मिशन-2027 के लिए BJP का सामाजिक समीकरण, जया पाल समेत कई नेताओं को संगठन में अहम पद

लखनऊ
भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को मोर्चों की प्रदेश टीम का ऐलान कर दिया। इसमें महिला मोर्चा, किसान मोर्चा और अनुसूचित मोर्चा शामिल है। ओबीसी मोर्चा, महिला मोर्चा व अनुसूचित मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष भी घोषित कर दिए गए हैं। 24 फरवरी 2023 को जिस उमेश पाल की हत्या ने देशभर की सुर्खियां बटोरी थी, उनकी पत्नी जया पाल को भाजपा ने ओबीसी मोर्चा का प्रदेश मंत्री बनाया है।

उनके अलावा पूजा बिंद को भी ओबीसी मोर्चा की प्रदेश मंत्री जबकि महिला आयोग की पूर्व सदस्य अनीता सिंह को महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री की कमान सौंपी गई है। उमेश पाल की पत्नी जया पाल पिछले कई महीनों से संगठन में सक्रिय भूमिका में हैं, जिसको देखते हुए और जातीय समीकरण को साधते हुए उन्हें ओबीसी मोर्चा की प्रदेश टीम में स्थान मिला।

ओबीसी मोर्चा की प्रदेश टीम में जगह बनाने वालीं नैनी की पूजा बिंद इससे पहले प्रांतीय परिषद व संगठन के विभिन्न अभियानों में सक्रिय भागीदारी कर चुकी हैं। महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री अनीता सिंह पूर्व में महिला मोर्चा काशी क्षेत्र की अध्यक्ष रह चुकी हैं। तीनों नेत्रियों के मनोनयन पर भाजपा काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, ओबीसी मोर्चा महानगर प्रभारी मनोज कुशवाहा, डॉ. शैलेश पांडेय, आनंद सोनकर, अनुज कुशवाहा, विजय श्रीवास्तव, पवन श्रीवास्तव आदि ने बधाई दी।

भाजपा ने साधे सामाजिक समीकरण
भाजपा ने मिशन-2027 के लिए विभिन्न मोर्चों के जरिए सामाजिक समीकरण साधने का प्रयास किया है। ओबीसी, किसान और महिला मोर्चा में अगड़ी-पिछड़ी के साथ ही दलितों को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है। कुर्मियों में पैठ बढ़ाने के लिए कई पदाधिकारी प्रदेश टीम में शामिल करने के साथ ही क्षेत्रीय अध्यक्ष का जिम्मा भी दिया गया है। इसके अलावा लोध, जाट, गुर्जर, मौर्य, शाक्य, सैनी, कुशवाह, बिंद, निषाद, पाल, साहू, विश्वकर्मा, राजभर सहित अन्य पिछड़ी जातियों के चेहरों को पदाधिकारी बनाया गया है। अनुसूचित मोर्चा में जाटव, पासी, कोरी सहित दलित वर्ग की विभिन्न जातियों को भागीदारी दी गई है।

महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाह द्वारा घोषित टीम में 12 प्रदेश उपाध्यक्ष, दो प्रदेश महामंत्री और 11 प्रदेश मंत्री बनाए गए हैं जबकि अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक रावत द्वारा घोषित टीम में 12 उपाध्यक्ष, चार प्रदेश महामंत्री और 11 प्रदेश मंत्री बनाए गए हैं। वहीं किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चौधरी की टीम में 12 उपाध्यक्ष, चार महामंत्री और 11 मंत्री बनाए गए हैं। इसके अलावा कोषाध्यक्ष, सह कोषाध्यक्ष, प्रदेश मीडिया और सोशल मीडिया के संयोजक-सह संयोजक के अलावा शोध विभाग के प्रमुख और सह प्रमुख घोषित किए गए हैं।

More From Author

रोज-रोज बेसन का चीला खाकर हैं बोर? ट्राई करें पालक चीला, स्वाद के साथ सेहत भी होगी दुरुस्त

पितृ पक्ष में सपने में दिखें पूर्वज तो समझें खास संकेत! हंसते, रोते या भोजन मांगते दिखें तो जानें मतलब

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13997/202

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.