मुख्यमंत्री डॉ. यादव 22 अक्टूबर को मुंबई में इंडिया केम-2026 के उद्घाटन सत्र में होंगे शामिल

रसायन एवं पेट्रोकेमिकल उद्योग के मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं को सामने रखने का अवसर

तीन दिवसीय सम्मेलन में वैश्विक निवेश संवाद, तकनीकी विकास और औद्योगिक विस्तार से जुड़े विषयों पर होगा मंथन

भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार, 22 अक्टूबर को मुंबई में होने वाले तीन दिवसीय इंडिया केम 2026 के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। भारत सरकार के रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय तथा फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 14वें द्विवार्षिक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी में रसायन और पेट्रोकेमिकल उद्योग से जुड़े प्रमुख उद्योगपति, निवेशक, विशेषज्ञ और नीति निर्माता शामिल होंगे। इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ओडिशा, गुजरात और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री भी उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस सेक्टर में मध्यप्रदेश में उपलब्ध निवेश के अवसरों ,अधोसंरचना एवं राज्य की नीति को निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों से साझा करेंगे ।

पहले दिन वैश्विक उद्योग जगत के साथ होगा कारोबारी संवाद
इंडिया केम-2026 के पहले दिन उद्घाटन सत्र के बाद प्रदर्शनी का अवलोकन, मुख्य कार्यपालक अधिकारियों का फोरम और कारोबारी नेटवर्किंग के कार्यक्रम होंगे। सम्मेलन में भारत-अमेरिका, भारत-जापान तथा भारत-यूरोपीय संघ के रसायन एवं पेट्रोकेमिकल फोरम आयोजित किए जाएंगे। इन मंचों पर विभिन्न देशों के उद्योग प्रतिनिधियों के बीच व्यापार, औद्योगिक सहयोग और निवेश की संभावनाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। पहले दिन रसायन एवं पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले उद्योगों को पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

विशेष रसायन से लेकर औद्योगिक अधोसंरचना तक पर चर्चा
सम्मेलन के दूसरे दिन, 23 अक्टूबर को विशेष रसायन, पेट्रोकेमिकल, रसायन एवं पेट्रोकेमिकल उद्योग के लिए अधोसंरचना, पर्यावरणीय विषयों, संयंत्र एवं मशीनरी, पंप और वाल्व तथा कृषि रसायन पर केंद्रित परिचर्चाएं होंगी। इन सत्रों में उद्योगों की जरूरतों, उत्पादन प्रक्रियाओं, तकनीकी सुधार और पर्यावरण संबंधी चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। तीसरे दिन, 24 अक्टूबर को भी प्रदर्शनी जारी रहेगी। तीनों दिन आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को क्षेत्र की नई संभावनाओं और व्यावसायिक सहयोग के अवसरों पर संवाद का अवसर मिलेगा।

मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश की संभावनाओं पर रहेगा फोकस
रसायन एवं पेट्रोकेमिकल उद्योग विनिर्माण, औद्योगिक आपूर्ति श्रृंखला और सहायक उद्योगों के विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण क्षेत्र है। इस क्षेत्र में निवेश बढ़ने से उत्पादन गतिविधियों के विस्तार और रोजगार के नए अवसरों की संभावनाएं भी बनती हैं। इंडिया केम-2026 जैसे अंतर्राष्ट्रीय मंच पर उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ संवाद मध्यप्रदेश में रसायन एवं पेट्रोकेमिकल क्षेत्र से संबंधित निवेश अवसरों को सामने रखने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

 

More From Author

साउंडप्रूफ केबिन और लंबी दूरी की उड़ान क्षमता, मध्य प्रदेश को मिला नया बॉम्बार्डियर विमान

स्कूल शिक्षा विभाग में 20 हजार पदों पर जल्द होगी भर्ती

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 14099/197

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.