घड़ियाल संरक्षण की नई पहल, चम्बल में तीन चरणों में छोड़े जाएंगे 80 घड़ियाल

जयपुर
चम्बल नदी में घड़ियालों के संरक्षण एवं उनकी प्राकृतिक आबादी को मजबूत बनाने की दिशा में वन विभाग द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। राष्ट्रीय चम्बल घड़ियाल अभयारण्य के पालीघाट में मंगलवार को 20 घड़ियाल हैचलिंग्स को रेडियो/वेरी हाई फ्रीक्वेंसी (VHF) टैग लगाकर उनके प्राकृतिक आवास चम्बल नदी में छोड़ा गया। मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक के.सी.ए. अरुण प्रसाद ने इन हैचलिंग्स को नदी में पुनर्स्थापित किया।

इस अवसर पर मुख्य वन संरक्षक, वन्यजीव एवं क्षेत्र निदेशक, रणथम्भौर बाघ परियोजना शारदा प्रताप सिंह, उप वन संरक्षक एवं उप क्षेत्र निदेशक मानस सिंह सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

तीन चरणों में 80 घड़ियालों के पुनर्वास का लक्ष्य
मुख्य वन संरक्षक, वन्यजीव एवं क्षेत्र निदेशक रणथम्भौर बाघ परियोजना शारदा प्रताप सिंह ने बताया कि यह पहल घड़ियाल पारिस्थितिकी परियोजना के तहत की जा रही है। इस वर्ष कुल 80 घड़ियालों की टैगिंग कर उन्हें तीन चरणों में प्राकृतिक आवास में पुनर्स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके प्रथम चरण में मंगलवार को 20 हैचलिंग्स को चम्बल नदी में छोड़ा गया है। शेष हैचलिंग्स को फरवरी माह के अंत तक नदी में पुनर्स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि रेडियो टेलीमेट्री तकनीक के माध्यम से छोड़े गए घड़ियालों के विचरण क्षेत्र, गतिविधियों, व्यवहार, प्राकृतिक आवास में अनुकूलन एवं उत्तरजीविता का वैज्ञानिक अध्ययन किया जाएगा। इससे घड़ियालों के जीवन-चक्र और चम्बल नदी की पारिस्थितिकी को समझने में मदद मिलेगी। साथ ही भविष्य में इनके संरक्षण के लिए अधिक प्रभावी एवं वैज्ञानिक कार्ययोजना तैयार की जा सकेगी।

वैज्ञानिक देखरेख में हुआ हैचलिंग्स का पालन-पोषण
उप वन संरक्षक मानस सिंह ने बताया कि नवजात घड़ियालों को शुरुआती अवस्था में तेज जल प्रवाह, बाढ़, जंगली जानवरों एवं मछली पकड़ने के जाल जैसी चुनौतियों से सुरक्षित रखने के लिए पालीघाट स्थित रेयरिंग सेंटर में वैज्ञानिक पद्धति से उनका पालन-पोषण किया गया। हैचलिंग्स को अलग-अलग सुरक्षित केबिन में रखा गया तथा उनके प्राकृतिक व्यवहार को बनाए रखने के लिए भोजन में जीवित मछलियां दी गईं।

उन्होंने बताया कि पर्याप्त विकास होने और 75 सेंटीमीटर से अधिक लंबाई प्राप्त करने के बाद इन हैचलिंग्स को प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा रहा है, जिससे उनके जीवित रहने एवं प्राकृतिक वातावरण में अनुकूलन की संभावनाएं बेहतर हो सकें।

आधुनिक सुविधाओं से विकसित हो रहा रेयरिंग सेंटर
राजस्थान वानिकी एवं जैव विविधता विकास परियोजना के तहत पालीघाट स्थित घड़ियाल रेयरिंग सेंटर को आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जा रहा है। यहां विशेष एनक्लोजर, बास्किंग प्लेटफॉर्म, जल फिल्ट्रेशन एवं पम्पिंग सिस्टम तथा सीसीटीवी निगरानी जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इन व्यवस्थाओं से घड़ियालों के शावकों की सुरक्षा, बेहतर देखरेख और वैज्ञानिक निगरानी सुनिश्चित की जा सकेगी।

चम्बल के प्राकृतिक आवास के संरक्षण में जनसहभागिता जरूरी
वन विभाग ने आमजन से चम्बल नदी में कचरा एवं प्लास्टिक नहीं डालने, घड़ियालों के प्रजनन स्थलों से दूरी बनाए रखने तथा वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास में अनावश्यक हस्तक्षेप नहीं करने की अपील की है। विभाग ने कहा कि चम्बल नदी की जैव विविधता एवं पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में जनसहभागिता महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर सहायक वन संरक्षक दिनेश जांगिड़, अजय कुमार, क्षेत्रीय वन अधिकारी पालीघाट किशन सांखला, परियोजना विशेषज्ञ जैलाब्दीन सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

More From Author

सीएम योगी के दौरे से पहले गोंडा में तैयारियां तेज, अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

ट्रंप और जेडी वेंस के दबाव के बाद एनवीडिया CEO लौटे, शेयरों में 30% उछाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO NO. 14175/31

RO No. 14151/1

RO No. 14159/77

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.