डोसे से अलग है ये देसी नाश्ता, 5 दालों से बनाएं महाराष्ट्रीयन दाल अंबोली; जानें रेसिपी

 रोज-रोज नाश्ते में पोहा, पराठा और डोसा खाकर अगर आप भी बोर हो चुके हैं, तो इस बार कुछ बिल्कुल अलग ट्राई कर सकते हैं. खास बात ये है कि ये रेसिपी बिल्कुल देसी है. हम बात कर रहे हैं दाल अंबोली की. शेफ संजीव कपूर की बताई दाल अंबोली मशहूर महाराष्ट्रीयन डिश है, जो स्वाद में लाजवाब होने के साथ बनाने में भी काफी दिलचस्प है. महाराष्ट्र की इस खास डिश में एक-दो नहीं बल्कि कई तरह की दालों का इस्तेमाल किया जाता है. इसके बैटर में छाछ, चावल, पोहा, मेथी और अलसी के बीज भी डाले जाते हैं. ये सभी चीजें इसे प्रोटीन से भरपूर नाश्ता भी बनाती हैं.

खास बात ये है कि दाल अंबोली दिखने में डोसे जैसी जरूर लग सकती है, लेकिन इसका स्वाद और बैटर नॉर्मल डोसे से काफी अलग होता है. अगर आप घर के नाश्ते में कुछ नया और देसी स्वाद वाला बनाना चाहते हैं, तो संजीव कपूर की ये रेसिपी जरूर ट्राई कर सकते हैं.

क्या होती है दाल अंबोली?
दाल अंबोली महाराष्ट्र की पारंपरिक डिश है, जिसे दाल और चावल को मिक्स करके तैयार किया जाता है. इसका बैटर तैयार करने के लिए कई तरह की दालों को चावल के साथ भिगोया जाता है और फिर पीसकर फर्मेंट किया जाता है. बैटर में छाछ का इस्तेमाल इसे हल्का खट्टा स्वाद देता है.

इसे तवे पर फैलाकर पकाया जाता है, जिससे बाहर से हल्की कुरकुरी और अंदर से नरम अंबोली तैयार होती है. इसे नाश्ते या स्नैक के तौर पर चटनी के साथ खाया जा सकता है.

दाल अंबोली के लिए इंग्रेडिएंट्स
    1 कप शॉर्ट ग्रेन चावल
    1/4 कप पोहा
    1/4 कप तूर दाल
    1/4 कप छिलके वाली मूंग दाल
    1/4 कप मूंग दाल
    1/4 कप चना दाल
    1/4 कप मसूर दाल
    1 बड़ा चम्मच अलसी के बीज
    2 छोटे चम्मच मेथी दाना
    4 कप छाछ
    स्वादानुसार नमक
    बारीक कटा प्याज
    जरूरत के अनुसार तेल

बनाने का तरीका:
1.
दाल अंबोली बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बाउल में चावल, पोहा, तूर दाल, छिलके वाली मूंग दाल, मूंग दाल, चना दाल, मसूर दाल, अलसी के बीज और मेथी दाना डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह धो लें.

2. अब इसमें करीब 4 कप छाछ डालकर अच्छी तरह मिलाएं और इसे 6-8 घंटे के लिए भिगोकर रख दें. इससे चावल और दालें अच्छी तरह नरम हो जाएंगी और इन्हें पीसना आसान होगा.

3. भीगी हुई दाल और चावल के मिश्रण को ग्राइंडर में डालें. जरूरत के अनुसार छाछ डालकर इसे अच्छी तरह पीस लें. बैटर न ज्यादा मोटा हो और न ही बहुत पतला.

4. अब तैयार बैटर को एक बड़े बाउल में निकालें और बची हुई छाछ डालकर अच्छी तरह मिला लें. बाउल को ढककर बैटर को करीब 8-10 घंटे के लिए फर्मेंट होने दें.

5. फर्मेंट होने के बाद बैटर में स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब आपकी दाल अंबोली बनाने के लिए बैटर तैयार है.

6. दाल अंबोली बनाने के लिए तवा गर्म करें. तवे पर थोड़ा तेल लगाएं और जरूरत हो तो बारीक कटे प्याज से तवे को हल्का रगड़ लें.

7. अब एक कलछी बैटर तवे पर डालें और इसे गोल आकार में हल्का फैलाएं. इसे बहुत ज्यादा पतला करने की जरूरत नहीं है. किनारों पर थोड़ा तेल डालें और मध्यम आंच पर करीब 3-4 मिनट तक पकाएं.

8. जब नीचे की तरफ से अंबोली सुनहरी और हल्की कुरकुरी हो जाए, तो इसे पलट दें. दूसरी तरफ भी 2-3 मिनट तक पकाएं. इसी तरह पूरे बैटर से अंबोली तैयार कर लें.

9. गरमा-गरम दाल अंबोली को प्लेट में निकालें और नारियल की चटनी या अपनी पसंद की चटनी के साथ सर्व करें. कई तरह की दालों से बनी ये महाराष्ट्रीयन डिश नाश्ते में कुछ अलग खाने की इच्छा को पूरा कर सकती है.

More From Author

बालों का झड़ना और डैंड्रफ होगा कम? घर पर बनाएं रीठा-आंवला-शिकाकाई का नेचुरल शैंपू

कृष्ण जन्मोत्सव के लिए सजकर तैयार मथुरा, लाखों श्रद्धालु पहुंचे; चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13997/202

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.