जनगणना ड्यूटी के बदले अवकाश और पदोन्नति की मांग, सर्व शिक्षक संघ ने DEO को दिया मांग पत्र

गरियाबंद.

सर्व शिक्षक संघ जिला गरियाबंद ने शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर मंगलवार को जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष जितेंद्र कुमार साहू के नेतृत्व में पहुंचे संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षक हित के मुद्दों पर जल्द कार्रवाई की मांग की।

संघ ने ज्ञापन में बताया कि सहायक शिक्षक ई/टी संवर्ग की अंतिम वरिष्ठता सूची अब तक जारी नहीं की गई है। कार्यालय द्वारा 10 जून 2026 को जारी पत्र अनुसार अनंतिम वरिष्ठता सूची जारी कर विकासखंड शिक्षा अधिकारियों से 18 जून तक प्रतिवेदन मांगा गया था। इसके बावजूद करीब दो माह बीत जाने के बाद भी अंतिम वरिष्ठता सूची जारी नहीं हो सकी है। संघ का कहना है कि अंतिम वरिष्ठता सूची जारी होने के बाद ही पदोन्नति की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी, ऐसे में इसमें हो रही देरी से शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गरियाबंद में अलंकरण समारोह की मांग
ज्ञापन में मुख्यमंत्री शिक्षक गौरव अलंकरण सम्मान समारोह 2025 का आयोजन गरियाबंद जिले में शीघ्र कराने की मांग भी की गई। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के कई अन्य जिलों में यह सम्मान समारोह आयोजित हो चुका है, लेकिन गरियाबंद में पिछले वर्ष का शिक्षक सम्मान कार्यक्रम अब तक नहीं हो सका है। संघ के अनुसार विकासखंडों से सम्मान के लिए प्रस्ताव जिला कार्यालय को भेजे जा चुके हैं, इसके बावजूद समारोह के आयोजन को लेकर अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। शिक्षकों ने लंबित सम्मान समारोह जल्द आयोजित करने की मांग की है।

विभागीय परीक्षा और प्रधान पाठक पदोन्नति का मुद्दा
शिक्षक संघ ने विभागीय परीक्षा में शामिल होने के लिए अनुमति समय पर नहीं मिलने की समस्या भी DEO के सामने रखी। इसके अलावा प्रधान पाठक के पद पर पदोन्नति प्रक्रिया लंबित होने और विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में शिक्षकों की सेवा पुस्तिका में अर्जित शैक्षणिक योग्यता का इंद्राज नहीं किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। संघ ने कहा कि सेवा पुस्तिका में शैक्षणिक योग्यता का समय पर इंद्राज नहीं होने से शिक्षकों को विभागीय कार्यों और भविष्य में मिलने वाले लाभों में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

शिक्षकों के अवकाश इंद्राज की मांग
ज्ञापन में जनगणना ड्यूटी में लगाए गए शिक्षकों के अर्जित अवकाश का सेवा पुस्तिका में संधारण नहीं किए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। संघ ने मांग की कि जनगणना ड्यूटी करने वाले सभी पात्र शिक्षकों के अर्जित अवकाश का नियमानुसार सेवा पुस्तिका में इंद्राज कराया जाए, ताकि उन्हें इसका लाभ मिल सके।

एकल शिक्षकीय स्कूलों में स्थायी पदस्थापना की मांग
संघ ने एकल शिक्षकीय विद्यालयों में अतिशेष शिक्षकों की वरिष्ठता के आधार पर स्थायी पदस्थापना किए जाने की मांग भी रखी। इसके साथ ही विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को देखते हुए सेवा प्रदाता शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की गई, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन की चेतावनी
सर्व शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र कुमार साहू ने कहा कि शिक्षकों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामले लंबे समय से लंबित हैं। संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी से इन समस्याओं का जल्द निराकरण करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संघ शिक्षक हित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर गरियाबंद, संचालक लोक शिक्षण नवा रायपुर और संयुक्त संचालक रायपुर को भी प्रेषित की गई है।

More From Author

जेवर एयरपोर्ट: यूपी के गौरव का अपमान न करिए अखिलेश

देवास में गूंजा देशभक्ति का जज्बा, उप मुख्यमंत्री देवड़ा के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13997/202

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.