डूंगरपुर-सागवाड़ा के 45 स्कूलों में 52 व्याख्याताओं की भर्ती, बिना इंटरव्यू होगा चयन

डूंगरपुर
 राजस्थान के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए शिक्षा विभाग ने विद्या संबल योजना के दूसरे चरण की तैयारी शुरू कर दी है। इस बार योजना के दायरे में शहरी क्षेत्र के सरकारी स्कूलों को शामिल किया गया है। इसके तहत कक्षा 11वीं और 12वीं में व्याख्याताओं के रिक्त पदों पर गेस्ट फैकल्टी के रूप में शिक्षकों की अस्थायी नियुक्ति की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को अधिकतम 30 हजार रुपए प्रतिमाह मानदेय मिलेगा।

माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। निकाय चुनाव के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में पहले ही भर्ती प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। हालांकि, जारी निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि पंचायत चुनाव के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू होने से फिलहाल वहां नई नियुक्तियां नहीं की जाएंगी। ऐसे में डूंगरपुर और सागवाड़ा के नगरीय निकाय क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में रिक्त पदों पर ही आवेदन लिए जाएंगे।

इंटरव्यू नहीं, शैक्षणिक योग्यता से होगा चयन
योजना के तहत संबंधित विषय में निर्धारित शैक्षणिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों के साथ 65 वर्ष तक की आयु के सेवानिवृत्त शिक्षक भी आवेदन कर सकेंगे। खास बात यह है कि चयन प्रक्रिया में किसी तरह का इंटरव्यू नहीं होगा। अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता के आधार पर 75 प्रतिशत और बीएड, एमएड जैसी प्रशिक्षण संबंधी योग्यता के आधार पर 25 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। इन्हीं अंकों के आधार पर वरीयता सूची तैयार होगी

चयनित गेस्ट फैकल्टी को प्रति घंटे 400 रुपए के हिसाब से भुगतान किया जाएगा। हालांकि, एक महीने में अधिकतम मानदेय 30 हजार रुपए ही मिलेगा। भुगतान वास्तविक रूप से ली गई कक्षाओं के आधार पर किया जाएगा।

21 नवंबर को जारी होगी विज्ञप्ति, जानें पूरा शेड्यूल
शिक्षा विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 21 नवंबर को रिक्त पदों का विवरण जारी कर विज्ञप्ति प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 23 से 25 नवंबर दोपहर 12 बजे तक आवेदन जमा किए जा सकेंगे। 26 नवंबर को प्राप्त आवेदनों की सूची स्कूल स्तर पर जारी होगी। 27 और 28 नवंबर को अस्थायी वरीयता सूची चस्पा कर आपत्तियां मांगी जाएंगी। आपत्तियों के निस्तारण के बाद 30 नवंबर को अंतिम वरीयता सूची जारी होगी। जिला स्तरीय कमेटी से अनुमोदन के बाद 4 दिसंबर को अस्थायी नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगे।

45 स्कूलों में 52 व्याख्याताओं की जरूरत
डूंगरपुर और सागवाड़ा के शहरी क्षेत्र के 45 सरकारी स्कूलों में व्याख्याताओं के 52 पद रिक्त हैं। इन पदों पर नियुक्तियां होने से कक्षा 11वीं और 12वीं के 7 हजार से अधिक विद्यार्थियों को विषयवार पढ़ाई का लाभ मिल सकेगा। विभाग का उद्देश्य रिक्त पदों के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने से रोकना और बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को बेहतर बनाना है।

ऑफलाइन जमा करना होगा आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन के साथ शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण संबंधी दस्तावेज, आधार कार्ड, मूल निवास और जाति प्रमाण पत्र सहित दो राजपत्रित अधिकारियों के चरित्र प्रमाण पत्र लगाने होंगे। आवेदन संबंधित रिक्त पद वाले स्कूल में स्वयं उपस्थित होकर प्राचार्य अथवा यूसीईईओ के पास जमा कराना होगा।

यह नियुक्ति 31 मार्च 2027 तक अथवा नियमित शिक्षक की नियुक्ति होने तक प्रभावी रहेगी। इस अस्थायी सेवा के आधार पर भविष्य में नियमित नौकरी का दावा नहीं किया जा सकेगा। वहीं अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में अध्यापन के लिए अंग्रेजी माध्यम से उत्तीर्ण होने की निर्धारित शैक्षणिक योग्यता भी जरूरी होगी।

'विद्या संबल योजना के दूसरे चरण में शहरी क्षेत्र के स्कूलों में व्याख्याताओं के रिक्त पदों पर अस्थायी शिक्षक लगाए जाएंगे। इसके लिए गाइडलाइन जारी कर दी गई है।' -हर्षित चौबीसा, एसीडीईओ, डूंगरपुर

 

More From Author

यूपी को मिलेगी बड़ी बिजली सौगात, नेयवेली प्लांट में 660 मेगावाट की नई यूनिट लगाने की तैयारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO NO. 14175/31

RO No. 14151/1

RO No. 14159/77

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.