दशहरे पर CM मोहन यादव करेंगे शस्त्र-पूजन, बोले- सुरक्षा और स्वतंत्रता के सम्मान का प्रतीक है परंपरा

सत्य की असत्य पर विजय के प्रतीक विजयादशमी पर्व पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव इंदौर में करेंगे शस्त्र-पूजन

शस्त्र-पूजन सुरक्षा और स्वतंत्रता के प्रति सम्मान का प्रतीक: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
प्रदेशभर में होंगे शस्त्र-पूजन कार्यक्रम— मंत्रीगण होंगे मुख्य अतिथि
संभागायुक्त और कलेक्टरों को निर्देश

भोपाल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि शस्त्र-पूजन भारतीय सेना के पराक्रम, सुरक्षा और स्वतंत्रता के प्रति सम्मान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भगवान श्रीराम के देश में शक्ति के प्रतिमान गढ़े जा रहे हैं। विजयादशमी पर प्रदेशभर में आयोजित शस्त्र-पूजन कार्यक्रमों के आयोजन का उद्देश्य राष्ट्र की सुरक्षा, सैन्य सामर्थ्य और आत्मनिर्भरता के प्रति सम्मान तथा नागरिकों में राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति विश्वास को सुदृढ़ करना है।

विजयादशमी का पर्व सत्य की असत्य पर विजय और शक्ति के अन्याय के विरुद्ध खड़े होने के संकल्प की सार्थकता का प्रतीक है। भारतीय सनातन संस्कृति में शस्त्र-पूजन की परंपरा शक्ति के विवेकपूर्ण उपयोग, निर्बलों की रक्षा, धर्म एवं न्याय की स्थापना और राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति कर्त्तव्यबोध का संदेश देती है। इसी सांस्कृतिक परंपरा और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति सम्मान की भावना को व्यापक रूप से अभिव्यक्त करने के उद्देश्य से राज्य शासन ने प्रदेश में विजयादशमी पर शस्त्र-पूजन कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव 20 अक्टूबर को इंदौर में शस्त्र-पूजन करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ग्वालियर में और वरिष्ठ विधायक हेमंत खंडेलवाल बैतूल में शस्त्र पूजन आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में मंत्रीगण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

शस्त्र-पूजन शक्ति के सदुपयोग और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक

भारतीय परंपरा में शस्त्र-पूजन का महत्व केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है। यह सामरिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। विजयादशमी पर शस्त्रों का पूजन कर शक्ति के सदुपयोग, आत्मरक्षा और अन्याय के प्रतिकार का संकल्प लिया जाता है। यह परंपरा सिखाती है कि शक्ति का उद्देश्य आक्रमण या अत्याचार नहीं, बल्कि समाज, राष्ट्र और निर्बलों की रक्षा करना है।

मान्यता है कि भगवान श्रीराम ने रावण पर विजय प्राप्त करने से पूर्व मां शक्ति की उपासना की और अपने अस्त्र-शस्त्रों का पूजन किया था। महाभारत की परंपरा में भी पांडवों द्वारा अज्ञातवास के दौरान सुरक्षित रखे गए अपने अस्त्र-शस्त्र विजयादशमी पर पुनः प्राप्त कर उनका पूजन करने का उल्लेख मिलता है। भारतीय इतिहास में छत्रपति शिवाजी महाराज सहित अनेक शूरवीर योद्धाओं द्वारा विजयादशमी पर शस्त्र-पूजन और विजय-प्रस्थान की परंपरा रही है।

सनातन संस्कृति में शास्त्र और शस्त्र दोनों का समान महत्व है। शास्त्र ज्ञान, संस्कार और जीवन-मूल्यों का मार्गदर्शन करते हैं, जबकि शस्त्र अन्याय के प्रतिकार तथा समाज और राष्ट्र की रक्षा के साधन हैं। ‘ धर्मो रक्षति रक्षितः’ का भाव भी यही प्रेरणा देता है कि धर्म, न्याय और मानवीय मूल्यों की रक्षा के लिए सामर्थ्य के साथ कर्तव्य का निर्वहन आवश्यक है।

भारतीय सेना के शौर्य और राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति सम्मान

