मंत्री सारंग का अधिकारियों को निर्देश, खेड़ापति हनुमान कॉरिडोर को आकर्षक रूप में विकसित करने पर जोर

राजधानी भोपाल के विकास कार्यों को गति देने मंत्री सारंग ने दिए निर्देश

1 से 5 नवंबर तक चलेगा विशेष सफाई अभियान
खेड़ापति हनुमान कॉरिडोर को आकर्षक स्वरूप में करें विकसित

भोपाल 

सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने गुरुवार को मंत्रालय स्थित प्रतीक्षाकक्ष में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर भोपाल में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में लंबित कार्यों के शीघ्र निराकरण, सीवेज कार्यों के बाद सड़कों के व्यवस्थित पुनर्स्थापन, स्वच्छता अभियान और विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मंत्री सारंग ने कहा कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। बैठक में नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

लंबित प्रस्तावों का शीघ्र हो निराकरण

मंत्री सारंग ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में लंबित सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। नगर निगम मुख्यालय स्तर पर लंबित प्रस्तावों का शीघ्र निराकरण कर विकास कार्यों को गति दी जाए, जिससे नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने सीवेज कार्यों के बाद सड़कों एवं संबंधित स्थलों के पुनर्स्थापन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। मंत्री सारंग ने कहा कि सीवेज कार्य पूरा होने के बाद सड़क की स्थिति को व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ववत किया जाना सुनिश्चित किया जाए। इस दिशा में वार्ड क्रमांक 58 में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में कार्य किया जाएगा।

1 से 5 नवंबर तक विशेष सफाई अभियान

भोपाल में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से मंत्री सारंग ने 1 से 5 नवंबर तक विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। अभियान के अंतर्गत जोनवार कार्ययोजना बनाकर व्यवस्थित तरीके से सफाई कराई जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सफाई अभियान को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यकता के अनुसार नगर निगम के अन्य जोन से भी श्रमिकों और मशीनरी का उपयोग किया जाए। इससे उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए सफाई कार्यों को तेजी से पूरा किया जा सकेगा। मंत्री सारंग ने सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कहा कि सफाई कार्य में लगे सभी कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण एवं पूरी सफाई किट उपलब्ध कराई जाए। अभियान के दौरान स्वच्छता के साथ कर्मचारियों की सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।

खेड़ापति हनुमान कॉरिडोर को दिया जाएगा आकर्षक स्वरूप

मंत्री सारंग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खेड़ापति हनुमान कॉरिडोर को आकर्षक, सुव्यवस्थित एवं सुसज्जित स्वरूप में विकसित करने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार की जाए। परियोजना को बेहतर स्वरूप देने के लिए विकास कार्यों की रूपरेखा और समय-सीमा निर्धारित की जाए।

समय-सीमा और गुणवत्ता पर विशेष जोर

मंत्री सारंग ने कहा कि नरेला विधानसभा क्षेत्र में चल रहे सभी विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए। प्रत्येक परियोजना के लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित कर प्रगति की निगरानी की जाए, जिससे कार्य अनावश्यक रूप से लंबित न रहें। मंत्री सारंग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और बेहतर नागरिक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

 

More From Author

कठुआ में फिर बढ़ी सुरक्षा एजेंसियों की चिंता, सैन्य वर्दी-बैग मिलने के बाद घुसपैठ का शक

प्रदेश में आज एक लाख से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों और विभागीय संस्थाओं में चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 14099/197

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.