दुकान बंद होने के कारण नहीं मिली शराब तो सिरफिरे ने मारी गोली, गुजराती बाप-बेटी की US में हत्या

वाशिंगटन
वर्जीनिया में एक डिपार्टमेंटल स्टोर के बाहर गुजराती पिता-पुत्री की हत्या ने अमेरिका में भारतीय समुदाय को झकझोर कर रख दिया है. अब गुजरात में पीड़ित परिवार ने खुलासा किया है कि बाप और बेटी को एक अफ्रीकी-अमेरिकी व्यक्ति ने सिर्फ इसलिए गोली मारी थी, क्योंकि उसे शराब चाहिए था और दुकान बंद हो गई थी. उसे इसके लिए दुकान खुलने का रात भर इंतजार करना पड़ा, जिस कारण वह गुस्से में था. प्रदीपभाई पटेल (56) जब 21 मार्च की सुबह करीब 5:30 बजे अपनी बेटी उर्मी के साथ डिपार्टमेंटल स्टोर खोल रहे थे, तभी उस व्यक्ति ने दोनों को गोली मार दी. प्रदीपभाई पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी 26 वर्षीय बेटी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. प्रदीप के परिवार ने कहा कि आरोपी की पहचान जॉर्ज फ्रेजियर डेवोन व्हार्टन के रूप में हुई है, जो पूरी रात शराब खरीदने के लिए उनके डिपार्टमेंटल स्टोर के आसपास मंडराता रहा.
 
शराब के लिए करना पड़ा इंतजार तो मारी गोली
जब प्रदीप और उर्मी वहां पहुंचे तो उसने उनसे पूछा कि दुकान क्यों बंद है? आरोपी ने इस बात के लिए दोनों पर गुस्सा जताया कि उसे रातभर इंतजार करना पड़ा. गुस्से और आवेश में जॉर्ज ने दोनों पर गोलियां चला दीं. प्रदीप को दो गोलियां लगीं, जबकि एक गोली उर्मी को लगी. घटना के दो घंटे के भीतर अमेरिकी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. छह साल पहले प्रदीपभाई और उनकी पत्नी हंसाबेन अपनी सबसे छोटी बेटी उर्मी के साथ विजिटर वीजा पर अमेरिका गए थे. कुछ समय बाद इस गुजराती परिवार ने वर्जीनिया के एकोमैक काउंटी में डिपार्टमेंटल स्टोर खोला.

प्रदीपभाई पटेल की एक बेटी कनाडा में रहती है, जबकि दूसरी शादीशुदा है और अहमदाबाद में रहती है. घटना के बाद प्रदीप की बेटी और दामाद अहमदाबाद से अमेरिका पहुंचे. जॉर्ज पर मर्डर, अटेम्प्ट टू मर्डर प्रयास, अवैध बंदूक रखने और अपराध में घातक हथियार के उपयोग की धाराओं में आरोपी बनाया गया है. शेरिफ ऑफिस के बयान में कहा गया है कि जब पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, तो एक व्यक्ति को शॉपिंग सेंटर में फर्श पर पड़ा पाया गया, उसके शरीर पर गोली के घावों के निशान थे और उसकी मृत्यु हो चुकी थी.

गोलीबारी की घटना में एक संदिग्ध गिरफ्तार
शॉपिंग सेंटर की तलाशी के दौरान, पुलिसकर्मियों को गोली से घायल एक महिला भी मिली. व्यक्ति को घटना स्थल पर मृत घोषित कर दिया गया. वहीं महिला को सेंटारा नॉरफॉक जनरल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया. एकोमैक काउंटी शेरिफ ऑफिस के अधिकारी डब्ल्यू टॉड वेसेल्स के अनुसार, वर्जीनिया के शॉपिंग सेंटर में हुई गोलीबारी के सिलसिले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है. उसकी पहचान ओनानकॉक निवासी 44 वर्षीय जॉर्ज फ्रेजियर डेवोन व्हार्टन के रूप में हुई है और उसे वर्तमान में बिना बांड के एकोमैक जेल में रखा गया है.
 
घटना से सदमे में हैं US में रहने वाले भारतीय
वर्जीनिया के एक टेलीविजन स्टेशन WAVY-TV ने बताया कि परेश पटेल ने खुद को उस स्टोर का मालिक बताया है, जिसमें यह घटना हुई. उन्होंने यह भी पुष्टि की कि दोनों मृतक उनके परिवार के सदस्य थे. परेश ने कहा, 'मेरे चचेरे भाई की पत्नी और उसके पिता आज सुबह जब स्टोर में काम कर रहे थे, तो कुछ लोग यहां आए और उन्होंने दोनों को गोली मार दी. मुझे समझ नहीं आ रहा अब मैं क्या करूं.' इस घटना ने अमेरिका में रहने वाले भारतीय समुदाय के सदस्यों को सदमे में डाल दिया है.

 

More From Author

आधी कीमत में मिल रहा Samsung Galaxy F16 5G फोन

जावरा में प्रस्तावित ग्रीन फील्ड एक्सेस कंट्रोल्ड हाईवे का विरोध तेज, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को किया गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13766/145

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.