दो नदियों का संगम बना वन्यजीवों का आशियाना, अवैध रेत खनन से बढ़ा खतरा

गुढ़ानाथावतान
बूंदी जिले में प्रकृति और धार्मिक आस्था का ऐसा अनूठा संगम है, जहां स्थानीय लोगों की आस्था वन्यजीवों के लिए सुरक्षा कवच बनी हुई है। घोड़ा पछाड़ और मांगली नदी के संगम पर स्थित यह प्राकृतिक स्थल जलीय जीवों, पक्षियों और अन्य वन्यजीवों का सुरक्षित आश्रय बना हुआ है। दोनों नदियों के मिलने के बाद यह जलधारा आगे कुरेल नदी के नाम से बहती है। संगम स्थल के दोनों किनारों पर शृंग ऋषि का प्राचीन आश्रम और शिव मंदिर स्थित हैं। धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व के चलते आसपास के ग्रामीणों की इस स्थान से गहरी आस्था जुड़ी हुई है। यहां नियमित रूप से श्रद्धालुओं का आना-जाना रहता है। यही आस्था इस क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण का आधार भी बनी हुई है।

संगम के शांत जल और प्राकृतिक परिवेश में बड़ी संख्या में जलीय कछुए और विभिन्न प्रजातियों की मछलियां दिखाई देती हैं। वहीं आसपास के वन क्षेत्र में नीलगाय, राष्ट्रीय पक्षी मोर और स्थानीय व प्रवासी पक्षियों की अनेक प्रजातियां विचरण करती हैं। नदी किनारे की प्राकृतिक वनस्पति इन जीवों को अनुकूल आवास उपलब्ध कराती है।

इस स्थल की खासियत यह है कि स्थानीय लोगों की धार्मिक आस्था और परंपराओं के चलते यहां वन्यजीवों का शिकार नहीं किया जाता। किसी सरकारी अधिसूचना के बिना ही यह क्षेत्र स्थानीय स्तर पर शिकार निषिद्ध क्षेत्र के रूप में पहचान बना चुका है। यहां वन्यजीवों का निडर होकर विचरण इस बात का उदाहरण है कि जनभागीदारी और प्रकृति के प्रति सम्मान से जैव विविधता का संरक्षण संभव है।

रेत खनन से संकट में जलीय जीवों का आश्रय
धार्मिक आस्था के चलते संगम क्षेत्र में वन्यजीवों और जलीय जीवों का शिकार तो रुका है, लेकिन नदी से रेत निकासी पर प्रभावी रोक नहीं होने से अवैध खनन जारी है। नदी में बने बड़े-बड़े गड्ढे और किनारों पर जमा रेत के ढेर लंबे समय से हो रहे खनन की स्थिति बयां कर रहे हैं। खनन से जलीय कछुओं और अन्य जीवों के प्राकृतिक आवास व प्रजनन स्थलों को नुकसान पहुंच रहा है। धार्मिक आस्था से सुरक्षित इस प्राकृतिक धरोहर को बचाने के लिए खनन पर प्रभावी रोक और नियमित निगरानी जरूरी है।

मोर संरक्षण क्षेत्र के रूप में विकसित हो
घोड़ा पछाड़-मांगली संगम स्थित शृंग ऋषि आश्रम राष्ट्रीय पक्षी मोर का भी प्रमुख आश्रय स्थल है। यहां 300 से अधिक मोरों का स्थायी बसेरा बताया जाता है। प्राकृतिक वातावरण और स्थानीय लोगों की आस्था के चलते मोरों को यहां सुरक्षित माहौल मिलता है। पूर्व में वन विभाग की ओर से इस स्थल को मोर संरक्षण केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रस्ताव तैयार किए गए थे, लेकिन अधिकारियों के बदलने के साथ ही ये प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ पाए। यदि इन पर अमल कर क्षेत्र को मोर संरक्षण केंद्र के रूप में विकसित किया जाए तो यह बूंदी जिले में जैव विविधता संरक्षण की महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकती है। घोड़ा पछाड़ और मांगली नदी का यह संगम केवल दो जलधाराओं के मिलने का स्थान नहीं, बल्कि प्रकृति, संस्कृति, आध्यात्मिकता और जैव विविधता के सहअस्तित्व का उदाहरण है। स्थानीय परंपराओं से सुरक्षित
इस प्राकृतिक धरोहर को अवैध खनन से बचाने और संरक्षण के लिए जनजागरूकता बढ़ाने की जरूरत है, ताकि यह विरासत आने वाली पीढिय़ों के लिए भी सुरक्षित रह सके।

More From Author

पराली जलाने के मामले आधे हुए, पंजाब के बाद दूसरे नंबर पर मध्य प्रदेश

नेताजी की जयंती पर अखिलेश ने किया याद, 2027 में यश भारती सम्मान राशि बढ़ाने का वादा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO NO. 14175/31

RO No. 14151/1

RO No. 14159/77

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.