उत्तम शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य से भारत बनेगा विकसित राष्ट्र : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

देश के सबसे स्वच्छ शहर के साथ अब इंदौर बनेगा स्वस्थ शहर : मंत्री श्री विजयवर्गीय
इंदौर के रवीन्द्र नाट्यगृह में "इंदौर जिद्दी है, अब लड़ेंगे डायबिटीज और मोटापे से" कार्यक्रम

भोपाल 
उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का चहुँमुखी विकास हो रहा है। यह अमृतकाल चल रहा है, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य आदि क्षेत्रों में विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आने वाले दिनों में भारत, जर्मनी को पीछे छोड़ दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की कतार में है। 2047 में भारत विकसित राष्ट्र के रूप में खड़ा होगा और इस बात की पूरी संभावना है कि भारत अमेरिका और चीन जैसे शक्तिशाली देशों को भी पीछे छोड़ देगा। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल इंदौर के रवीन्द्र नाट्य गृह में आयोजित "इंदौर जिद्दी है, अब लड़ेंगे डायबिटीज और मोटापे से" कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने "इंदौर जिद्दी है, अब लड़ेंगे डायबिटीज और मोटापे से" कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया। साथ ही अतिथियों ने स्वास्थ्य शिविर का अवलोकन करने के साथ आधुनिक मशीनों पर अपने स्वास्थ्य का परीक्षण भी कराया।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि आज "राइट टू एजुकेशन और राइट टू हैल्थ" हर व्यक्ति का मौलिक अधिकार है और अब "राइट टू स्क्रीनिंग" का अधिकार भी मिल गया है। अत: अब हर व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य की जांच कराना चाहिए, जिससे वह पूर्णत: स्वस्थ रह सके। देश में डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, कैंसर, मोटापे आदि रोगों के मरीज तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। इसी को रोकने के लिए राज्य शासन ने यह कार्यक्रम इंदौर में आयोजित किया गया है। इंदौर रचनात्मक कार्यों में हमेशा से आगे रहा है। यह शहर स्वच्छता में आगे होने के साथ अब स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी आगे होगा। इस अभियान में 65 प्रकार की जांचें होगी। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि देश में इसके पूर्व इतने बड़े पैमाने पर कोई स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं चलाया गया, जिसमें हर व्यक्ति की सभी प्रकार की जाँचे करायी जा सकें। केन्द्र सरकार के नेतृत्व में अब देश में जहाँ टीबी मुक्त अभियान चल रहा है, वहीं सिकलसेल एनीमिया मुक्त अभियान भी जारी है। इन सबका मकसद आम नागरिकों को स्वस्थ और खुशहाल बनाना है। मध्यप्रदेश कृषि क्षेत्र में भी तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। पिछले कुछ वर्षों में मध्यप्रदेश कृषि कर्मठ अवार्ड लगातार प्राप्त कर रहा है। इसके पूर्व यह अवार्ड पंजाब और हरियाणा प्रदेश की झोली में जा रहे थे। मध्यप्रदेश सिंचाई के साथ प्राप्त विद्युत उत्पादन के मामले में भी आगे है।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि हमारे स्वास्थ्य का सीधा संबंध हमारी जीवनशैली से है। पहले लोग मोटा अनाज खाते थे और मोटा कपड़ा पहनते थे तथा शारीरिक श्रम भी करते थे, इसलिए वे कम बीमार पड़ते थे। आज की जीवनशैली में हम घर की बजाय बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों का अधिक सेवन कर रहे हैं। आज के बच्चे मैदान की बजाय मोबाइल स्क्रीन पर अधिक खेलते हैं और एक्सरसाइज भी नहीं करते, इसलिए वे डिप्रेशन में जाकर बीमार पड़ जाते हैं। मंत्री श्री विजयवर्गीय ने कहा कि फसल उत्पादन में रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशक दवाओं के अधिक प्रयोग से बीमारियां अधिक बढ़ रही है। पहले जनजातीय वर्ग भी बीमार नहीं पड़ता था, लेकिन अब उसे डायबिटीज, ब्लड प्रेशर से लेकर कैंसर जैसी बीमारियां हो रही है, जो चिंताजनक है। दलहन में अधिक रासायनिक खाद के प्रयोग से वे जहरीली बनती जा रही हैं। घर के भोजन में माँ की ममता और बहन की भावना होती है। इसलिए इंदौर मातृ सम्मेलन आयोजित करे, जिसमें महिलाएं बतायेंगी कि स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन के लिए हमारी जीवनशैली कैसी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इंदौर अब स्वच्छ शहर के साथ स्वस्थ शहर भी बनेगा।

इस अवसर पर सांसद श्री शंकर लालवानी और महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजय लोंढे ने किया। कार्यक्रम में इंदौर मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविन्द घनघोरिया, मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. माधव हसानी, एम.वाय. चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. अशोक यादव, डॉ. अरूण अग्रवाल, डॉ. संजय जुलका सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक एवं सफाई मित्र उपस्थित थे।

राऊ में तिरंगा यात्रा में हुए शामिल

उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल राऊ में आयोजित हर घर तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में भी शामिल हुए। यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल स्कूली छात्र-छात्राओं ने रास्ते भर तिरंगा लेकर भारत माता की जय के नारे लगाये। जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया गया। तिरंगा यात्रा में मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद श्री शंकर लालवानी, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, राऊ विधायक मधु वर्मा, श्री जीतू जिराती सहित बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। 

More From Author

रिपोर्ट: FY26 में ट्रांसफार्मर मार्केट ₹40,000 करोड़ से अधिक, टी एंड डी सेक्टर में जोरदार ग्रोथ

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आह्वान – हर घर तिरंगा से गूंजे छत्तीसगढ़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13814/1

RO No. 13843/161

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.