मुख्य सचिव बर्णवाल ने की आर्मी डे परेड की तैयारियों की समीक्षा

शौर्य और गौरवपूर्ण होंगे आर्मी डे परेड सहित अन्य कार्यक्रम

भोपाल
मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने आगामी 15 जनवरी को भोपाल में आर्मी डे परेड के मुख्य आयोजन और इससे पूर्व होने वाले अन्य कार्यक्रमों को शौर्य और गौरवपूर्ण तरीके से मनाने के लिए सभी संबंधित विभाग को उत्कृष्ट व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव बर्णवाल ने बुधवार को मंत्रालय में विभिन्न विभागों के साथ आयोजन स्थलों की व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, आवास, प्रोटोकॉल एवं प्रचार-प्रसार आदि विषयों पर विस्तार से चर्चा की तथा अब तक की गयी तैयारी की जानकारी ली। बैठक में अपर मुख्य सचिव गृह संजय कुमार शुक्ला एवं सामान्य प्रशासन शिवशेखर शुक्ला सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्य सचिव बर्णवाल ने निर्देश दिए कि आर्मी डे परेड के मुख्य आयोजन के लिए भेल स्थित कालीबाड़ी मार्ग पुनरूद्धार और रिसर्फेसिंग सहित विद्युत लाइनों के शिफ्टिंग की कार्रवाई तय समय-सीमा में कर ली जाए। लोक निर्माण विभाग ने आश्वस्त किया कि ये सभी कार्य आगामी 1 दिसंबर तक पूर्ण कर लिए जाएंगे। बैठक में बताया गया कि मुख्य आयोजन के लिए अतिविशिष्ट, विशिष्ट अतिथियों सहित लगभग 45 हजार दर्शकों के लिए बैठक, पेयजल, शौचालय, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा की व्यवस्थाएं किए जाने की योजना बनाकर लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा समन्वय से कार्य प्रारम्भ किया गया है।

सांस्कृतिक कार्यक्रम और एयर-शो
टी.टी नगर स्टेडियम में शौर्य संस्कृति कार्यक्रम तथा भोपाल अपर लेक में होने वाले एयर शो के लिए भी सेना के अधिकारियों से समन्वय कर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मुख्य सचिव बर्णवाल ने निर्देश दिए कि उक्त कार्यक्रमों में यातायात, पार्किंग, प्रवेश, निकास एवं समग्र सुरक्षा व्यवस्था की कार्य-योजना तैयार कर पुलिस आयुक्त भोपाल और ट्रैफिक पुलिस प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करे। मुख्य सचिव ने तीनों कार्यक्रमों के लिए अतिथियों के आवागमन एवं बैठक आदि व्यवस्था के लिए आरक्षित स्थानों की जानकारी ली और बेहतर क्रियान्वयन करने के लिए कहा। एयर-शो के आयोजन को वृहद-स्वरूप देने के लिए आर्मी से समन्वय करने के निर्देश दिए गए हैं।

रिहर्सल के दौरान सुविधाजनक वैकल्पिक मार्ग हों
मुख्य सचिव बर्णवाल ने मुख्य कार्यक्रम स्थल पर एक दिसम्बर से प्रारंभ होने वाली रिहर्सल के चलते नागरिकों और वाहनों आदि के लिए आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्गों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन मार्गों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे नागरिकों को असुविधा न हों। उन्होंने निर्देश दिए कि वैकल्पिक मार्गों का सुधार कार्य करें और आवश्यक संकेत लगाएं, जिससे नागरिकों को बिल्कुल भी असुविधा नहीं हो। बर्णवाल ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मध्यप्रदेश के कार्यों की बेहतर ब्रांडिग के साथ ही सिहंस्थ और प्रदेश के सांची, खजुराहो, भीमबेटका, ओरछा सहित पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रदर्शन किया जाए। कलेक्टर भोपाल ने अब तक किए गए विभिन्न कार्यों एवं आगामी कार्य-योजना का प्रस्तुतिकरण दिया।

 

More From Author

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुए केंद्रीय कैबिनेट के फैसलों पर जताया आभार

मंत्री राकेश सचान ने समयबद्ध आपूर्ति के लिए एसओपी और समझौता ज्ञापन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के दिए निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 14099/197

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.