसके अलावा 5 हितग्राहियों को खाद्यान्न पर्चियों का वितरण किया गया। इसी प्रकार मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत 2 हितग्राहियों तथा मुख्यमंत्री टांट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना के अंतर्गत 1 हितग्राही को लाभान्वित किया गया। प्राकृतिक आपदा से जनहानि के 3 प्रकरणों में आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अंतर्गत 3 हितग्राहियों को वृद्धावस्था एवं कल्याणी पेंशन सहित सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। पशुपालन विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) वितरित किए गए, वहीं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित 13 स्व-सहायता समूहों को सामुदायिक निवेश निधि (सीसीएल) की राशि वितरित की गई।

कार्यक्रम के दौरान आमजन से कुल 91 समस्यामूलक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 35 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर आवेदकों को राहत प्रदान की गई। शेष 56 आवेदनों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागों को समय-सीमा निर्धारित करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम में कमिश्नर शहडोल संभाग मती सुरभि गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अनूपपुर  विक्रांत मुराद, नगर पालिका अध्यक्ष बिजुरी मती सहबीन पनिका, नगर पालिका अध्यक्ष कोतमा  अजय सराफ, नगर पालिका उपाध्यक्ष मती प्रीति शर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी बिजुरी  पवन कुमार साहू सहित जिले के सभी विभागों के विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकार गण, आम नागरिक उपस्थित थे।

More From Author

खेत में बोहनी से लेकर बाजार में दाम दिलाने तक किसानों के साथ खड़ी है सरकार

38वर्ष पुराने 132 केवी विनोबा भावे जबलपुर सब-स्टेशन का हुआ उन्नयन, अब और अधिक विश्वसनीय बनी बिजली आपूर्ति व्यवस्था

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13944/210

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.