सौर ऊर्जा से घरों तक पहुंच रहा स्वच्छ जल, साग-सब्जियां उगाकर परिवार का पोषण भी संवार रहीं महिलाएं

रायपुर

कभी परिवार की प्यास बुझाने पहाड़ी रास्तों से नाले और झरने से पानी लाना महिलाओं की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा था। मटमैले पानी को कई परतों से छानकर पीने लायक बनाना पड़ता था। आज उन्हीं महिलाओं के घरों में नल से स्वच्छ पानी पहुंच रहा है। पानी जुटाने में लगने वाला समय और श्रम बच रहा है। घरों में साग-सब्जियां उगने लगी हैं और परिवारों के खानपान में भी बदलाव आ रहा है। यह तस्वीर गरियाबंद जिले के घने जंगलों के बीच पहाड़ी पर बसे गहन्दर गांव की है, जहां आज भी बिजली नहीं पहुंची है और चारपहिया वाहन से जाना संभव नहीं है। जल जीवन मिशन के तहत सौर ऊर्जा आधारित नल-जल योजना ने यहां विशेष पिछड़ी कमार जनजाति के परिवारों, खासकर महिलाओं की जिंदगी को नई दिशा दी है।

गरियाबंद जिला मुख्यालय से राजधानी रायपुर की ओर करीब 20 किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग-130सी पर ग्राम पंचायत बारूका स्थित है। वहां से करीब 11 किलोमीटर लंबे जंगली रास्ते से होकर पहाड़ी पर बसे इसके आश्रित ग्राम गहन्दर तक पहुंचा जा सकता है। हाथी, हिरण और अन्य वन्य जीवों की आवाजाही वाले इस गांव में कमार जनजाति के करीब 11 परिवार रहते हैं। वनोपज संग्रहण इनकी आजीविका का प्रमुख साधन है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच यहां जीवन की सबसे बुनियादी जरूरत पानी को पूरा करना भी किसी चुनौती से कम नहीं था।

ग्रामीण वर्षों से मौसमी नाले और झरने पर निर्भर थे। शासन द्वारा गांव से कुछ दूरी पर एक हैंडपंप भी लगाया गया था। इसके बावजूद पानी जुटाने के लिए ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ती थी। महिलाओं की दिनचर्या का बड़ा हिस्सा परिवार के लिए पानी की व्यवस्था में बीतता था। अब घर में नल लगने से उनकी यह परेशानी दूर हुई है।

बिजली की बाधा को सौर ऊर्जा से किया दूर

गहन्दर में बिजली की सुविधा नहीं होने के कारण जल जीवन मिशन के तहत सौर ऊर्जा आधारित नल-जल योजना स्थापित की गई है। इसके माध्यम से सभी घरों में नल कनेक्शन देकर स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा रहा है। दुर्गम पहाड़ी और बिजली के अभाव जैसी चुनौतियों के बीच सौर ऊर्जा ग्रामीणों तक पेयजल पहुंचाने का माध्यम बनी है। गहन्दर को अक्टूबर-2024 में 'हर घर जल' ग्राम घोषित किया गया है।

सरपंच  छत्रपाल कुंजाम बताते हैं कि नाले से पानी लाने की मशक्कत ग्रामीणों के जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुकी थी। पहाड़ी पर बसे इस गांव के हर घर में पानी पहुंचने से ग्रामीणों को कितनी राहत मिली है, इसका अंदाजा उनके पहले के जीवन को देखकर लगाया जा सकता है। उन्होंने इस बदलाव के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताया है।

पानी के साथ लौटी खुशहाली

गहन्दर की संत कुमारी और जयंती बाई के जीवन में आए बदलाव में जल जीवन मिशन का व्यापक असर दिखाई देता है। पहले पानी का इंतजाम करने के साथ ही साग-सब्जियों के लिए भी दूर के गांवों तक जाना पड़ता था। अब घरेलू जरूरतों के बाद बचे पानी का उपयोग कर वे अपने घरों में ही साग-सब्जियां उगा रही हैं। यहां के लोगों की थाली में पौष्टिक आहार की उपलब्धता बढ़ी है। महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य में भी सुधार देखने को मिल रहा है।

जयंती बाई इस बदलाव से खुश है। घर में नल लगने के बाद अब वे अपने पारंपरिक कार्यों को अधिक समय दे पा रही हैं और पहले से अधिक लगन से कर रही हैं।

गहन्दर में हर घर तक पानी पहुंचने का अर्थ केवल पेयजल की सुविधा मिलना नहीं है। महिलाओं के लिए यह रोजाना के कठिन परिश्रम से राहत, अपने परिवार और आजीविका के लिए अधिक समय तथा बेहतर पोषण का अवसर भी है। कभी पानी की व्यवस्था में खपने वाला महिलाओं का श्रम अब उनके परिवारों की खुशहाली संवारने में लग रहा है।

More From Author

प्रदेश की 96 चीनी मिलों में पेराई कार्य शुरू, सीएम योगी के निर्देश पर किसानों को तत्काल हो रहा भुगतान

राज्य शासन ने आठ सदस्यीय समिति में प्रतिष्ठित साहित्यकारों, संपादकों एवं विद्वानों को किया नामांकित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO NO. 14175/31

RO No. 14151/1

RO No. 14159/77

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.