मध्यप्रदेश खेल अकादमी के 25 खिलाड़ी भारतीय दल का हिस्सा

19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में होगा एशिया का सबसे बड़ा खेल महाकुंभ

भोपाल
मध्यप्रदेश की खेल प्रतिभाएं एक बार फिर अंतर्राष्ट्रीय खेल मंच पर प्रदेश का गौरव बढ़ाने के लिए तैयार हैं। जापान के आइची प्रांत और नागोया शहर में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले 20वें एशियाई खेल-2026 में मध्यप्रदेश के 32 खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रदेश के खिलाड़ियों का चयन एथलेटिक्स, क्रिकेट, कैनो स्लालम, कैनो स्प्रिंट, हॉकी, जूडो, रोइंग, सेलिंग, शूटिंग और सॉफ्ट टेनिस सहित 10 खेल विधाओं में हुआ है।

चयनित खिलाड़ियों में 25 खिलाड़ी खेल अकादमी एवं पूर्व अकादमी से तथा 7 खिलाड़ी गैर-अकादमी श्रेणी से हैं। यह उपलब्धि मध्यप्रदेश में खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही उच्चस्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था, खेल सुविधाओं और प्रतिभा विकास के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।

19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान में होगा खेलों का महासंग्राम
20वें एशियाई खेल 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक जापान के आइची प्रांत और नागोया में आयोजित होंगे। एशिया के विभिन्न देशों के शीर्ष खिलाड़ी इन खेलों में पदकों के लिए मुकाबला करेंगे। इस बार एशियाई खेलों में 43 खेलों की 71 स्पर्धा श्रेणियों में 469 मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। हजारों खिलाड़ी एशिया के इस सबसे बड़े खेल मंच पर अपने देश के लिए पदक जीतने के लक्ष्य के साथ उतरेंगे। प्रतियोगिताओं का आयोजन जापान के विभिन्न स्थानों पर बनाए गए 53 खेल स्थलों पर किया जाएगा।

एथलेटिक्स में पोल वॉल्ट की दोहरी चुनौती
एथलेटिक्स में मध्यप्रदेश के कुलदीप कुमार और देव कुमार मीणा का चयन पोल वॉल्ट स्पर्धा के लिए हुआ है।दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने के बाद अब एशियाई खेलों के अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भारत की चुनौती पेश करेंगे। मध्यप्रदेश के लिए यह गौरव की बात है कि प्रदेश के दो खिलाड़ी एक ही स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

महिला क्रिकेट में मध्यप्रदेश की मौजूदगी क्रांति गोड भारतीय टीम का हिस्सा
महिला क्रिकेट में मध्यप्रदेश की क्रांति देवी गोड भारतीय टीम के साथ एशियाई खेलों में हिस्सा लेंगी। एशियाई खेलों में क्रिकेट को टी-20 प्रारूप में शामिल किया गया है। एशिया में क्रिकेट की लोकप्रियता को देखते हुए इस स्पर्धा पर देशभर के खेलप्रेमियों की विशेष नजर रहेगी।

कैनो स्लालम में पांच खिलाड़ी दिखाएंगे हुनर
कैनो स्लालम में मध्यप्रदेश के शिखा चौहान, पल्लवी जगताप, हितेश केवट, रीना सेन और प्रधुम्न सिंह चयनित हुए हैं। शिखा चौहान और हितेश केवट कयाक क्रॉस स्पर्धा में, जबकि पल्लवी जगताप, रीना सेन और प्रधुम्न सिंह कैनो एकल स्पर्धा में भारत की चुनौती पेश करेंगे। मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों की कैनो और जल खेलों में लगातार मजबूत होती मौजूदगी प्रदेश की खेल अकादमियों में उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है।

कैनो स्प्रिंट में भी प्रदेश की दावेदारी पुरोहित बारोयी कयाक युगल 500 मीटर में उतरेंगे
कैनो स्प्रिंट में पुरोहित बारोयी का चयन कयाक युगल 500 मीटर टीम स्पर्धा के लिए हुआ है।वे टीम के साथ भारत के लिए पदक की चुनौती पेश करेंगे। जल खेलों में मध्यप्रदेश की लगातार बढ़ती उपलब्धियां प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के लिए नई संभावनाएं खोल रही हैं।

हॉकी में मध्यप्रदेश का मजबूत प्रतिनिधित्व,पुरुष और महिला दोनों टीमों में प्रदेश के खिलाड़ी
भारतीय हॉकी में मध्यप्रदेश की प्रतिभाओं की मजबूत मौजूदगी एक बार फिर देखने को मिलेगी। पुरुष हॉकी टीम में विवेक सागर प्रसाद और नीलकांता शर्मा का चयन हुआ है। वहीं महिला हॉकी टीम में ईशिका चौधरी, बिच्छू देवी और सुशीला चानू भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

एशियाई खेलों में हॉकी भारत की प्रमुख पदक संभावनाओं में शामिल है। मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों का अनुभव और प्रदर्शन भारतीय टीम के अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

जूडो में यामिनी मौर्य से पदक की उम्मीद
मध्यप्रदेश की यामिनी मौर्य महिला 57 किलोग्राम भारवर्ग की जूडो स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।यामिनी का चयन मध्यप्रदेश की जूडो अकादमी के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि है। प्रदेश में जूडो खिलाड़ियों को मिल रहे प्रशिक्षण और सुविधाओं से तैयार प्रतिभाएं अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना रही हैं।

रोइंग में तीन खिलाड़ी संभालेंगी जिम्मेदारी
रोइंग में मध्यप्रदेश की पूनम, गुरवानी कौर और अंशिका भारती का चयन हुआ है।गुरवानी कौर महिला चार सदस्यीय टीम स्पर्धा और अंशिका भारती महिला चार सदस्यीय स्कल्स स्पर्धा में भारत की चुनौती का हिस्सा होंगी।रोइंग में प्रदेश के खिलाड़ियों का एशियाई खेलों तक पहुंचना मध्यप्रदेश में विकसित हो रहे जल खेलों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

सेलिंग में मध्यप्रदेश की सात प्रतिभाएं
सेलिंग में मध्यप्रदेश की सबसे मजबूत मौजूदगी देखने को मिलेगी। इस खेल में प्रदेश के हर्षिता तोमर, शीतल वर्मा, माही वर्मा, श्रद्धा वर्मा, मनु फ्रांसिस, प्रिन्स और रविन्द्र कुमार शर्मा का चयन हुआ है।इन खिलाड़ियों का चयन विभिन्न सेलिंग स्पर्धाओं के लिए हुआ है, जिनमें 49 ईआर एफएक्स वर्ग, आईएलसीए-4, 470 मिश्रित वर्ग और 49 ईआर वर्ग शामिल हैं। मध्यप्रदेश लंबे समय से सेलिंग में राष्ट्रीय स्तर की प्रतिभाओं को तैयार करता रहा है। भोपाल की जल खेल अकादमी से निकलने वाले खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।

 

More From Author

जल एवं ताप विद्युत गृहों की अंतर्राष्ट्रीय मानकों के तहत विकसित होंगी प्रणालियां

किसानों को आधुनिक तकनीक का लाभ दिलाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13967/1

RO No. 13944/210

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.