नागौर में धमाके से दहला बड़ली इलाका, 100 फीट दूर तक वाहनों को नुकसान; मकानों में आई दरारें

नागौर
नागौर शहर के बड़ली क्षेत्र में गुरुवार सुबह बारूद के गोदाम में भीषण विस्फोट हो गया। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर घायल हो गए। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके से आसपास के मकानों की दीवारों में दरारें आ गईं और करीब 100 फीट के दायरे में खड़े वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।

घटना सुबह करीब 9:40 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू के दौरान दो गंभीर घायल युवक भी मिले, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

धमाके से बस के शीशे टूटे, मकानों में आई दरारें
विस्फोट का असर घटनास्थल के आसपास के मकानों और वाहनों पर भी पड़ा। करीब 100 फीट दूर खड़ी एक बस के सभी शीशे टूट गए। आसपास के घरों की दीवारों में दरारें आ गईं। धमाके की तेज आवाज सुनकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर भीड़ को नियंत्रित कर राहत एवं बचाव कार्य जारी रखा।

गोदाम में और मजदूर होने की आशंका
हादसे के समय गोदाम में कितने लोग मौजूद थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। दो युवकों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दो गंभीर घायल मिले हैं। मृतकों की पहचान और विस्फोट के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे घटनास्थल का जायजा ले रही हैं।

पोटेशियम नाइट्रेट मिलाकर तैयार किया जाता है बारूद
स्थानीय लोगों ने बताया कि गोदाम में पोटेशियम नाइट्रेट मिलाकर बारूद तैयार किया जाता था। गोदाम के एक हिस्से में तैयार पटाखों का स्टॉक भी रखा हुआ था। प्रारंभिक जानकारी में गोदाम मालिक का नाम अमीन बताया जा रहा है। बताया गया है कि उसके पास पटाखों का स्थायी लाइसेंस है। हालांकि, लाइसेंस के तहत कितनी मात्रा में पटाखे रखने की अनुमति थी और मौके पर कितना बारूद व विस्फोटक सामग्री रखी थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

More From Author

‘धोखे से कराए सिग्नेचर’ के दावे पर नहीं मिले प्रमाण, सिंधिया परिवार के संपत्ति विवाद में नया मोड़

ऑल इंडिया पेट्रोलियम डीलर वेलफेयर एसोसिएशन में मनोज जैन को मिली बड़ी जिम्मेदारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 14151/1

RO No. 14159/77

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.