मुख्यमंत्री योगी ने सेवा ज्योति यात्रा ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ कार्यक्रम को किया संबोधित

राज्यसभा चुनाव ने बता दिया उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का परिणामः मुख्यमंत्री 

मुख्यमंत्री योगी ने सेवा ज्योति यात्रा ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ कार्यक्रम को किया संबोधित

सीएम ने साधा सपा पर निशाना, बोले-80 फीसदी पर एनडीए और 20 फीसदी पर पीडीए
 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने वर्चुअली सभा को संबोधित किया 

भाजपा के सामान्य कार्यकर्ता ने भारत को दिलाई वैश्विक पहचानः सीएम

पीएम मोदी ने असंभव को बनाया संभवः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

गांव से ग्लोबल तक पहुंची पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन की यात्राः सीएम योगी

पीएम ने दिलाया ‘विकसित भारत-2047’ का संकल्प, सीएम ने रवाना की सेवा ज्योति यात्रा 

लखनऊ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर बुधवार को जीपीओ स्थित पटेल पार्क में सेवा ज्योति यात्रा ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ कार्यक्रम को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी व भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित किया। सीएम ने 'जनसेवा से देशसेवा' प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। कार्यक्रम में सीएम योगी ने परोक्ष रूप से समाजवादी पार्टी पर प्रहार किया। कहाकि राज्यसभा चुनाव ने बता दिया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का परिणाम क्या होने जा रहा है। यह लड़ाई फिर 80-20 की हो गई है। 80 फीसदी एनडीए और 20 फीसदी पीडीए का हिस्सा है। पीडीए का क्या हाल होगा, यह बाद में पता चलेगा। 

भाजपा के सामान्य कार्यकर्ता ने भारत को दिलाई वैश्विक पहचान
मुख्यमंत्री ने कहाकि नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक सेवा के अहर्निश 25 वर्ष पूरे होने पर हर भारतवासी के लिए आज गौरव का दिन है। गुजरात के छोटे से गांव से निकलकर वह भारत को नेतृत्व प्रदान कर रहे हैं। एक सामान्य कार्यकर्ता/ स्वयंसेवक ने वैश्विक स्तर पर देश को नई पहचान दिलाई। सीएम योगी ने बताया कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी जी ने पद व गोपनीयता की शपथ ली थी। उस समय भीषण आपदा के कारण गुजरात में हाहाकार मचा था और देश भर में चिंता का माहौल था तो दूसरी ओर समाज-राष्ट्र विरोधी तत्व अराजकता व अव्यवस्था का तांडव पैदा करना चाहते थे। उन स्थितियों में नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री का पद संभाला था। उन्होंने गुजरात को मॉडल स्टेट के रूप में प्रस्तुत किया। 

सीएम ने उत्तर प्रदेश की महत्ता पर डाला प्रकाश 
सीएम ने कहा कि 12 वर्ष से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को दुनिया के सामने सशक्त व समर्थ देश के रूप में प्रस्तुत किया। भारत के हर नागरिक के मन में विश्वास पैदा करके एक भारत-श्रेष्ठ भारत के रूप में नए भारत के निर्माण में सफलता प्राप्त की। जब मोदी जी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, तब प्रधानमंत्री लखनऊ के सांसद अटल बिहारी वाजपेयी जी थे, आज प्रधानमंत्री मोदी जी उत्तर प्रदेश के वाराणसी से बतौर सांसद देश को नेतृत्व दे रहे हैं। 

गांव से ग्लोबल की है पीएम मोदी की यात्रा
सीएम ने इसे गांव से ग्लोबल की यात्रा बताया, कहाकि इस यात्रा ने प्रत्येक नागरिक के जीवन में परिवर्तन और युवाओं के मन में विश्वास पैदा किया है। हर बहन को सुरक्षा की गारंटी, किसान के जीवन में खुशहाली, नौजवान के सामने रोजगार की संभावनाओं को मजबूत किया है। 

आर्थिक मोर्च पर सफल हुआ भारत, युवाओं के सामर्थ्य को मिल रही नई दिशा 
सीएम ने कहाकि 12 वर्ष पहले भारत बॉटम-5 में गिना जाता था। भारत की गिनती सबसे खराब अर्थव्यवस्था में होती थी। प्रति व्यक्ति आय सबसे कम हुआ करती थी परंतु अब भारत ने आर्थिक मोर्चे पर टॉप-5 में स्थान बनाया है और प्रति व्यक्ति आय को बढ़ाने में भी सफलता प्राप्त की है। भारत में पहले कुछ हजार ही स्टार्टअप होते थे, आज ढाई लाख से अधिक स्टार्टअप हैं। भारत दुनिया में इसकी गूंज सुना रहा है। मिशन रोजगार के तहत नौजवानों के लिए नौकरी, रोजगार व स्वरोजगार है। आत्मविश्वास से भरा युवा देश के लिए कुछ कर गुजरने का सामर्थ्य रखता है। उसकी प्रतिभा देश की ताकत और विश्वास देश का सामर्थ्य है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं के सामर्थ्य को नई दिशा दे रहे हैं। 

