अब पंचायत स्तर पर दर्ज होंगे विवाह, बाल विवाह रोकने के लिए नियमों में शामिल होगी नई व्यवस्था

राजगढ़
 मध्य प्रदेश में अब गांवों में होने वाली शादियों का रिकॉर्ड पंचायत स्तर पर रखने की व्यवस्था की जा सकती है। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति पर रोक लगाने के लिए पंचायतों को सीधे निगरानी की जिम्मेदारी देने की तैयारी है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने राजगढ़ जिले के जीरापुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र में जब भी कोई विवाह होगा, उसका पंचायत में पंजीयन अनिवार्य करने के लिए नियम बनाए जाएंगे।

मंत्री बोले- पंचायत चाहे तो खत्म कर सकती है बाल विवाह जैसी कुरीति
शुक्रवार को राजगढ़ जिले की जीरापुर तहसील की ग्राम पंचायत बांगपुरा में अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस और नई चेतना 5.0 जेंडर अभियान का राज्य स्तरीय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि बाल विवाह रोकना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के हर व्यक्ति को इसके लिए आगे आना होगा।

उन्होंने कहा, 'आज इस धरती से एक घोषणा करता हूं- मैं अब नियमों में डालूंगा कि जब भी पंचायत के भीतर कोई विवाह होगा, तो पंचायत में उसका पंजीयन अनिवार्य होगा।' मंत्री के मुताबिक, पंचायतें अपने स्तर पर निगरानी और जागरूकता के जरिए बाल विवाह जैसी कुरीति को खत्म करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

सरपंच ऑफिस में शादी का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य
कार्यक्रम में पहुंचे पंचायत, ग्रामीण विकास और श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल (Prahlad Singh Patel) ने मंच से एक बड़ा ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि अब नियमों में ऐसा बदलाव किया जाएगा जिससे पंचायत क्षेत्र के अंदर होने वाली हर शादी का सरपंच कार्यालय में पंजीयन कराना अनिवार्य हो जाएगा।

मंत्री ने साफ कहा है कि पंचायत गांव के हर एक परिवार को अच्छी तरह पहचानती है। इसलिए बाल विवाह रोकने की मुख्य जिम्मेदारी भी अब पंचायतों को ही निभानी होगी।

झोले में नहीं, पंचायत के रिकॉर्ड में होनी चाहिए जानकारी
प्रहलाद पटेल ने पंचायतों की कार्यप्रणाली पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पंचायत के पास गांव के हर परिवार की पूरी जानकारी होती है। गांव कब बसा, किसने बसाया, गांव का नाम क्यों रखा गया और यहां कौन-कौन से परिवार रहते हैं, इन सब बातों का पक्का रिकॉर्ड पंचायत के पास होना चाहिए।

श्रम ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कई जगहों पर पंचायत का रिकॉर्ड एक झोले में घूमता रहता है। यह रिकॉर्ड कभी सरपंच के घर रहता है तो कभी सचिव के पास पड़ा रहता है। जबकि पंचायत एक ऐसी संस्था है जो गांव के हर व्यक्ति को जानती है। गांव में किसी नए शख्स के आने की खबर भी उससे छिपी नहीं रहती है।

मध्य प्रदेश में कम उम्र में बच्चों की शादी कराने का चलन थमने के बजाय और तेजी से बढ़ रहा है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले पांच सालों में प्रदेश के अंदर बाल विवाह के दर्ज मामलों में लगभग 47 प्रतिशत का उछाल आया है। यह आंकड़ा बताता है कि कानून होने के बावजूद कई जगहों पर नाबालिग बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ हो रहा है।

बाल विवाह मुक्त ग्राम सभाओं को सम्मान
मंत्री ने कहा कि अगर पंचायत ठान ले तो अपने दम पर समाज की बुराइयों को खत्म कर सकती है। सरपंच दफ्तर में शादियों का रिकॉर्ड दर्ज होने से इस बात पर नजर रखना बेहद आसान हो जाएगा कि कहीं किसी नाबालिग की शादी तो नहीं हो रही है। उन्होंने यह भी घोषणा की है कि जिन ग्राम सभाओं में बाल विवाह का एक भी मामला सामने नहीं आएगा उन्हें खास तौर पर सम्मानित किया जाएगा।

बेटियों से दूरी क्यों?
अपने संबोधन में मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने समाज की दोहरी सोच और महिलाओं के अधिकारों पर भी तीखे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हम नवरात्रि में देवी की पूजा करते हैं। बुद्धि के लिए मां सरस्वती और शक्ति के लिए मां काली के आगे अपना सिर झुकाते हैं। उन्होंने बताया कि बुंदेलखंड में नर्मदा किनारे सुबह की पूजा के बाद बेटी के चरणों में सिर रखकर प्रणाम किया जाता है।

