बिना रुके टोल पार करेंगे वाहन, जानिए क्या है MLFF सिस्टम जो 7 टोल पर हुआ लागू

नई दिल्ली

भारत का टोल सिस्टम बदल रहा है. FASTag से कैशलेस पेमेंट शुरू होने के बाद अब एक और क्रांतिकारी बदलाव शुरू किया गया है. इसमें दुबई की तरह ही ऑटोमैटिक टोल कलेक्शन होगा. इस नई तकनीक को नाम दिया गया है MLFF यानी मल्टी लेन फ्री फ्लो सिस्टम. देश में 7 टोल प्लाजा पर इसे शुरू कर दिया गया है, जिसमें ब्रेक लगाने की जरूरत नहीं होती. गाड़ी अपनी फुल स्पीड से टोल को पार करती है और टोल का कलेक्शन ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन तकनीक से होता है. इस सिस्टम की खासियत ये है कि ये टैग और नंबर प्लेट दोनों में से किसी एक को एक पल में कैच कर ट्रांजेक्शन पूरा कर सकता है। 

संयुक्त अरब अमीरात समेत दुनिया के 20 से ज्यादा देशों में ऑटोमैटिक टोल की व्यवस्था है. यहां गाड़ियों को टोल पर न तो ब्रेक लगाना होता है और न ही स्पीड कम करनी होती है. जैसे ही वे टोल से गुजरती हैं, निर्धारित शुल्क कट जाता है, जबकि भारत में हाईवे पर टोल प्लाजा अक्सर जाम की वजह बन जाते हैं. लंबी कतारें ओर बैरियर खुलने का इंतजार आम बात है. कई बार सर्वर इश्यू या किसी वाहन का फास्टैग ब्लैक लिस्ट होने की वजह से और ज्यादा इंतजार करना पड़ता है. इस परेशानी से निजात दिलाने के लिए सरकार ने टोल प्लाजाओं की तस्वीर बदलनी शुरू कर दी है. इसी के लिए MLFF सिस्टम शुरू किया गया है. यह फास्टैग का विकल्प नहीं है, बल्कि उसे और एडवांस बनाने का जरिया है। 

क्या है MLFF सिस्टम?
MLFF का फुल फॉर्म मल्टी लेन फ्री फ्लो है. यह एक इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन सिस्टम है, जिसमें बैरियर की जरूरत नहीं. इसमें वाहन अपनी लेन से बिना रुके या स्पीड कम किए हुए आगे बढ़ सकता है. टोल काटने के लिए जहां बैरियर होता है वहां ऊपर की ओर कैमरे लगाए जाएंगे. यह कैमरे ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन करेंगे। 

यहां RFID रीडर और व्हीकल क्लासिफिकेशन सेंसर भी होगा. यानी जब कोई गाड़ी यहां से गुजरेगी तो RFID रीडर फास्टैग स्कैन करेगा, कैमरे नंबर प्लेट रीड करेंगे और व्हीकल क्लासिफकेशन सेंसर ये बताएगा कि वाहन की श्रेणी क्या है? मसलन ये कार है, ट्रक है या बस है. तीनों सिस्टम एक साथ काम करेंगे और फास्टैग एकाउंट से टोल राशि कट जाएगी. अगर किसी तरह पेमेंट असफल हो गया या फास्टैग ब्लैक लिस्टेड हुआ तो वाहन मालिक को ई नोटिस भेजा जाएगा और तय समय पर शुल्क का भुगतान न करने पर जुर्माना भी देना होगा। 

क्या होगा इससे फायदा?
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया NHAI और सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से यात्रा कम समय में पूरी होगी और ईंधन की खपत कम होगी. इससे प्रदूषण में कमी आएगी और पर्यावरण को होने वाला नुकसान कम होगा. सड़क परिवहन मंत्रालय के मुताबिक MLFF लागू करने से ऑपरेटिंग कॉस्ट में भी कमी आएगी जो सालाना 5 हजार से 6 हजार करोड़ रुपये तक हो सकती है. इसके अलावा प्लाजा पर भीड़ भाड़ कम होने से 250 मिलियन लीटर फ्यूल बचेगा. इससे कार्बन डाइ ऑक्साइड में 81 हजार टन की कमी आएगी। 

10 प्रतिशत वाहनों के फेल हुए पेमेंट
फिलहाल पायलट प्रोजेक्ट के तहत देश में 7 टोल प्लाजा पर यह व्यवस्था शुरू कर दी गई है. सबसे पहले इसी साल मई में गुजरात में NH-48 के सूरत-भरूच हिस्से के चौर्रासी टोल प्लाजा पर इसे शुरू किया गया था. इसके बाद दिल्ली एनसीआर में अर्बन एक्सटेंशन रोड पर मुंडका और बक्करवाला प्लाजा पर भी इसे शुरू कर दिया गया है. तमिलनाडु के तांबरम तिंडीवनम टोल प्लाजा पर अक्टूबर में ये सिस्टम शुरू किया गया. उससे पहले जिन 6 टोल प्लाजा पर यह सिस्टम लागू था उनमें मई से लेकर 1 अगस्त तक तकरीबन 147 करोड़ रुपये टोल वसूला गया. इनमें तकरीबन 90 प्रतिशत वाहनों से टोल ऑटोमैटिक तरीके से लिया गया था, जबकि 10 प्रतिशत वाहनों का टोल पेमेंट फेल हुआ था, जिसमें तकरीबन 9.2 करोड़ रुपये लिए गए थे। 

कहां-कहां लागू हो चुका MLFF सिस्टम
    गुजरात में NH-48 के सूरत-भरूच हिस्से के चौर्रासी टोल प्लाजा
    दिल्ली एनसीआर में अर्बन एक्सटेंशन रोड पर मुंडका और बक्करवाला प्लाजा
    राजस्थान में NH-48 के दिल्ली-जयपुर रूट पर दौलतपुरा प्लाजा
    NH-44 के पानीपत-जालंधर हाईवे पर घरौंडा टोल प्लाजा
    दिल्ली-जयपुर रूट पर मनोहरपुरा प्लाजा
    राजस्थान के शाहजहांपुर टोल प्लाजा
    तमिलनाडु में NH-179B के तांबरम-तिंडीवनम हिस्से का पन्नूर टोल प्लाजा

फेल हुआ पेमेंट तो क्या होगा?
बैरियर फ्री सिस्टम में अगर फास्टैग से पेमेंट कैंसल हुआ तो अथॉरिटी की ओर से ई नोटिस भेजा जाता है. नेशनल हाईवे फीस रूल्स, 2008 के 14 के तहत इस ई नोटिस को FASTag से जुड़े मोबाइल नंबर पर भेजा जाता है, जिसे 72 घंटे के अंदर पेमेंट करने का नियम है. अगर तय समय पर भुगतान नहीं किया गया तो दोगुना तक टोल वसूला जाता है ओर जुर्माना भी लगाया जा सकता है. अगर किसी वाहन स्वामी को लगता है कि उसके पास गलत ई नोटिस आया है तो 72 घंटे के अंदर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है. अगर ई नोटिस को सीरियसली नहीं लिया गया तो फास्टैग ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है। 

More From Author

रोमांचक मैच में इंदौर पत्रकार एकादश ने भोपाल पत्रकार एकादश को 8 रन से हराया

एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से चार स्कूली बच्चों की गई जान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO NO. 14175/31

RO No. 14151/1

RO No. 14159/77

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.