इंदौर के स्वच्छता मॉडल से चमका देपालपुर, राष्ट्रीय स्तर पर मिला दूसरा स्थान

इंदौर

स्वच्छता के मामले में देशभर में लगातार अव्वल रहने वाले इंदौर ने अब अपने जोड़ीदार देपालपुर को भी स्वच्छता में देश में दूसरा स्थान दिलाया है। स्वच्छता प्रीमियर लीग में देपालपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। पिछले साल 1710वीं रैंक पर रहने वाले देपालपुर की तस्वीर बदलने के लिए इंदौर नगर निगम की टीम ने सालभर मेहनत की। इसी का नतीजा रहा कि दिल्ली में आयोजित पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देपालपुर नगर परिषद को सम्मानित किया। इंदौर के स्वच्छता मॉडल, बेहतर कचरा प्रबंधन और जनभागीदारी ने देपालपुर को कचरा मुक्त और स्वच्छ शहर बनाने में अहम भूमिका निभाई।

कचरे के पहाड़ किए खत्म
करीब 20 हजार की आबादी वाले देपालपुर में पहले सफाई व्यवस्था ठीक नहीं थी। बनेड़िया के ट्रेंचिंग ग्राउंड में कचरे के पहाड़ जमा हो चुके थे। सबसे पहले इंदौर नगर निगम की टीम ने यहां जमा पुराने कचरे का निपटान किया और खाली जमीन पर ग्रीन फॉरेस्ट विकसित किया। ट्रेंचिंग ग्राउंड पर कचरे के वैज्ञानिक निपटान के लिए व्यवस्था बनाई गई। इसके बाद देपालपुर का नक्शा तैयार कर रूट निर्धारित किए गए और उनके अनुसार डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों की योजना बनाई गई। सबसे बड़ी चुनौती लोगों को जागरूक करना था, ताकि वे गीला और सूखा कचरा अलग-अलग दें। इसके लिए एनजीओ की मदद ली गई और पूरे देपालपुर को 100 प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था से जोड़ा गया।

इंदौर ने बदली देपालपुर की तस्वीर 
स्वच्छता के मामले में इंदौर का अनुभव और उसका सफल मॉडल अब देपालपुर के लिए भी उपलब्धि का आधार बना है। 'स्वच्छ शहर जोड़ी' पहल के तहत दोनों शहरों ने मिलकर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया। इंदौर के मार्गदर्शन और सहयोग से देपालपुर में कचरा प्रबंधन, सफाई व्यवस्था और नागरिक सहभागिता को मजबूत किया गया। इसी संयुक्त प्रयास के लिए इंदौर-देपालपुर की जोड़ी को राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान मिला है।

पेटियों से मुक्त बनाया
पहले देपालपुर में लोग सार्वजनिक कचरा पेटियों में कचरा डालते थे। इसके बाद नगर परिषद के वाहन इसे ट्रेंचिंग ग्राउंड तक पहुंचाते थे। इंदौर नगर निगम की टीम ने शहर से सभी कचरा पेटियां हटाईं और लोगों को 15 हजार से अधिक डस्टबिन वितरित किए। घरों से ही गीला और सूखा कचरा अलग-अलग एकत्रित होने से उसका निपटान आसान हो गया। खुले में कचरा फेंकने की आदत खत्म होने से खाली प्लॉट और सड़कों पर गंदगी कम हुई। इससे सुबह होने वाली सफाई के स्तर में भी सुधार आया।

बैकलेन को बनाया सुंदर
देपालपुर के मोहल्लों की बैकलेन में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। यहां की दीवारों को सजाया गया, जिससे लोगों ने बैकलेन में कचरा फेंकना बंद कर दिया। सड़कों के डिवाइडर और सार्वजनिक स्थानों को वॉल पेंटिंग के जरिए सुंदर बनाया गया। गीले कचरे से खाद बनाने के लिए यूनिट भी स्थापित की गई। सफाई व्यवस्था सुधारने के साथ ही आवारा मवेशियों को भी शहर से हटाकर गोशाला भेजा गया। इससे सड़कों पर पशुओं के कारण होने वाली गंदगी में कमी आई।

जबलपुर ने बड़े शहरों की श्रेणी में मारी बाजी
जबलपुर ने भी स्वच्छता के मोर्चे पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में जबलपुर देशभर में दूसरे स्थान पर रहा। इस सम्मान से शहर की स्वच्छता व्यवस्था और नगर निगम के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिली है।

देवास लगातार दूसरी बार पुरस्कृत
देवास ने भी अपनी उपलब्धि दोहराते हुए लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल किया है। 50 हजार से 3 लाख तक की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देवास को पहला स्थान मिला है। यह उपलब्धि शहर में सफाई, कचरा संग्रहण और प्रबंधन के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।

रीवा को स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन का खिताब
मध्य प्रदेश के रीवा ने स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल किया है। सागर को भी स्वच्छ सर्वेक्षण में राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है। वहीं, 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में सीहोर जिले के बुधनी को तीसरा स्थान मिला है।

 

More From Author

घर में नल से पहुंचा पानी, महिलाओं की बदली जिंदगी; अब परिवार को दे रहीं ज्यादा वक्त

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO NO. 14175/31

RO No. 14151/1

RO No. 14159/77

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.