राज्यपाल पटेल की अपील, टीबी उन्मूलन अभियान के साथ नशा मुक्त भारत मिशन को भी जोड़ें

टी.बी. उन्‍मूलन प्रयासों के साथ नशा मुक्‍त भारत अभियान को भी जोड़े : राज्‍यपाल पटेल

राज्यपाल ने किया 77वें टी.बी. सील अभियान का शुभारंभ

भोपाल 

राज्‍यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व में ''नशा मुक्‍त भारत अभियान'' चलाया जा रहा है। यह ''स्‍वस्‍थ भारत-सशक्‍त भारत और विकसित भारत'' के लिए बहुत महत्‍वपूर्ण अभियान है। उन्‍होंने कहा कि टी.बी. उन्‍मूलन प्रयासों के साथ नशा मुक्‍त भारत अभियान को भी जोड़ा जाना चाहिए। इन प्रयासों में नशे के मरीजों, विशेषकर युवाओं और बच्‍चों को नशे के आर्थिक, सामाजिक, मानसिक दुष्प्रभावों के विभिन्न आयामों के प्रति जागरूक करें। राज्‍यपाल पटेल ने सभी माता-पिता का आह्वान किया कि वे अपने बच्‍चों को नशे से दूर रहने के संस्‍कार घर से ही प्रदान करें। उन्‍हें संयमित जीवन, पौष्टिक आहार और समुचित उपचार का व्‍यावहारिक महत्‍व समझाए।

राज्‍यपाल पटेल बुधवार को एम.पी. स्‍टेट टी.बी. एसोसिएशन के 77वें टी.बी. सील अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्‍होंने अभियान के सहयोग के लिए 11 हजार रूपए की सहायता राशि प्रदान की। कार्यक्रम में राज्‍यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी भी मौजूद थे।

राज्यपाल पटेल ने कहा कि टी.बी. मुक्‍त भारत अभियन में मरीजों की जॉंच, उपचार और निगरानी को सर्वोच्‍च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। प्रत्‍येक रोगी तक सही जानकारी, दवाईयॉं और पौष्‍टिक आहार की समुचित उपलब्‍धता सुनिश्चित की जाए। उन्‍होंने कहा कि टी.बी. रोगियों को सकारात्‍मक विचारों और अनुशासित जीवन शैली के प्रति विशेष रूप से जागरूक बनाया जाए। टी.बी. मुक्‍त भारत के कार्यक्रमों को सघन और सतत रूप से संचालित किया जाए। राज्यपाल पटेल ने टी.बी. सील अभियान से जुड़े सदस्यों और स्‍वयंसेवी संस्थाओं को टी.बी. उन्‍मूलन के प्रति समर्पण भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यह पीड़ित मानवता की सेवा का कार्य है। ऐसे मानवीय कार्यों से पुण्‍य लाभ और ईश्‍वर का आर्शीवाद प्राप्‍त होता है।

राज्‍यपाल पटेल का एम.पी. स्‍टेट टी.बी. एसोसिएशन के चेयरमेन जयपाल सचदेव ने पुष्‍पगुच्‍छ, शॉल और श्रीफल भेंट कर अभिनंदन किया। राज्‍यपाल पटेल ने कार्यक्रम में टी.बी. सील अभियान की जानकारी और जागरूकता पर आधारित किट का लोकार्पण किया। चेयरमेन सचदेव ने टी.बी. सील अभियान और नवाचारों की जानकारी दी। आभार डॉ. अभिजीत देशमुख ने व्‍यक्‍त किया। इस अवसर पर लोकभवन के अधिकारी, एम.पी. स्‍टेट टी.बी. एसोसिएशन के पदाधिकारी और टी.बी. सील अभियान से संबंधित सदस्‍य उपस्थित थे।

 

More From Author

दीपों की रोशनी से जगमगाएगी वाराणसी, पर्यटकों को मिलेगा दिव्य काशी का खास अनुभव

अर्बन चैलेंज फंड कॉन्क्लेव में CM साय का बयान, शहरों का सीवरेज सिस्टम सुधारने की जरूरत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 14099/197

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.