उप मुख्यमंत्री शुक्ल बोले- स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कटनी, मैहर एवं सतना जिले के नवपदस्थ बांड डॉक्टर्स से किया संवाद

भोपाल
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने भोपाल स्थित निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कटनी, मैहर एवं सतना जिले में पदस्थ नवपदस्थ बांड डॉक्टर्स से संवाद किया। उन्होंने चिकित्सकों को ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और आम नागरिकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को नवपदस्थ बांड डॉक्टर्स को स्वास्थ्य सेवाओं, प्रगतिरत कार्यक्रम एवं जिम्मेदारियों के विधिवत निर्वहन के लिए ओरिएंटेशन प्रदान करने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि चिकित्सक स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। बांड डॉक्टर्स अपने सेवाकाल में पूरी प्रतिबद्धता, संवेदनशीलता एवं सेवाभाव के साथ दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके। उन्होंने चिकित्सकों को शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, जांच सेवाओं, एंबुलेंस एवं रेफरल व्यवस्था तथा शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही एनीमिया मुक्त भारत, टीबी मुक्त भारत, गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच एवं सुरक्षित प्रसव जैसी प्राथमिकताओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

उप मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य संस्थाओं की नियमित निगरानी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा मासिक निरीक्षण तथा विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों द्वारा साप्ताहिक निरीक्षण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन सेवा का प्रभावी उपयोग कर अधिक से अधिक नागरिकों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की सक्रिय सहभागिता, समर्पण और टीम भावना से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। वीसी से कटनी, सतना एवं मैहर के प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य अधिकारी और बांड डॉक्टर्स शामिल हुए।

More From Author

खराब मौसम और बारिश के कारण छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के आज के मुकाबले स्थगित, 30 अक्टूबर को होंगे दोनों मैच

मध्यप्रदेश सुधारात्मक सेवाएं एवं बंदीगृह के परीक्षण एवं सुझाव के लिए समिति गठित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 14099/197

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.