मंदिर के गेट पर श्रद्धालुओं को ट्रक ने कुचला, ग्वालियर में 50 लोग घायल

ग्वालियर.

शहर के चीनौर-नयागांव हाईवे स्थित शीतला माता मंदिर रोड पर शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक और वीभत्स हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रहा धान से भरा अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे चल रहे श्रद्धालुओं को रौंदते हुए ढलान पर पलट गया। इस भीषण दुर्घटना में 15 लोगों की मौत हो गई है।

ट्रक के नीचे पचास से अधिक लोग दब गए थे। सुबह 4 बजे तक ट्रामा सेंटर पर एंबुलेंस से शव व घायलों को लाने का क्रम जारी रहा। घटना के बाद से इलाके में कोहराम मचा हुआ है। भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने ट्रक मालिक मोहित सिंह और ड्राइवर दिलबाग दोनों गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार दो ट्रक थे, जिन्हें रास्ता नहीं पता था। वो गूगल मैप के सहारे चल रहे थे। एक ट्रक घाटी पर ही रुक गया, जबकि आगे वाला ट्रक अनियंत्रित हो गया और चार स्टॉपर तोड़ते हुए घुस गया।

मुख्यमंत्री आ सकते हैं ग्वालियर
ग्वालियर के भीषण हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को प्राथमिक रिपोर्ट प्रशासन ने भेज दी है। जांच में बेकाबू ट्रक की फिटनेस और परमिट वैध पाए गए हैं। स्थिति का जायजा लेने मुख्यमंत्री जल्द ग्वालियर आ सकते हैं।

राष्ट्रपति ने हादसे पर जताया दुख
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने एक्स पर ग्वालियर शीतला मंदिर हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि ग्वालियर, मध्य प्रदेश में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

पीएम मोदी ने मुआवजे का किया एलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर ग्वालियर शीतला मंदिर हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिजनों को मुआवजे का एलान किया है। उन्होंने लिखा कि मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुए हादसे में लोगों की जान जाने की खबर से बहुत दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रधानमंत्री ने कहा कि जान गंवाने वालों के परिजनों को PMNRF से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

बेटे की मौत पर महिला ने पुलिस पर लगाए आरोप –
महिला का पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसका 19 साल का बेटा गौरव जिंदा था। उसकी सांसें चल रही थीं, लेकिन पुलिस ने उसे जबरदस्ती पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने को कहा। मैं बेटे को प्राइवेट हॉस्पीटल में ले जाना चाहती थी। दिया। वहां उसका अच्छा इलाज होता। मैं एंबुलेंस में अकेली थी। उसको लेकर हॉस्पीटल जा रही थी, तभी 20 के करीब पुलिस वालों ने एंबुलेंस में डंडे मार-मारकर भगा दिया। मेरे बेटे की मौत के जिम्मेदार ये पुलिस वाले हैं। इलाज में देरी के कारण उसकी जान गई है।

अनियंत्रित ट्रक श्रद्धालुओं पर कहर बनकर टूटा –
शनिवार-रविवार की रात करीब 1.40 बजे एक भारी ट्रक अत्यंत तेज गति से शीतला माता मंदिर रोड की तरफ से गुजर रहा था। रोड की ढलान पर चालक ट्रक से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित हुआ यह वाहन सड़क मार्ग पर पैदल चल रहे श्रद्धालुओं पर कहर बनकर टूटा और उन्हें कुचलते हुए पलट गया। घटना की अचानक हुई इस भीषणता से आसपास के लोग दहल उठे। सूचना मिलते ही एसएसपी धर्मवीर सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश बघेल समेत शहर के कई थानों का पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। मौके से नीचे दबे लोगों से गंभीर घायलों को बाहर निकाला गया। घायलों की हालत को देखते हुए बिना एंबुलेंस के इंतजार कराए एक लोडिंग वाहन में डालकर तुरंत जयारोग्य अस्पताल के ट्रामा सेंटर रवाना किया गया। वहीं एक प्रत्यक्षदर्शी कृणाल चौहान ने बताया कि मैं और मेरे साथी शीतला माता मंदिर पैदल जा रहे थे। अचानक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए और ट्रक जनता को रौंदता हुआ लोगों पर जा गिरा।

