ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग और खंडवा के बीच नई रेलवे लाइन का जल्द होगा लोकार्पण

भोपाल 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री  अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को वर्चुअली सतना-देवेन्द्र नगर एवं रीवा-चुरहट रेल लाइन का उद्घाटन किया। साथ ही देवेन्द्र नगर-चुरहट ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव धार जिले के सरदारपुर से वर्चुअली कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर नागौद एवं चुरहट रेलवे स्टेशन पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुभारंभ कार्यक्रम को वर्चुअली सम्बोधित करते हुए कहा कि आज विंध्य और बुंदेलखंड के लिए रेलवे की नई सौगात का दिन है। यह रेल परियोजना मध्यप्रदेश को विकास के नए दौर में ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। लगभग 541 किलोमीटर की परियोजना से इस क्षेत्र में रेल नेटवर्क का विस्तार होगा और लंबे समय से रेल कनेक्टिविटी की आवश्यकता महसूस कर रहे क्षेत्रों को लाभ मिलेगा। उन्होंने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश को लगभग 1 लाख 50 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लाभ मिला है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रेल संपर्क बढ़ने से किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। व्यापारिक गतिविधियों का विस्तार होगा और लॉजिस्टिक्स सुविधाएं बेहतर होंगी। विद्यार्थियों सहित आम नागरिकों को आवागमन के लिए बेहतर विकल्प उपलब्ध होंगे। यह रेल परियोजना पन्ना, रीवा, सीधी, सिंगरौली और सतना सहित विंध्य एवं बुंदेलखंड के क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के साथ मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के मध्य संपर्क को भी मजबूत करेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में रेलवे के विस्तार का कार्य तेजी से चल रहा है। वंदे भारत जैसी आधुनिक रेल सेवाएं संचालित हो रही हैं। मध्यप्रदेश में विकास का स्वर्णिम समय चल रहा है। उन्होंने बताया कि ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग-खंडवा रेल लाइन का लोकार्पण भी शीघ्र किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विंध्य और बुंदेलखंड के नागरिकों की ओर से रेल परियोजना की सौगात के लिए प्रधानमंत्री  मोदी तथा केंद्रीय रेल मंत्री  वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया।

केंद्रीय रेल मंत्री  वैष्णव ने कहा कि आज का दिन विंध्य और बुंदेलखंड के लिए नई लाइफ लाइन बनने का दिन है। ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व वाले इन क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इससे क्षेत्र के नागरिकों का वर्षों पुराना सपना पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री  मोदी के नेतृत्व में देश के विभिन्न हिस्सों को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने और रेल सुविधाओं के विस्तार का कार्य किया जा रहा है।

केन्द्रीय रेल मंत्री  वैष्णव ने कहा कि सतना, देवेन्द्र नगर, रीवा और चुरहट सहित आसपास के क्षेत्रों को इस रेल सुविधा का लाभ मिलेगा। बेहतर रेल कनेक्टिविटी से विंध्य और बुंदेलखंड में औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा और क्षेत्र में नए औद्योगिक कॉरिडोर के विकास की संभावनाएं बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि रेल सुविधाओं के विस्तार से चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।

केंद्रीय रेल मंत्री  वैष्णव ने बताया कि मध्यप्रदेश में लगभग 1.50 लाख करोड़ रुपये के रेलवे प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। प्रदेश के विभिन्न रेलवे स्टेशनों के विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए भी कार्य किए जा रहे हैं। खजुराहो, ग्वालियर सहित अनेक स्टेशनों पर विकास कार्य जारी हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मध्यप्रदेश में लंबी और छोटी दूरी की 100 से अधिक रेल सेवाएं शुरू करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। आने वाले वर्षों में कई मेमू रेल गाड़ियां मध्यप्रदेश में प्रारंभ की जाएंगी। केंद्रीय रेल मंत्री  वैष्णव ने कहा कि विश्व धरोहर खजुराहो में भव्य रेलवे स्टेशन बन रहा है। ग्वालियर स्टेशन की भव्यता ऐसी होगी कि कई एयरपोर्ट इससे पीछे नजर आएंगे। आज भारतीय रेलवे देश के नागरिकों के प्रति श्रद्धा और कर्तव्यभाव के साथ अपनी सेवाएं प्रदान कर रही है।

नागौद एवं चुरहट रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रमों में उप मुख्यमंत्री  राजेन्द्र शुक्ल, नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री मती प्रतिमा बागरी, सतना सांसद  गणेश सिंह, रीवा सांसद  जनार्दन मिश्रा, खजुराहो सांसद  विष्णु दत्त शर्मा तथा सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, रेलवे के महाप्रबंधक  दिलीप कुमार और जबलपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक  के.के. तलरेजा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं रेलवे अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

 

More From Author

UP News: नदी कटान रोकने के साथ किसानों की आय बढ़ाएगी बांस की खेती, 200 किसानों को किया गया चिह्नित

Census 2027: महिलाओं को बतानी होगी बच्चों की संख्या, जानें किन 3 सवालों के जवाब देना जरूरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 14099/197

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.