रेसलिंग जगत में शोक की लहर, WWE स्टार ब्रॉनसन रीड ने 38 साल की उम्र में दुनिया छोड़ी

नई दिल्ली
WWE (वर्ल्ड रेसल‍िंग एंटरटेनमेंट) की दुनिया से एक दुखद खबर सामने आई है. दिग्गज रेसलिंग स्टार ब्रॉनसन रीड का 38 साल की उम्र में निधन हो गया है. उनका असली नाम जरमेन हेली (Jermaine Haley) था. WWE ने शनिवार को सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी. रीड का निधन मेडिकल जटिलताओं (Medical Complications) के चलते हुआ.

WWE ने अपने बयान में कहा- हमें यह बताते हुए गहरा दुख हो रहा है कि WWE में ब्रॉनसन रीड के नाम से पहचाने जाने वाले जरमेन हेली का आज निधन हो गया. पोस्ट में उनको शानदार व्यक्तित्व वाला इंसान, परिवार के प्रति समर्पित और अपने सहयोगियों का चहेता बताया. WWE ने उनकी प्रेग्नेंट पत्नी पैगे, बेटी, दोस्तों, सहकर्मियों और फैन्स के प्रति संवेदनाएं भी व्यक्त कीं.

क्राउन ज्वेल में हुए थे गंभीर रूप से घायल
ब्रॉनसन रीड का निधन ऐसे समय हुआ है, जब कुछ हफ्ते पहले ही वह WWE के बड़े इवेंट क्राउन ज्वेल में नजर आए थे. 7 नवंबर को सऊदी अरब में हुए इस इवेंट के दौरान उन्हें गंभीर चोटें लगने की खबर आई थी.

रीड का इस इवेंट में कोई मुकाबला नहीं था, लेकिन वह टैग टीम मैच के दौरान शामिल हुए थे. इस मुकाबले में द विजन (The Vision) के ब्रॉन ब्रेकर और ऑस्टिन थ्योरी का सामना पेंटा और जे'वॉन इवांस से था.

रीड अपने साथी ब्रॉन ब्रेकर और ऑस्टिन थ्योरी की मदद के लिए रिंग में पहुंचे थे. इसी दौरान ओबा फेमी ने उन्हें रोक दिया. फेमी ने रीड को स्टेज से नीचे प्रोडक्शन उपकरणों वाले हिस्से की तरफ पटक दिया. इस दौरान मैच में काफी अफरा-तफरी मच गई.

आखिरकार पेंटा और जे'वॉन इवांस ने ब्रॉन ब्रेकर और ऑस्टिन थ्योरी को हराकर वर्ल्ड टैग टीम चैंपियनशिप जीत ली. ओबा फेमी के दखल ने मैच का नतीजा बदलने में अहम भूमिका निभाई.

पसलियां टूटने और फेफड़े में छेद की आई थी खबर
क्राउन ज्वेल में चोटिल होने के बाद ब्रॉनसन रीड को सऊदी अरब में ही रुकना पड़ा था. रेसलिंग रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें इलाज की जरूरत थी. फाइटफुल सेलेक्ट ने बताया था कि WWE के मेडिकल स्टाफ के कुछ सदस्य भी उनकी मदद के लिए वहीं रुके थे. कंपनी के एक वरिष्ठ अंतरराष्ट्रीय अधिकारी भी उनके बेहतर इलाज और वीआईपी सुविधाओं का इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए मौजूद थे.

रेसलिंग ऑब्जर्वर के डेव मेल्टजर ने शुरुआत में रीड की पसलियां टूटने और फेफड़े में छेद होने की जानकारी दी थी. बाद की रिपोर्ट में लिवर के बजाय किडनी में चोट और पसलियां टूटने का जिक्र भी आया. हालांकि, WWE ने उनकी मौत की वजह को मेडिकल जटिलताएं बताया है. कंपनी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि क्राउन ज्वेल में लगी चोटों का उनकी मौत से कोई संबंध था या नहीं.

चोट के बाद की थी शानदार वापसी
ब्रॉनसन रीड इस साल की शुरुआत में भी चोट के कारण लंबे समय तक रिंग से बाहर रहे थे. उन्हें फरवरी में बाइसेप्स (Biceps) में चोट लगी थी, जिसके चलते वह सितंबर तक मुकाबलों से दूर रहे.

इस दौरान उन्होंने अपनी फिटनेस और शारीरिक क्षमता पर काम किया. सितंबर में वापसी के समय वह अपने करियर की सबसे बेहतरीन फिटनेस में बताए गए थे. रिंग में लौटने के बाद वह WWE की स्टोरीलाइन का एक्ट‍िव पार्ट बन गए थे.

लेकिन क्राउन ज्वेल में लगी चोटों के बाद उनका सफर थम गया. 38 साल की उम्र में उनके निधन से WWE और रेसलिंग जगत में शोक की लहर है.

More From Author

Twisha Sharma Case: पूर्व जज गिरिबाला सिंह की जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई

बच्चों के साथ खाना खाते ही SDM ने पकड़ी गड़बड़ी, बोले- भोजन समूह को तत्काल हटाओ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO NO. 14175/31

RO No. 14151/1

RO No. 14159/77

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.