भारत में है कनेक्टिविटी का बेहतर नेटवर्क
सीएम ने कहा कि एक समय रेलवे की स्पीड मीटरगेज तक सीमित रह गई थी। इलेक्ट्रिफिकेशन न होने के कारण ठहराव होता था। कोलकाता से दिल्ली पहुंचने में मालगाड़ी को कई दिन लगते थे। एक ही लाइन पर मालगाड़ी व पैसेंजर ट्रेन चलती थी परंतु अब देश में कनेक्टिविटी का बेहतर नेटवर्क है। रेलवे की ब्रॉडगेज, इलेक्ट्रिफिकेशन की सुविधा के साथ ही माल ढुलाई के लिए ईस्टर्न-वेस्टर्न फ्रेट डेडिकेटेड कॉरिडोर है। वंदे भारत, अमृत भारत, नमो भारत की विश्वस्तरीय सुविधा के साथ रेलवे नित नई ऊंचाई को प्राप्त कर रहा है। सीएम ने एयर कनेक्टिविटी में भी भारत की उड़ान को इंगित किया। कहा कि 1947 के पहले से लेकर 2014 तक जितने एयरपोर्ट थे, आज उससे दोगुने हो गए हैं। हवाई चप्पल पहनने वाला भी अब हवाई जहाज की यात्रा कर रहा है। 

हर हुनरमंद को मिल रहा सम्मान
सीएम ने कहा कि पहले यूपी में एक जिला-एक माफिया सत्ता के समानांतर सत्ता चलाते थे, लेकिन अब एक जिला- एक मेडिकल कॉलेज, एक उत्पाद, एक व्यंजन है। हर हुनरमंद कारीगरों व हस्तशिल्पियों को सम्मान मिल रहा है। सेवा के संकल्प का कार्यक्रम भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहा है। 

कांग्रेस व इंडी गठबंधन की बेईमानी पर प्रहार है डिजिटल इंडिया
सीएम ने कहाकि पहले आवास समेत अन्य सुविधाओं का हाल किसी से छिपा नहीं है। जब जनधन अकाउंट खोले जा रहे थे तो लोग डिजिटल इंडिया का मखौल उड़ाते थे, कहते थे कि अकाउंट खोलकर गरीब का मजाक उड़ाया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस व इंडी गठबंधन की बेईमानी पर प्रहार था। अब डीबीटी के जरिए महिला, किसान, युवा, गरीब, श्रमिक आदि लाभार्थियों के खाते में सीधे पैसा जाता है। 

पीएम मोदी ने असंभव को संभव बनाया
सीएम ने कहा कि पीएम मोदी ने असंभव को संभव बनाया। 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन, रसोई गैस का कनेक्शन, स्टार्टअप का इकोसिस्टम, हाईवे-एक्सप्रेसवे का बेहतरीन नेटवर्क, यूपी में इनलैंड वाटर वे की सुविधा संभव हुई है। पहले एक चिप के लिए दुनिया पर निर्भर रहना पड़ता था, यदि दुनिया ने चिप नहीं दिया तो इलेक्ट्रानिक मैन्युफैक्चरिंग बंद हो जाती थी। अब भारत में सेमीकंडक्टर के 12 से अधिक उद्योग क्रियाशील हैं या निवेश हो रहा है। अब भारत चिप निर्यात के लिए आत्मनिर्भर हो रहा है। 

रक्षा व स्वास्थ्य क्षेत्र में भी समृद्ध हुआ भारत 
सीएम ने कहाकि एक समय भारत रक्षा क्षेत्र में दुनिया पर निर्भर रहता था, लेकिन आज हजारों करोड़ के डिफेंस मैन्युफेक्चरिंग को दुनिया के अन्य देशों में पहुंचा रहा है। एक समय केवल दिल्ली में एम्स था, अटल जी ने इसे छह तक पहुंचाया और मोदी जी ने यह संख्या 23 कर दी। युवाओं के आकांक्षाओं की पूर्ति करने वाले आईआईटी, आईआईएम समेत इमर्जिंग टेक्नोलॉजी का प्रत्येक क्षेत्र मोदी जी के विजन के परिणाम स्वरूप प्राप्त हो रहा है। पीएम मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ को धरातल पर उतारा।  

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद मेधा कुलकर्णी, ब्रजलाल, संजय सेठ, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, विजय बहादुर पाठक, मुकेश शर्मा, लालजी प्रसाद निर्मल, रामचंद्र प्रधान, पवन सिंह चौहान, विधायक पंकज सिंह, नीरज बोरा, योगेश शुक्ला, जय देवी, राजेश्वर सिंह, ओपी श्रीवास्तव, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय मौर्य, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी आदि मौजूद रहे।

इनसेट 

पीएम ने दिलाया ‘विकसित भारत-2047’ का संकल्प, सीएम ने रवाना की सेवा ज्योति यात्रा 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने उद्बोधन के उपरांत वर्चुअली रूप से देशवासियों को ‘विकसित भारत-2047’ का सामूहिक संकल्प दिलाया। वहीं लखनऊ में भाजपा पदाधिकारियों की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मशाल दी गई। इसके पश्चात यह  यात्रा आगे की तरफ प्रस्थान की।

More From Author

Airtel Postpaid यूजर्स को झटका! प्लान हुए ₹50 महंगे, विदेश में मिलेगा फ्री डेटा और कॉलिंग

सड़कों के काम युद्धस्तर पर शुरू करने की तैयारी, PWD ने 4 प्रोजेक्ट को दी मंजूरी; ₹145.28 करोड़ होंगे खर्च

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 14099/197

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.