वेस्ट जोन बैडमिंटन में मध्यप्रदेश का जलवा, राज्य अकादमी ने जीते 2 रजत और 3 कांस्य-रजत पदक

वेस्ट जोन बैडमिंटन में मध्यप्रदेश राज्य बैडमिंटन अकादमी का दमदार प्रदर्शन

दो टीम स्पर्धाओं में रजत, तीन व्यक्तिगत स्पर्धाओं में कांस्य-रजत पदक
U-19 और मेंस टीम इवेंट में उपविजेता बना मध्यप्रदेश

भोपाल

योनेक्स सनराइज वेस्ट जोन इंटर स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न टीम एवं व्यक्तिगत स्पर्धाओं में पदक अर्जित किए। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा और राज्य ने ओवरऑल द्वितीय स्थान हासिल किया।

U-19 बॉयज टीम और मेंस टीम इवेंट में सिल्वर

प्रतियोगिता के U-19 बॉयज टीम इवेंट में मध्यप्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। वहीं मेंस टीम इवेंट में भी मध्यप्रदेश की टीम ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। दोनों ही टीम स्पर्धाओं के फाइनल में मध्यप्रदेश को महाराष्ट्र के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा।

U-19 बॉयज डबल्स में रु्द्र प्रताप और नैवेद्य की जोड़ी उपविजेता

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में मध्यप्रदेश के रुद्र प्रताप ठाकुर और नैवेद्य टोंडे की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए U-19 बॉयज डबल्स में रजत पदक जीता। दोनों खिलाड़ियों ने मेंस डबल्स (MD) इवेंट में भी सिल्वर मेडल हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।

महिला खिलाड़ियों का भी शानदार प्रदर्शन

U-19 गर्ल्स टीम इवेंट में मध्यप्रदेश ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं वुमेंस टीम इवेंट में भी मध्यप्रदेश की टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में U-19 गर्ल्स डबल्स में पाखी गुप्ता और संस्कृति अग्रवाल की जोड़ी ने कांस्य पदक जीता। U-19 गर्ल्स सिंगल्स में पाखी गुप्ता ने क्वार्टर फाइनल तक पहुंचकर प्रभावी प्रदर्शन किया। वुमेंस डबल्स में अशिता और स्वाति सोलंकी की जोड़ी ने कांस्य पदक अर्जित किया।

मध्यप्रदेश राज्य खेल अकादमी के खिलाड़ियों ने भी बढ़ाया मान

प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश राज्य खेल अकादमी के खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। U-19 बॉयज टीम एवं मेंस टीम में रुद्र प्रताप ठाकुर, मृदुल बिरयानी और अगद बावेजा ने मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। U-19 गर्ल्स टीम में संस्कृति अग्रवाल और पाखी गुप्ता तथा वुमेंस टीम में अशिता दुबे, पाखी गुप्ता और संस्कृति अग्रवाल ने प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया।

खेल मंत्री सारंग ने दी खिलाड़ियों को बधाई

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने योनेक्स सनराइज वेस्ट जोन इंटर स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 में प्रदेश के खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और पदक उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगी स्टाफ को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

मंत्री सारंग ने कहा कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी निरंतर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

अंतर्राष्ट्रीय अनुभव वाले कोचों के मार्गदर्शन में तैयार हो रहे खिलाड़ी

मध्यप्रदेश राज्य बैडमिंटन अकादमी के खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय अनुभव वाले प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उच्चस्तरीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अकादमी के खिलाड़ियों को कोच अगुस द्वी सैंटोसो (Agus Dwi Santoso) और कोच सोफियान (Sofian) के अनुभव का लाभ मिल रहा है।

अगुस द्वी सैंटोसो लंबे समय तक इंडोनेशिया और कोरिया की राष्ट्रीय टीमों के साथ कोच के रूप में कार्य कर चुके हैं। उनके प्रशिक्षण में खिलाड़ियों ने ओलंपिक, एशियन गेम्स, वर्ल्ड चैंपियनशिप, थॉमस कप और सुदीरमन कप जैसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

वहीं कोच सोफियान को भारत और इंडोनेशिया में बैडमिंटन प्रशिक्षण का लंबा अनुभव है। उन्होंने वर्ष 2003 से इंडोनेशिया में विभिन्न बैडमिंटन अकादमियों में कोचिंग की तथा वर्ष 2017 से भारत में विभिन्न अकादमियों में हेड कोच के रूप में सेवाएं दीं। वर्ष 2023 से वे बेंगलुरु स्थित लेवल अप स्पोर्ट्स में हेड कोच के रूप में कार्यरत हैं।

कोच सोफियान के मार्गदर्शन में प्रशिक्षित खिलाड़ियों ने ऑल इंडिया जूनियर एवं सब-जूनियर रैंकिंग प्रतियोगिताओं, राष्ट्रीय चैंपियनशिप तथा अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक हासिल किए हैं। उनके प्रशिक्षित खिलाड़ियों की उपलब्धियों में जूनियर एवं सब-जूनियर वर्ग के कई राष्ट्रीय विजेता और पदक विजेता शामिल हैं।

अंतर्राष्ट्रीय प्रशिक्षण का प्रदेश के खिलाड़ियों को मिल रहा लाभ

अंतर्राष्ट्रीय अनुभव वाले प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों के प्रदर्शन में निरंतर निखार देखने को मिल रहा है। वर्ष 2025 में अकादमी के खिलाड़ियों को तीन माह का एडवांस प्रशिक्षण सपोर्ट दिए जाने के बाद खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं।

अकादमी के खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक अर्जित किए। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों ने पदक हासिल किए। अगस्त 2026 में ग्वालियर में आयोजित सीनियर स्टेट प्रतियोगिता में अकादमी के खिलाड़ियों ने चैंपियनशिप हासिल की, जिसके बाद इन खिलाड़ियों ने बिलासपुर में आयोजित वेस्ट जोन प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और मध्यप्रदेश को द्वितीय स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

 

More From Author

सप्ताह के पहले कारोबारी दिन बाजार में गिरावट, सेंसेक्स-निफ्टी ओपनिंग के साथ लुढ़के

तीजा हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति का पावन पर्व, इसमें मातृशक्ति के प्रेम, आस्था और परिवार की खुशहाली की कामना समाहित : मुख्यमंत्री साय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13997/202

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.