15 अगस्त को भोपाल में तिरंगा फहराएंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, समारोह की तैयारियां पूरी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वतंत्रता दिवस पर भोपाल में करेंगे ध्वजारोहण

स्वतंत्रता दिवस पर पंचायतों से जिलों तक में होंगे गरिमामय आयोजन

भोपाल 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउण्ड पर 15 अगस्त 2026 को होने वाले स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे और प्रदेश की जनता को संबोधित करेंगे। पुलिस, एस.ए.एफ., सी.आई.एस.एफ., जेल गार्ड, होम गार्ड, एन.सी.सी. एवं स्काउट गाइड्स की संयुक्त परेड आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री डाँ. यादव को संयुक्त परेड द्वारा "गार्ड ऑफ ऑनर" दिया जाएगा। मुख्य समारोह के पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा शौर्य स्मारक में शहीदों को श्रद्धाजंलि दी जायेगी। सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य स्तर के साथ ही जिला, जनपद पंचायत और ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय रूप से आयोजित करने के लिए परिपत्र जारी किया है।

स्वतंत्रता दिवस पर कार्यक्रमों की रूपरेखा

स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त को राज्य स्तर, जिला, जनपद पंचायत, ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर कार्यक्रम होंगे। जिला स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 9:00 बजे से किया जाएगा, जिसमें विधानसभा अध्यक्ष/ मंत्रीगण और कलेक्टर द्वारा ध्वजारोहण पश्चात राष्ट्रगान का गायन किया जाएगा एवं परेड की सलामी ली जाएगी। मुख्यमंत्री डाँ.यादव द्वारा स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन प्रातः 9:25 से 9:55 बजे तक किया जाएगा, जिसका सीधा प्रसारण राज्य स्तरीय मुख्य समारोह, भोपाल से जिला स्तर पर किया जाएगा। जिला स्तरीय समारोह में विधानसभा अध्यक्ष / मंत्रीगण और कलेक्टर द्वारा संक्षिप्त लिखित बधाई संदेश का वाचन किया जाएगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

जनपद पंचायत मुख्यालय में जनपद अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा तथा समारोह में सामूहिक राष्ट्रगान गाया जाएगा। ऐसी नगर पालिका/नगर परिषद जिनका मुख्यालय ब्लाक मुख्यालय पर नहीं है, उनमें अध्यक्ष, नगर पालिका/नगर परिषद द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा और समारोह में राष्ट्रगान गाया जाएगा। साथ ही पंचायत मुख्यालय में सरपंच द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा और समारोह में राष्ट्रगान गाया जाएगा।

जिले से संबंधित सभी संसद सदस्य , विधायक गण, महापौर, पार्षद एवं अन्य गणमान्य नागरिकों को सम्मान पूर्वक स्वतंत्रता दिवस समारोह में आमंत्रित किया जाएगा। सभी शासकीय कार्यालयों/शिक्षण संस्थाओं में पूर्व वर्ष अनुसार प्रातः 8:00 बजे या उसके पूर्व ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। बाद में सांस्कृतिक/साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी शिक्षण संस्थाओं में मौसम का ध्यान रखते हुए प्रभातफेरी का आयोजन किए जाने के लिए कहा गया है।

विभिन्न सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कॉलेज/स्कूल में खेल कूद, अन्य प्रकार के कौशलों का प्रदर्शन अन्तर्विद्यालय, अन्तर महाविद्यालय स्तर पर वाद विवाद प्रतियोगिताएं, 15 अगस्त के महत्व पर चुने हुए छात्र-छात्राओं द्वारा वार्ता, राष्ट्रीय एकता, लघु बचत, जनसंख्या स्थिरीकरण, स्वच्छता अभियान एवं पुरस्कारों/ प्रमाण पत्रों / मेडल आदि जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वृक्षारोपण का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम को प्रभावी रूप से सम्पन्न कराने में वन विभाग का आवश्यक सहयोग प्राप्त किया जाएगा। स्कूल/कालेजों में जिला/संभाग एवं राज्य स्तर पर राष्ट्रीय एकता के समूह गान आयोजित किये जायेंगे। जिला मुख्यालयों पर स्वतंत्रता दौड का आयोजन किया जाएगा।

विभिन्न समारोहों में ध्वनि विस्तार यंत्र (लाउड स्पीकर) का उपयोग किया जायेगा और उस पर देशभक्ति से प्रेरित गीत का प्रसारण किया जाएगा। विभिन्न समाचार पत्रों में स्वतंत्रता दिवस पर जारी किए जाने वाले विज्ञापनों को स्वतंत्रता संग्राम के संदेशों पर केन्द्रित किया जाएगा एवं विज्ञापनों को इस प्रकार नियोजित किया जाएगा कि 15 अगस्त 2026 को प्रदेश के समाचार पत्रों में शहीदों तथा विशेष रूप से मध्यप्रदेश के शहीदों के सम्बन्ध में संदेश प्रसारित हो। कार्यक्रमों में प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाएगी।

शासकीय भवनों एवं इमारतों में की जायेगी प्रकाश की व्यवस्था

स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर प्रदेश में स्थित समस्त शासकीय भवनों एवं राष्ट्रीय महत्व की इमारतों पर 14 एवं 15 अगस्त 2026 की रात में प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी।

शहीद हुए सैनिकों के परिवारों को किया जायेगा आमंत्रित

सामान्य प्रशासन विभाग ने निर्देश दिए हैं कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल में शहीद हुए सैनिकों के परिवारों एवं प्रदेश के लोकतंत्र सेनानियों को सम्मान पूर्वक आमंत्रित किया जाए एवं वृद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को जिला कलेक्टर अथवा उनके द्वारा नामित प्रतिनिधि घर जाकर शाल, श्रीफल से सम्मानित करेगें।

 

More From Author

Solar Eclipse 2026: आज लगेगा साल का अंतिम सूर्य ग्रहण, भारत में नहीं आएगा नजर; जानें पूरी डिटेल

निजी स्कूलों की मनमानी पर कलेक्टर का एक्शन, किताबें नहीं लेने पर नोटिस के निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13944/210

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.