शस्त्र-पूजन की परंपरा भारतीय सेना, पुलिस और सुरक्षा बलों के साहस, अनुशासन तथा राष्ट्ररक्षा के संकल्प से भी जुड़ी है। सीमा पर तैनात सैनिकों का त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण देशवासियों की सुरक्षा का आधार है। विजयादशमी पर शस्त्र-पूजन के माध्यम से राष्ट्र की संप्रभुता, स्वाभिमान और नागरिकों की सुरक्षा के प्रति सम्मान व्यक्त किया जाता है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश शक्ति संपन्न और सामर्थ्यवान बन रहा है। राष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और सैन्य क्षमताओं के आधुनिकीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सशस्त्र बलों की कार्रवाई ने सैन्य कौशल, साहस और राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति संकल्प को प्रदर्शित किया। शस्त्र-पूजन इस भावना को भी पुष्ट करता है कि शांति और सद्भाव की रक्षा के लिए राष्ट्र का सजग, अनुशासित और सामर्थ्यवान होना आवश्यक है।

शक्ति की उपासना से लोकमंगल और राष्ट्रनिर्माण की प्रेरणा

भारतीय संस्कृति में शक्ति की आराधना का उद्देश्य लोकमंगल है। मां दुर्गा की उपासना आत्मबल, साहस, नारी शक्ति के सम्मान और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष की प्रेरणा देती है। शस्त्र-पूजन का मूल संदेश है कि शक्ति मर्यादा और अनुशासन से संचालित हो तथा उसका उपयोग मानवता के कल्याण के लिए किया जाए।

विजयादशमी आत्मचिंतन और आत्मसुधार का अवसर भी है। रावण-दहन के साथ अहंकार, लोभ, भेदभाव और कर्तव्य के प्रति उदासीनता जैसी बुराइयों को त्यागने का संकल्प आवश्यक है। सामाजिक एकता, अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण ही सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की आधारशिला हैं।

जिलों में मंत्रीगण करेंगे शस्त्र-पूजन

राज्य शासन द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित होने वाले शस्त्र-पूजन कार्यक्रमों के लिए मंत्रीगण को मुख्य अतिथि के रूप में नामांकित किया गया है। जिन जिलों में मंत्रीगण कार्यक्रमों में शामिल नहीं होंगे, वहां संबंधित जिले के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक शस्त्र-पूजन करेंगे। कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

राज्य शासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे विजयादशमी पर अपने-अपने घरों में परंपरानुसार शस्त्र-पूजन करें। कार्यक्रमों की समस्त व्यवस्थाएं संबंधित जिले के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा सुनिश्चित की जाएंगी।

 

जिलेवार मुख्य अतिथि

जिला

मुख्य अतिथि

इंदौर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

ग्वालियर

विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर

मंदसौर

उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा

रीवा

उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल

खंडवा

श्री कुंवर विजय शाह, मंत्री

धार

श्री कैलाश विजयवर्गीय, मंत्री

नरसिंहपुर

श्री प्रहलाद सिंह पटेल, मंत्री

जबलपुर

श्री राकेश सिंह, मंत्री

सीहोर

श्री करण सिंह वर्मा, मंत्री

नर्मदापुरम

श्री उदय प्रताप सिंह, मंत्री

मंडला

श्रीमती संपतिया उईके, मंत्री

देवास

श्री तुलसीराम सिलावट, मंत्री

मुरैना

श्री एदल सिंह कंषाना, मंत्री

झाबुआ

सुश्री निर्मला भूरिया, मंत्री

सागर

श्री गोविंद सिंह राजपूत, मंत्री

भोपाल

श्री विश्वास कैलाश सारंग, मंत्री

दतिया

श्री नारायण सिंह कुशवाह, मंत्री

अलीराजपुर

श्री नागर सिंह चौहान, मंत्री

भिंड

श्री राकेश शुक्ला, मंत्री

शाजापुर

श्री इंदर सिंह परमार, मंत्री

विदिशा

श्रीमती कृष्णा गौर, राज्य मंत्री

दमोह

श्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी, राज्य मंत्री

अनूपपुर

श्री दिलीप जायसवाल, राज्य मंत्री

राजगढ़

श्री गौतम टेटवाल, राज्य मंत्री

कटनी

श्री लखन पटेल, राज्य मंत्री

आगर मालवा

श्री नारायण सिंह पवार, राज्य मंत्री

रायसेन

श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, राज्य मंत्री

सतना

श्रीमती प्रतिमा बागरी, राज्य मंत्री

छतरपुर

श्री दिलीप अहिरवार, राज्य मंत्री

सिंगरौली

श्रीमती राधा सिंह, राज्य मंत्री

बैतूल

श्री हेमंत खंडलवाल, वरिष्ठ विधायक

 

 

 

More From Author

उप मुख्यमंत्री ने ग्राम भलपहरी में अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन और प्राथमिक शाला के अतिरिक्त कक्ष का किया लोकार्पण

CG में आज रात ऐतिहासिक खप्पर यात्रा, सुरक्षा के लिए CCTV और ड्रोन तैनात

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 14099/197

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.