योगी आदित्यनाथ का विपक्ष पर हमला, बोले- घुसपैठियों के सामने नाक रगड़ने वाले हमें बता रहे घुसपैठिया

घुसपैठियों के सामने नाक रगड़ने वाले देवभूमि के लोगों को बता रहे घुसपैठिया: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

उत्तराखंड महोत्सव 2026 को मुख्यमंत्री योगी ने किया संबोधित

मां गंगा, यमुना, सरयू और राप्ती भी उत्तराखंड से आईं, देवभूमि के लोगों पर अंगुली उठाना संकुचित सोच

उत्तराखंड महापरिषद के आयोजनों के लिए सुरक्षित रहेगा पंडित गोविंद वल्लभ पंत उपवन, नहीं होंगी अन्य गतिविधियां

'वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट' के बाद अब 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन' को बढ़ावा दे रही उत्तर प्रदेश सरकार

मुख्यमंत्री ने किया जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने वालों से सावधान रहने का आह्वान

लखनऊ, 
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया बताने वाले बयान पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जो लोग बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों से गले मिलते हैं, उनके सामने नाक रगड़ते हैं, वही देवभूमि के लोगों के प्रति जहर उगल रहे हैं। उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री पंडित गोविंद वल्लभ पंत भी उत्तराखंड से थे। मां गंगा, यमुना, सरयू, राप्ती और रामगंगा भी उत्तराखंड से ही आती हैं, ऐसे में उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया कहना छोटी सोच और विभाजनकारी मानसिकता का परिचायक है। मुख्यमंत्री बुधवार को लखनऊ के पंडित गोविंद वल्लभ पंत उपवन में आयोजित उत्तराखंड महोत्सव 2026 को संबोधित कर रहे थे।

माफियाओं के लिए आंसू बहाने वालों को देवभूमि का गौरव नहीं दिखता 
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों पर उंगली उठाने वाले देश की रक्षा में उनके योगदान को भूल जाते हैं। उत्तराखंड का नौजवान सीमाओं पर खड़ा होकर यह नहीं देखता कि वह उत्तराखंड की सीमा पर है, अरुणाचल में है या राजस्थान में। उसके लिए देश की सुरक्षा सर्वोपरि होती है। छोटी बुद्धि के लोग महत्वपूर्ण पदों पर पहुंचकर उच्छृंखल व्यवहार करते हैं। ऐसे लोगों को जनता बार बार ठुकराती है। इनकी संवेदना लोक परंपरा, लोक संस्कृति और लोक आस्था से नहीं, बल्कि दुर्दांत माफियाओं से जुड़ी होती है। माफिया के मरने पर ये आंसू बहाते हैं।

देश की रक्षा में उत्तराखंड के योगदान को किया नमन
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी वीर चंद्र सिंह गढ़वाली का उल्लेख करते हुए कहा कि ब्रिटिश शासन में निर्दोष भारतीयों पर गोली चलाने का आदेश मिलने पर उन्होंने साफ इनकार कर दिया था। सजा मिलने के बावजूद उनका साहस नहीं टूटा। उन्होंने देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही वर्तमान सीडीएस जनरल अनिल चौहान और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल का उल्लेख करते हुए कहा कि देवभूमि ने देश को अनेक महान विभूतियां दी हैं। उत्तराखंड के लगभग हर परिवार में सेना के प्रति समर्पण का भाव दिखाई देता है।

उत्तराखंड महापरिषद के लिए सुरक्षित रहेगा पंत उपवन
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड महापरिषद को आश्वस्त किया कि पंडित गोविंद वल्लभ पंत उपवन में उसके आयोजन निर्बाध रूप से चलते रहेंगे। यह स्थल उत्तराखंड से जुड़े कार्यक्रमों के लिए उपलब्ध रहेगा और यहां कोई अन्य गतिविधि नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार उत्तराखंडवासियों के साथ खड़ी है। उन्हें किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री पंडित गोविंद वल्लभ पंत द्वारा स्थापित उत्तराखंड महापरिषद पिछले 78 वर्षों से लखनऊ में उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं, लोक गायन और खानपान को संरक्षित करने का कार्य कर रही है। अवध की संस्कृति और देवभूमि का गौरव इस महोत्सव में एक साथ दिखाई देता है।