हादसे में 15 मृतकों की हुई पहचान –

  • सत्येंद्र गुर्जर पुत्र जगदीश गुर्जर उमर 22 साल निवासी महलगांव ग्वालियर
  • सरला तोमर पत्नी राजेंद्र कुमार 50 साल निवासी हनुमान पहाड़ी राजीव नगर गुड़ा गुड़ी का नाका ग्वालियर
  • गौरव परिहार पुत्र कमलेश परिहार उमर 18 साल निवासी बड़ा गांव खुरेरी ग्वालियर
  • महेश शर्मा पुत्र मातादीन शर्मा उम्र 45 साल निवासी सहसराम गसवानी श्योपुर
  • विमलेश पुत्र बबलू बघेल उमर 18 साल निवासी महागावरा थाना सीहोर जिला शिवपुरी
  • देवेश बघेल पुत्र हरि सिंह बघेल उमर 17 साल निवासी मावटा थाना भितरवार
  • प्रिंस उर्फ छोटू जाटव पुत्र संतोष जाटव उम्र 16 साल निवासी चौहान प्याऊ गल्ला कोठार
  • शौर्य शर्मा पुत्र संजय शर्मा उम्र 15 साल निवासी सहसराम गोस्वामी शिवपुरी
  • हेमंत राठौड़ पुत्र जबर सिंह राठौड़ उमर 21 साल निवासी यादव धर्म कांटा हजीरा ग्वालियर
  • दिव्यांश पुत्र अशोक कुशवाहा उमर 16 साल निवासी महेशपुरा सिकंदर कंपू ग्वालियर

सीएम मोहन यादव ने किया मुआवजे का एलान
""मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने एक्स पर लिखा कि ग्वालियर में हुए ट्रक हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार सभी प्रभावित परिवारों के साथ है। सभी मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रूपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। सभी घायलों का निशुल्क इलाज किया जाएगा। प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर से हैं। मंत्री एदल सिंह कंसाना और राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश भी दिए हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुख सहन करने की शक्ति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।""

सरकार से मुआवजे की मांग
एक स्थानीय निवासी ने कहा कि जब मैंने चारों ओर देखा, तो वहां भारी अफरा-तफरी और कोहराम मचा हुआ था। लोग चीख-पुकार कर रहे थे और घबराहट में अपने परिजनों को ढूंढ रहे थे। लोगों को ट्रक के नीचे फंसा हुआ देखना बेहद दुखद था। जहां तक ​​लापरवाही की बात है, तो यह पूरी तरह से ग्वालियर प्रशासन की लापरवाही का नतीजा है। एक बहुत बड़ी चूक, जिसकी वजह से शीतला माता मंदिर में यह हादसा हुआ। इसने हमारी सनातन आस्था को गहरा आघात पहुंचाया है। लोगों की इस मंदिर में गहरी आस्था है। यह दिल तोड़ने वाला है। मेरी मांग है कि सरकार और मुख्यमंत्री मोहन यादव, जो सनातन धर्म, उज्जैन और मंदिरों की बात करते हैं। वे आज ग्वालियर आएं। शीतला माता मंदिर हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों को मुआवजा दिया जाए। घायलों का मुफ्त इलाज हो। अगर ऐसा नहीं होता है, तो मैं अस्पताल जाकर भूख हड़ताल शुरू कर दूंगा। न्याय मिलना चाहिए। हमारे लोगों के साथ हुए इस अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कलेक्टर रुचिका सिंह ने अस्पताल पहुंचकर हालात की जानकारी ली।

हाइड्रा का आधी रात तक इंतजार –
मौके पर एक हाइड्रा पहुंची लेकिन तकनीकी खराबी से बंद हो गई। इसके बाद एलिवेटेड रोड निर्माण करने वाली एजेंसी से हाइड्रा मांगी गई। खबर लिखे जाने तक दूसरी हाइड्रा मशीन नहीं पहुंच सकी थी।

स्थानीय लोगों का फूटा गुस्सा, लगाया जाम –
घटनास्थल पर इस भयानक हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों और अन्य श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों का आरोप है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और नो-एंट्री के नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन ऐसे खतरे मंडराते रहते हैं। गुस्साई भीड़ ने तुरंत सड़क पर जाम लगा दिया और जमकर हंगामा किया। प्रदर्शन कारियों की मांग थी कि लापरवाह वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई हो और इस रूट पर भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। हंगामे की सूचना मिलते ही शहर के अन्य थानों से भी अतिरिक्त पुलिस बल को तुरंत मौके पर रवाना किया गया, ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके और शांति व्यवस्था कायम की जा सके।

सप्तमी की विशेष मान्यता लगता है मेला
चीनौर रोड स्थित सातऊं गांव में स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर पर शारदीय नवरात्र की सप्तमी की विशेष मान्यता है। ग्रामीण मानते हैं कि सप्तमी के दिन यहां दर्शन करने से संतान सुख और बच्चों की बीमारियों से मुक्ति मिलती है, इसलिए महिलाएं पूजा की थाली, नारियल और बासींड़े का प्रसाद लेकर पहुंचती हैं। ग्वालियर शहर के अलावा डबरा, चीनौर, भितरवार और आसपास के गांवों से भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मेले पर उमड़ी थी।

More From Author

गुलाबी नगरी में गरबा-डांडिया की धूम, लहरिया-बांधनी के रंगों से सजी महारास की शाम

रावण-मेघनाद के साथ कॉकरोच का भी होगा दहन, सफाई अभियान से जोड़ रहे आयोजक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 14099/197

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.