नीमच एवं धार में आठ खेतों में अवैध गांजे की खेती का पर्दाफाश, 34 क्विंटल से अधिक गांजे के हरे पौधे जब्त अनुमानित कीमत 5 करोड़ 89 लाख रुपए

भोपाल 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन एवं पुलिस महानिदेशक  कैलाश मकवाणा के निर्देशन में मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की खेती, तस्करी एवं कारोबार के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नीमच एवं धार जिलों में पुलिस ने आठ खेतों में की जा रही गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश किया। कार्रवाई के दौरान 34 क्विंटल गांजे के 52 हजार से अधिक हरे पौधे जब्त किए है। जब्त मादक पदार्थों का अनुमानित मूल्य 5 करोड़ 89 लाख 49 हजार रुपए है। दोनों जिलों में NDPS एक्ट के तहत कुल आठ प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

नीमच- चार खेतों से 2 करोड़ 79 लाख रुपए के गांजे के हरे पौधे जब्त

नीमच जिले में पुलिस अधीक्षक  राजेश व्यास के निर्देशन में 16 अक्टूबर को थाना कुकड़ेश्वर, मनासा एवं रामपुरा के पुलिस बल की चार संयुक्त टीमों ने ड्रोन की सहायता से संदिग्ध क्षेत्रों की हवाई निगरानी की तथा मौके पर पहुंचकर भौतिक रूप से सघन सर्चिंग की। इस दौरान चार अलग-अलग खेतों में पत्थरों की ऊंची घेराबंदी एवं मक्का की फसल की आड़ में गांजे की अवैध खेती किए जाने का पता चला। पुलिस टीमों ने मौके पर कार्रवाई करते हुए 51 हजार हरे गांजे के पौधे, जिनका कुल वजन 27.95 क्विंटल है, जब्त किए। इनकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 79 लाख 50 हजार रुपए है। संबंधित भूमि स्वामियों एवं अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत चार प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

धार में ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत चार खेतों से 3 करोड़ रुपए से अधिक के गांजे के पौधे जब्त

जिले में पुलिस अधीक्षक  सचिन शर्मा के निर्देशन में ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत मनावर पुलिस ने ग्राम बोहारला, चौकी उमरबन क्षेत्र में 16 अक्टूबर को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर तीन पुलिस टीमों ने एक साथ अलग-अलग खेतों में कार्रवाई कर कपास एवं तुअर की फसल के बीच उगाए जा रहे 1,223 हरे गांजे के पौधे, जिनका वजन 1,621.98 किलोग्राम है, जब्त किए। इनकी अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ 43 लाख रुपए है। मामले में NDPS एक्ट की तहत तीन प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

इसी प्रकार ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत धार जिले में एक अन्य कार्रवाई में थाना बाग एवं पुलिस चौकी डेहरी की टीम ने ग्राम कनेरी के बैकल्यापुरा स्थित खेत में गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश किया।

17 अक्टूबर को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खेत में सर्चिंग की। इस दौरान कपास की फसल के बीच अवैध रूप से उगाए गए गांजे के 586 हरे पौधे, जिनका वजन 446.6 किलोग्राम है, जब्त किए। इनकी अनुमानित कीमत 66 लाख 99 हजार रुपए है। आरोपी के विरुद्ध थाना बाग में NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। इस प्रकार धार जिले में दोनों कार्यवाहियों में पुलिस ने 3 करोड़ 9 लाख रुपए के 2068.58 किलोग्राम के 1809 गांजे के हरे पौधे जब्त किए है।

अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्यवाही निरंतर जारी

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की अवैध खेती, भंडारण, परिवहन एवं तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए निरंतर कार्यवाही की जा रही है। दुर्गम एवं वन क्षेत्रों में ड्रोन तकनीक तथा पुलिस बल की प्रत्यक्ष सर्चिंग के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रख मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

मध्यप्रदेश पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि मादक पदार्थों की अवैध खेती, तस्करी एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी निकटतम पुलिस थाने अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें। मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान को सफल बनाने में पुलिस का सहयोग करें।

 

More From Author

मंडल की इकलौती महिला बस चालक रोज लगाती हैं अलीगढ़ से नोएडा के बीच चार चक्कर

धान की जगह रागी की खेती से दिनेश को मिलेगा 10 हजार रुपये का प्रोत्साहन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 14099/197

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.