मौसम विभाग की चेतावनी: कोहरा और शीतलहर का डबल अटैक, कई राज्यों में भारी बारिश के आसार

नई दिल्ली 
देशभर में मौसम का रुख तेजी से बदलने वाला है। कई राज्यों में ठंड और कोहरे का असर बढ़ रहा है, वहीं पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना कड़ाके की सर्दी को और प्रचंड बना सकती है। हालांकि, अभी बर्फबारी का इंतजार है, लेकिन फिलहाल उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में कोहरे की मोटी परत ने दृश्यता काफी कम कर दी है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले कुछ दिनों को लेकर कई महत्वपूर्ण अलर्ट जारी किए हैं। IMD के अनुसार गुरुवार और शुक्रवार को हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड तथा छत्तीसगढ़ में घना कोहरा छाने के आसार हैं। न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे गिरते हुए लगभग 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे उत्तरी भारत में ठंड का असर और तेज महसूस होगा।
 
दक्षिण भारत में भी मौसम बड़ी तेजी से करवट लेने वाला है। 20, 21 और 22 नवंबर को मौसम विभाग ने कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप में आंधी-तूफान और भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक, तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना है। वहीं, मणिपुर, मिजोरम और नागालैंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है।
 
मध्य प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर की स्थिति बन चुकी है। सुबह-सुबह घना कोहरा छाने से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए भोपाल, इंदौर, राजगढ़, खंडवा, धार, खरगोन, शाजापुर, देवास, जबलपुर, बड़वानी, शिवपुरी, कटनी, टीकमगढ़, पन्ना, सतना, मैहर, शहडोल, निवाड़ी और छतरपुर सहित कई जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।

इधर, राजस्थान में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से 3-4 डिग्री सेल्सियस कम हो चुका है। सीमा क्षेत्रों में तापमान तेजी से गिर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार सीकर में तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जयपुर मौसम केंद्र ने बताया कि अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जो सामान्य से कम है और कड़ाके की सर्दी का संकेत देता है।

छत्तीसगढ़ में भी पिछले दिनों से ठंड का प्रभाव तीव्र हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों तक मौसम शुष्क रहेगा, और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े परिवर्तन की उम्मीद नहीं है। हालांकि इसके बाद अगले चार दिनों में रात और सुबह का तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है। विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में शीतलहर की स्थिति बन सकती है, जिससे सुबह और शाम ठंड और अधिक महसूस होगी।
 
यूपी में कोहरे का कहर
उत्तर प्रदेश में पश्चिमी से लेकर पूर्वी हिस्सों तक भारी कोहरा छाए रहने की संभावना है। गत दिनों से कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हो रहा है, जिससे ठंड का असर बढ़ गया है। लखनऊ, कानपुर, इटावा, प्रयागराज, बाराबंकी समेत कई जिलों में 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, जिससे दिन में भी ठंड महसूस की जा रही है।

More From Author

महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्या ने अभिभावक आंगनबाड़ी सम्मेलन (ECCE दिवस) का किया उद्घाटन

‘मैं भी बाघ’, ‘हम हैं बदलाव, ‘हम हैं धरती के दूत’ की थीम पर होंगे ‘अनुभूति’ शिविर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13766/145

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.