छत्तीसगढ़ के 3 शहरों को राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित, स्वच्छता में बढ़ाया प्रदेश का मान

स्वच्छता में छत्तीसगढ़ का डंका: तीन शहरों को राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित

सुशासन सरकार के स्वच्छता संकल्प को राष्ट्रीय पहचान; रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयनित

11 नवंबर को दिल्ली के विज्ञान भवन में होगा सम्मान, केंद्रीय मंत्रालय ने सराहे राज्य के स्वच्छता प्रयास

रायपुर
स्वच्छता के राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ने जा रहा है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन शहरों—रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा—को राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चुना गया है। आगामी 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु इन शहरों को सम्मानित करेंगी। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने पत्र भेजकर चयन की जानकारी दी है। प्रदेश के तीन शहरों का एक साथ राष्ट्रीय सम्मान के लिए चयन छत्तीसगढ़ के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

 

राज्य सरकार के स्वच्छता प्रयासों को केंद्र की सराहना भी मिली है। मंत्रालय के सचिव सतेंद्र सिंह ने अपने पत्र में राज्य में स्वच्छता गतिविधियों के संचालन की प्रशंसा करते हुए कहा है कि नागरिकों के साथ मिलकर शहर स्वच्छ भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए प्रदेश के तीन शहरों का चयन सरकार, नगरीय निकायों और नागरिकों के साझा प्रयासों को नई पहचान देने वाला अवसर है।

राजधानी से बिल्हा तक, राष्ट्रीय सम्मान में छत्तीसगढ़ की भागीदारी
पुरस्कारों के लिए चयनित शहरों में राजधानी रायपुर के साथ बिलासपुर और बिल्हा भी शामिल हैं। इस तरह राष्ट्रीय सम्मान के मंच पर प्रदेश की राजधानी के साथ दूसरे शहरों की उपलब्धि भी सामने आएगी। मंत्रालय द्वारा भेजी गई पुरस्कारप्राप्तकर्ता शहरों की सूची में छत्तीसगढ़ के इन तीनों शहरों के नाम शामिल हैं।

स्वच्छ सर्वेक्षण का यह दसवां संस्करण है। ‘स्वच्छता की नई पहल—बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ की थीम पर आयोजित इस सर्वेक्षण में सामूहिक सहभागिता का संदेश केंद्र में रखा गया है। छत्तीसगढ़ के तीन शहरों का चयन इसी साझा जिम्मेदारी को और आगे बढ़ाने की प्रेरणा बनेगा।

सम्मान के मंच पर सफाई मित्रों के योगदान को भी महत्व

स्वच्छता की उपलब्धियों के पीछे काम करने वाले सफाई मित्रों और मैदानी अमले की भागीदारी को भी समारोह में महत्व दिया गया है। मंत्रालय ने राज्य और शहरों के प्रतिनिधिमंडलों में सफाई मित्रों, स्वच्छता निरीक्षकों, पर्यवेक्षकों, अभियंताओं तथा मिशन के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अन्य प्रतिनिधियों को शामिल करने का प्रावधान रखा है। प्रत्येक पुरस्कृत शहर के चार प्रतिनिधि मंच पर पुरस्कार ग्रहण कर सकेंगे।

विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल तथा केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहेंगे। राष्ट्रपति के हाथों प्रदेश के तीन शहरों का सम्मान स्वच्छता से जुड़े निकायों, कर्मचारियों और नागरिकों के लिए राष्ट्रीय गौरव का अवसर होगा।

माननीय मुख्यमंत्री जी की प्रस्तावित बाइट —

“यह छत्तीसगढ़ के श्रम, सहभागिता और स्वच्छता के संकल्प का सम्मान है”
“रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है। राष्ट्रपति के हाथों हमारे शहरों का सम्मान होना प्रदेश के सफाई मित्रों के परिश्रम और नागरिकों की सहभागिता का सम्मान है। हमारी सरकार के लिए स्वच्छता केवल पुरस्कार प्राप्त करने का विषय नहीं, बल्कि नागरिकों को बेहतर जीवन देने की प्रतिबद्धता है। इस उपलब्धि को हम और बेहतर काम करने की प्रेरणा बनाएंगे।”
— विष्णु देव साय, मुख्यमंत्री

 

माननीय उप मुख्यमंत्री जी की प्रस्तावित बाइट —

“तीन शहरों की उपलब्धि बनेगी पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा”
“राष्ट्रीय मंच पर रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का चयन छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों का उत्साह बढ़ाने वाला है। इस उपलब्धि के केंद्र में हमारे सफाई मित्र, निकायों की टीमें और जागरूक नागरिक हैं। हमारा संकल्प है कि स्वच्छता किसी सर्वेक्षण तक सीमित न रहे, बल्कि शहरों के रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा बने। तीन शहरों को मिलने वाला यह सम्मान प्रदेश के प्रत्येक नगरीय निकाय को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।”

— अरुण साव, उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री

More From Author

अब बार-बार चार्जिंग की छुट्टी! Vivo ला रहा 12000mAh बैटरी वाला फोन, जानें क्या होंगी खूबियां

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO NO. 14175/31

RO No. 14151/1

RO No. 14159/77

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.