100 फीट चौड़ी होगी न्यू सांगानेर रोड, JDA ने शुरू की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई

जयपुर
जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने न्यू सांगानेर रोड को 100 फीट चौड़ा करने की कवायद तेज कर दी है। जेडीए ने सोमवार को न्यू सांगानेर रोड पर करीब 260 मकान और दुकानों से अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस जाब्ता तैनात रहा और यातायात को डायवर्ट किया गया। बता दें कि गुर्जर की थड़ी चौराहे से सोडाला तिराहे तक करीब 3 किलोमीटर एरिया में अवैध निर्माण हटाए जाएंगे।

जेडीए की टीम ने पहले चरण में गुर्जर की थड़ी चौराहे से लजीज रेस्टोरेंट तक करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया। दुकानों के बाहर बने रैंप, चबूतरे, फुटपाथ, सीढ़ियां, टिनशेड और बाउंड्रीवॉल हटाई गईं। एक दुकान की टिनशेड हटाने के दौरान व्यापारी अंदर ही खड़ा रहा।

मौके पर मौजूद पुलिस
जेडीए अधिकारियों ने उसे बाहर निकलने के लिए कहा। लेकिन, जब वह नहीं माना तो उसे पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया। वहीं, कई व्यापारियों ने कार्रवाई से पहले खुद ही निर्माण हटाना शुरू कर दिया था। हालांकि कुछ व्यापारियों ने त्योहार के समय कार्रवाई का विरोध करते हुए कारोबार प्रभावित होने की बात कही है।

जेडीए के अनुसार न्यू सांगानेर रोड की चौड़ाई कई जगह अवैध निर्माण के कारण 40 से 60 फीट तक रह गई है, जबकि यह सड़क 100 फीट चौड़ी है। राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश के बाद सड़क को निर्धारित चौड़ाई में लाने की कार्रवाई की जा रही है। जेडीए को 6 अक्टूबर को कोर्ट में कार्रवाई की पालना रिपोर्ट पेश करनी है।

विधायक ​गोपाल शर्मा भी मौके पर मौजूद
अतिक्रमण के खिलाफ हो रही कार्रवाई को देखने के लिए स्थानीय विधायक गोपाल शर्मा भी समर्थकों के साथ मौके पर मौजूद हैं। इस मामले में बीजेपी विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि गुर्जर की थड़ी के 1 किमी के दायरे में सड़क पर हुए अवैध कब्ज़े के खिलाफ जेडीए की यह कार्रवाई की जा रही है। जेडीए यह कार्रवाई राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार कर रहा है। लेकिन, समस्या तब पैदा होती है जब लोगों के पास पहले से ही 40 साल पुराने कानूनी कागज़ात हों। उन्होंने कहा कि सीमांकन में बड़ी गलतियां हुई हैं और इसके सबूत सरकार को सौंपे जा चुके हैं। जब हाईकोर्ट में सुनवाई की तारीख नजदीक आती है, तभी जेडीए कार्रवाई शुरू करता है

इससे पहले जेडीए ने पिछले रविवार को न्यू सांगानेर रोड पर लाल निशान दीवारों पर लगाए थे। सोडाला चौराहे से गुर्जर की थड़ी तक करीब 2.5 किलोमीटर हिस्से में जेडीए की 5 टीमों ने रोड नापा था। सड़क के दोनों ओर के करीब 260 निर्माण सड़क सीमा क्षेत्र में चिह्नित किए गए थे। मास्टर प्लान में सड़क की चौड़ाई 100 फीट निर्धारित है, जबकि मौके पर कई स्थानों पर सड़क 50 से 60 फीट तक ही है।

More From Author

8 अक्टूबर को गुरु बदलेंगे नक्षत्र, मिथुन-धनु समेत इन 3 राशियों को रहना होगा सावधान

होटल जैसा स्वाद घर पर, लाल मसूर दाल से बनाएं क्रीमी कोफ्ता; रिच ग्रेवी करेगी स्वाद दोगुना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13997/202

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.