मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 470 खिलाड़ियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, अब पुलिस की वर्दी में निभाएंगे नई जिम्मेदारी

 लखनऊ
कभी बॉक्सिंग रिंग में प्रतिद्वंद्वी को मात दी तो कभी निशानेबाजी में अचूक निशाना लगाकर पदक जीते। किसी ने हॉकी के मैदान पर पहचान बनाई तो किसी ने तीरंदाजी और एथलेटिक्स में प्रतिभा का लोहा मनवाया। खेल के मैदान में मेहनत से मुकाम हासिल करने वाले ऐसे 470 खिलाड़ी अब उत्तर प्रदेश पुलिस की वर्दी में कानून-व्यवस्था संभालने में योगदान देंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लोक भवन सभागार में आयोजित समारोह में इन्हें नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें 43 उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस, 295 आरक्षी नागरिक पुलिस और 132 आरक्षी पीएसी शामिल हैं।
 
पदक जीतने वाले खिलाड़ी अब संभालेंगे नई जिम्मेदारी
नियुक्ति पाने वालों में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता शामिल हैं। कुशीनगर की बॉक्सर आइस प्रजापति ने नेशनल गेम्स 2024 में स्वर्ण पदक जीता था। मेरठ के निशानेबाज शार्दुल विहान एशियन गेम्स 2018 के रजत पदक विजेता हैं। लखनऊ के हॉकी खिलाड़ी आमिर अली एशियन चैंपियनशिप 2024 और मुरादाबाद के निशानेबाज मोहित पाल नेशनल चैंपियनशिप 2025 के स्वर्ण पदक विजेता हैं। चारों को उपनिरीक्षक बनाया गया है।
 
बॉक्सिंग से तीरंदाजी तक, प्रतिभाओं को मिला अवसर
बैडमिंटन खिलाड़ी हिमांशी तिवारी, कराटे खिलाड़ी प्रणय शर्मा और बॉक्सर अभिषेक यादव को भी उपनिरीक्षक नियुक्त किया गया है। तीरंदाज रागिनी मार्को, एथलीट तान्या चौधरी और वॉलीबॉल खिलाड़ी अनन्या राय को नियुक्ति पत्र मिले हैं। बरेली की भारोत्तोलक सुहानी राजपूत और लखनऊ की साइक्लिस्ट तनु भारती को आरक्षी बनाया गया है। कबड्डी खिलाड़ी अमरेश, हॉकी खिलाड़ी प्रतिमा सरोज और बॉक्सर अभय सिंह राठौर भी नियुक्ति पाने वालों में शामिल हैं।
 
950 खिलाड़ियों को मिल चुकी नौकरी
योगी सरकार की कुशल खिलाड़ी योजना के तहत वर्ष 2022 से अब तक 950 खिलाड़ियों को पुलिस विभाग में नौकरी मिल चुकी है। उत्तर प्रदेश पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड इन खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं भी उपलब्ध करा रहा है, ताकि नौकरी के साथ खेलों में उनका प्रदर्शन जारी रहे।
 
एक लाख सरकारी नौकरियों के महाअभियान में 7,142 को नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक लाख सरकारी नौकरियां देने के महाअभियान के तहत सितंबर से नियुक्ति पत्र वितरण का सिलसिला जारी है। 19 सितंबर को विभिन्न विभागों के 818 चयनित अभ्यर्थियों, 20 सितंबर को 912 पुलिसकर्मियों, 22 सितंबर को 3,567 शिक्षकों और प्रधानाचार्यों तथा 28 सितंबर को 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इन चार कार्यक्रमों में 6,672 युवाओं को नियुक्ति पत्र मिले। आठ अक्टूबर को 470 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र मिलने के बाद इन पांच कार्यक्रमों में नियुक्ति पाने वालों की कुल संख्या 7,142 हो गई है।

More From Author

नगर पालिका एव त्रिस्तरीय पंचायत के आगामी आम/उप निर्वाचन माह दिसम्बर 2026 की तैयारियों को लेकर निर्वाचन आयुक्त ने संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक ली

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 470 खिलाड़ियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, अब पुलिस की वर्दी में निभाएंगे नई जिम्मेदारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 14099/197

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.