उत्तराखंड के व्यंजनों में औषधीय गुण, ब्रांडिंग की जरूरत
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजन प्राकृतिक पोषण और औषधीय गुणों से भरपूर हैं, लेकिन उनकी पर्याप्त ब्रांडिंग नहीं हो सकी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने जब मिलेट को प्रोत्साहित किया तो लोगों ने कोदो और झंगोरा जैसे अनाजों के बारे में जानना शुरू किया। कुल्थ की दाल का स्वाद ऐसा है कि एक बार खाने वाला उसे भूल नहीं सकता। उन्होंने महोत्सव में मड़वा, झंगोरा और चौलाई सहित पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाने की सराहना की। कहा कि उत्तर प्रदेश में 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' के बाद अब 'वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन' यानी 'एक जिला एक व्यंजन' अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। स्थानीय खानपान को पहचान दिलाने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने उत्तराखंड के कलाकारों को मंच देने और नई पीढ़ी को उनसे जोड़ने का आह्वान किया।

विरासत पर गर्व और नागरिक कर्तव्य से बनेगा विकसित भारत
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पंचप्रण का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। अपनी विरासत पर गौरव, गुलामी के प्रतीकों से मुक्ति, सेना और सुरक्षाबलों के प्रति सम्मान, सामाजिक एकता तथा नागरिक कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन ही विकास का आधार है। उत्तराखंड के बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, पंचप्रयाग, कैंची धाम और अन्य तीर्थों की तरह उत्तर प्रदेश के अयोध्या, काशी, मथुरा वृंदावन, प्रयागराज, विंध्यवासिनी धाम और नैमिषारण्य भी हमारी साझा विरासत हैं। जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने वाले तत्वों से सावधान रहना होगा।

पहले अंधेरे में थी अयोध्या, आज जगमगा रही
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों में अयोध्या में अंधेरा और गंदगी रहती थी। आज अयोध्या और काशी जगमगा रही हैं। भव्य दीपोत्सव और दिव्य कुंभ जैसे आयोजन हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश पहले बीमारू राज्य था, अब देश की तीन प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। पहले जिलों में माफियाओं का वर्चस्व था, लेकिन अब उनकी स्थिति बदल चुकी है। ईमानदारी से प्रयास किए जाएं तो विकास का मार्ग खुलता है।

दो विभूतियों को उत्तराखंड गौरव सम्मान
मुख्यमंत्री ने चमोली में जन्मे पद्मश्री सम्मानित वैज्ञानिक प्रोफेसर विजय प्रसाद डिमरी और अल्मोड़ा की प्रसिद्ध लोक गायिका बीना तिवारी को उत्तराखंड गौरव सम्मान से सम्मानित किया। उन्होंने दोनों के वैज्ञानिक, सांस्कृतिक और सामाजिक योगदान की सराहना की। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के विकास में योगदान देने वाले पंडित गोविंद वल्लभ पंत, हेमवती नंदन बहुगुणा और नारायण दत्त तिवारी का भी स्मरण किया। उन्होंने नारायण दत्त तिवारी की जन्मशताब्दी का उल्लेख किया।

उत्तराखंड दर्पण स्मारिका 2026 का विमोचन
महोत्सव के मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य अतिथियों ने उत्तराखंड दर्पण स्मारिका 2026 के विशेषांक 'विकसित भारत श्रेष्ठ भारत' का विमोचन किया। इस अवसर पर स्मारिका के प्रधान संपादक पूरन सिंह जीना भी मौजूद रहे। यह स्मारिका उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की विकास यात्रा तथा सांस्कृतिक उपलब्धियों को संकलित करने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज है।

बाल कलाकारों ने भेंट किया स्मृति चिह्न
कार्यक्रम में उत्तराखंड महापरिषद के बाल लोक कलाकारों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री के संबोधन के उपरांत उनके सामने गुरु गोरखनाथ जागर की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर कलाकारों ने उत्तराखंड की लोकसंस्कृति को दर्शाते लोकगीत एवं नृत्य भी प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधायक ओपी श्रीवास्तव, पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद प्रो. रीता बहुगुणा जोशी, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, कार्यक्रम संयोजक दीवान सिंह अधिकारी, उत्तराखंड महापरिषद के अध्यक्ष हरीश चंद्र पंत, महासचिव भरत सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मंगल सिंह रावत, सचिव राजेश बिष्ट, सलाहकार चंद्रमोहन नौटियाल, भाजपा नेता चेतन बिष्ट और पार्षद उमेश सनवाल सहित बड़ी संख्या में उत्तराखंडवासी उपस्थित रहे।

More From Author

डुप्लीकेट वोटरों की पहचान करने पर मिलेगा पुरस्कार, चुनाव आयोग ने शुरू की खास मुहिम

ऐतिहासिक प्रदर्शन करने वाले ब्रेट रैंडेल को मिला बड़ा मौका, पहली बार कीवी टीम में हुए शामिल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO NO. 14175/31

RO No. 14151/1

RO No. 14159/77

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.