मंत्री ने लोगों से सवाल किया कि जब हम बेटी को प्रणाम करते हैं तो फिर उससे दूरी क्यों रखते हैं? बेटी, बहन और पत्नी को बराबरी का हक देने में हमारा समाज पीछे क्यों हट जाता है? आज भी जमीन, बैंक कर्ज और संपत्ति पुरुषों के नाम पर होती है। जब परिवार की महिलाओं के नाम अधिकार देने की बात आती है तो लोग कदम पीछे खींच लेते हैं। मंत्री ने कहा कि इस पुरानी सोच को बदलने की सख्त जरूरत है।

पुराने हालात बदलें और बेटियों पर भरोसा करें
बुंदेलखंड के पुराने समय को याद करते हुए मंत्री ने कहा कि पहले कुछ इलाकों में कमजोर परिवारों की बच्चियों को उठा ले जाने का डर रहता था। इसी डर की वजह से लोग अपनी बेटियों की कम उम्र में शादी कर देते थे या उन्हें कहीं बाहर भेज देते थे। अब उन पुराने हालात को समझकर मिल-जुलकर उन्हें बदलने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि हमारे शास्त्रों में देवी शक्ति की पूजा होती है। घर के अंदर महिलाओं के साथ वैसा व्यवहार नजर नहीं आता है। इस फर्क को खत्म करना होगा क्योंकि बेटियां घर का असली धन हैं। वही हमारी परंपरा को आगे बढ़ाती हैं। उन्हें पढ़ाई, सुरक्षा, सेहत और जिंदगी में आगे बढ़ने के पूरे मौके मिलने चाहिए। मंत्री ने कहा कि समाज में विश्वास किया तो जाता है लेकिन असल में होता नहीं है। इसलिए हमें अपनी बेटियों पर पूरा भरोसा करना होगा।

बाल विवाह मुक्त गांवों को किया जाएगा प्रोत्साहित
मंत्री ने कहा कि पंचायतों, स्कूलों, महिला स्व-सहायता समूहों, धर्मगुरुओं, सामाजिक संगठनों और प्रशासन को मिलकर इस दिशा में काम करना होगा। पंचायतों में विवाह का व्यवस्थित रिकॉर्ड रहने से बाल विवाह के मामलों की निगरानी आसान हो सकती है।

उन्होंने बताया कि जिन ग्राम सभाओं में बाल विवाह का कोई मामला सामने नहीं आएगा, उन्हें प्रोत्साहित और सम्मानित किया जाएगा। वर्ष 2030 तक बाल विवाह उन्मूलन का लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रत्येक गांव और पंचायत को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

बाल विवाह रुकवाने वाली सात बेटियों को सम्मान
कार्यक्रम में उन सात बेटियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने बाल विवाह का विरोध कर अपनी पढ़ाई जारी रखी। इनमें सुनीता सोलंकी, निकिता, धापू, निशा, खुशी तंवर, खुशी वर्मा और माया लववंशी शामिल हैं।

बेटियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस तरह उन्होंने बाल विवाह के दबाव का सामना किया और शिक्षा जारी रखने का फैसला लिया। बाल संरक्षण के क्षेत्र में काम करने वाले लोक अधिकार केंद्र, राजगढ़ और खिलचीपुर को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

105 स्व-सहायता समूहों को 5 करोड़ रुपये का चेक
कार्यक्रम के दौरान 105 स्व-सहायता समूहों के लिए 5 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक भी प्रदान किया गया। बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए मुक्ति रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रथ गांव-गांव पहुंचकर बाल विवाह के दुष्परिणामों और बेटियों की शिक्षा एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाएगा।

बेटियों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर दिया जोर
मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के समान अवसर मिलने चाहिए। समाज में बेटा और बेटी के बीच भेदभाव खत्म करना जरूरी है। उन्होंने महिलाओं और ग्रामीणों से अपील की कि वे न तो बाल विवाह करें और न ही अपने आसपास ऐसा होने दें।

बाल विवाह रोकने पंचायतों की भूमिका अहम
कार्यक्रम में राज्यमंत्री गौतम टेटवाल, सांसद रोड
मल नागर, राजगढ़ विधायक अमर सिंह यादव, खिलचीपुर विधायक हजारी लाल दांगी, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर और कलेक्टर गिरिश कुमार मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। राजगढ़ से शुरू हुए इस अभियान में अब पंचायतों की भूमिका को बाल विवाह रोकने के लिए अहम बनाने पर जोर दिया गया है। मंत्री की घोषणा के बाद अब इस प्रस्ताव को नियमों में शामिल करने की प्रक्रिया और उसके लागू होने की व्यवस्था पर नजर रहेगी।

More From Author

वंदे भारत में होंगे बड़े बदलाव, हर बोगी में सैनिटरी पैड बॉक्स और मिलेगा शुद्ध हवा

मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड, भोपाल में पांचवें दिन भी शीतलहर; डिंडौरी में घना कोहरा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO NO. 14175/31

RO No. 14151/1

RO No. 14159/77

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.