फवाद खान-माहिरा खान की वेब सीरीज पर विवाद, भारत में प्रतिबंध लगाने की मांग

 नई दिल्ली

पाकिस्तानी सिनेमा जो लॉलीवुड के नाम से भी जाना जाता है, वो जल्द अपना सबसे बड़ा प्रोजेक्ट नेटफ्लिक्स पर रिलीज कर रहा है. वेब सीरीज जो बचे हैं संग समेट लो कुछ ही दिनों में दुनियाभर में देखी जाएगी. इसमें पाकिस्तान के कई बड़े और नामी कलाकार जैसे माहिरा खान, फवाद खान, हानिया आमिर नजर आने वाले हैं. लेकिन इंडिया में इस शो पर अब बैन का खतरा बना हुआ है। 

ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इस सीरीज की भारत में रिलीज पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की है. नेटफ्लिक्स की इस पाकिस्तानी ओरिजिनल सीरीज का प्रीमियर 4 दिसंबर को होना है. स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने दो दिन पहले ही इस सीरीज का ऐलान किया था. हालांकि, अभी तक नेटफ्लिक्स ने ये साफ नहीं किया है कि इसे भारत में भी स्ट्रीम किया जाएगा या नहीं। 

AICWA ने अपने बयान में क्या कहा?

AICWA ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मांग की है कि इस सीरीज को भारत में रिलीज होने से रोका जाए. संगठन ने सरकार से पाकिस्तानी कंटेंट को लेकर पिछले साल जारी निर्देशों को सख्ती से लागू करने की अपील की है. उन्होंने X पर अपनी मांग रखते हुए लिखा- आतंकवाद को तालियां नहीं मिल सकतीं. देश सबसे पहले आता है। 

संगठन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है कि पाकिस्तानी सीरीज जो बचे हैं संग समेट लो को 4 दिसंबर 2026 को Netflix पर भारत में रिलीज ना होने दिया जाए. अपने बयान में संगठन ने पाकिस्तान को आतंकवादी देश बताते हुए कहा कि उसकी सीरीज, फिल्में, गाने, पॉडकास्ट और दूसरे कंटेंट के लिए भारतीय स्क्रीन पर कोई जगह नहीं होनी चाहिए. AICWA ने आगे कहा कि उन्होंने कड़े से कड़े दंड के प्रावधानों के साथ एक मजबूत और स्थायी कानून बनाने की भी मांग की है. वो नेटफ्लिक्स इंडिया और सभी OTT प्लेटफॉर्म्स से अपील करते हैं कि वो भारत में किसी भी तरह का पाकिस्तानी कंटेंट ना दिखाएं। 

AICWA ने अपनी मांग के समर्थन में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की 8 मई 2025 को जारी एडवाइजरी का हवाला दिया है. ये एडवाइजरी पहलगाम आतंकी हमले के बाद जारी की गई थी. इसमें भारत में काम कर रहे OTT प्लेटफॉर्म्स और डिजिटल माध्यमों को पाकिस्तानी कंटेंट की स्ट्रीमिंग बंद करने का निर्देश दिया गया था। 

संगठन का कहना है कि अगर नेटफ्लिक्स भारत में इस सीरीज को स्ट्रीम करता है, तो ये सरकारी एडवाइजरी की भावना और लोगों की भावनाओं के खिलाफ होगा. AICWA ने केंद्र सरकार से सभी स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर इन दिशानिर्देशों को सख्ती से लागू कराने की मांग की है. साथ ही टीवी, OTT प्लेटफॉर्म्स और सिनेमाघरों में पाकिस्तानी प्रोडक्शन दिखाए जाने पर कार्रवाई के लिए स्थायी कानून बनाने की अपील भी की है। 

क्या है पाकिस्तानी सीरीज की कहानी?

जो बचे हैं संग समेट लो मशहूर लेखिका फरहत इश्तियाक के इसी नाम के बेस्टसेलिंग उर्दू उपन्यास पर आधारित है. ये उपन्यास पहली बार 2009 में खवातीन डाइजेस्ट में धारावाहिक के रूप में प्रकाशित हुआ था. बाद में 2013 में इसे किताब के तौर पर रिलीज किया गया. इस सीरीज में तीन पीढ़ियों की छह प्रेम कहानियां दिखाई जाएंगी. इसका निर्माण मोमिना दुरैद फिल्म्स ने किया है और मोमिना दुरैद ही इसकी शो रनर हैं. सीरीज की शूटिंग पाकिस्तान, इटली और यूनाइटेड किंगडम में हुई है। 

इसमें फवाद खान, माहिरा खान और हानिया आमिर के अलावा अहद रजा मीर, हमजा अली अब्बासी जैसे पाकिस्तानी कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. इनके साथ अहमद अली अकबर, बिलाल अशरफ, माया अली, इक़रा अजीज, खुशाल खान, नादिया जमील, ओमैयर राणा और समीना अहमद भी सीरीज का हिस्सा हैं। 

 

More From Author

बनारस के घाटों का इतिहास जानना हुआ आसान, पसंदीदा भाषा में सुनें रोचक कहानियां

डबल इंजन सरकार शहरों को बना रही आर्थिक विकास का मजबूत केंद्र : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO NO. 14175/31

RO No. 14151/1

RO No. 14159/77

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.