किलर्स कर देते हत्या से मना तब भी नहीं बचते राजा रघुवंशी,सोनम ने बना रखा था मर्डर का ‘प्‍लान B’

इंदौर 

इंदौर की सोनम रघुवंशी की साजिश के तार अब धीरे-धीरे खुल रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सोनम ने अपनी शादी के पांच दिन बाद ही राजा की हत्या का प्लान तैयार कर लिया था। हत्यारों को उसने 15 हजार रुपये कैश दिए और 20 लाख रुपये बाद में देने का वादा किया। इतना ही नहीं, राजा की हत्या होते हुए उसने अपनी आंखों से देखा। अब एक और अहम जानकारी निकलकर सामने आई है। दरअसल, अपने पति राजा रघुवंशी को मौत की नींद सुलाने के लिए सोनम ने एक प्लान बी भी तैयार कर रखा था।

पुलिस से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, सोनम ने राजा रघुवंशी की हत्या के लिए दो प्लान तैयार किए थे। इनमें पहला प्लान हत्यारों के जरिए उसे मरवाने का था। वहीं, प्लान बी के तहत अगर हत्यारे उसे मारने से चूक जाते तो सोनम खुद इस हत्या को अंजाम देती। वह राजा को सेल्फी लेने के बहाने पहाड़ के किनारे पर लेकर जाती और मौका देखकर उसे धक्का दे देती। सोनम के दोनों प्लान ऐसे थे, जिनमें राजा रघुवंशी के बचने की कोई गुंजाइश नहीं थी। राजा की लाश 2 जून को खाई में मिली थी। माना जा रहा है कि 23 मई को उनकी हत्या की गई थी।

तीनों हत्यारे राज के दोस्त

पुलिस की तफ्तीश में पता चला है कि राजा की जान लेने वाले तीनों हत्यारे, सोनम के प्रेमी राज कुशवाहा के दोस्त हैं। सोनम ने जब राजा की हत्या की योजना के बारे में राज को बताया तो उसने ही इन तीन लोगों को हायर किया था। हत्याकांड को अंजाम देने के लिए तीनों हत्यारे शिलॉन्ग गए, लेकिन राज इंदौर में ही रुका रहा। इतना ही नहीं, वह राजा के अंतिम संस्कार में भी शामिल हुआ। दरअसल, सोनम का प्लान था कि राज पर किसी भी तरह से कोई शक ना कर पाए।

राजा की हत्या के इस प्लान में अगर कोई चूक हो जाती है तो इसके लिए उसकी पत्नी सोनम ने एक और 'प्लान बी' भी तैयार कर रखा था। इस प्लान के मुताबिक अगर प्लान ए कहीं से भी फेल होता नजर आए तो सोनम अपने पति को खुद ही खाई में धकेल कर हत्या कर देती। राजा रघुवंशी की निर्मम हत्या ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है, और अब इस केस में हर दिन एक नया और चौंकाने वाला एंगल सामने आ रहा है। अब हत्या में शामिल मुख्य आरोपियों के कबूलनामे के साथ-साथ हवाला कारोबार से जुड़ा एक संदिग्ध सुराग सामने आया है, जो इस साजिश को और बड़ा व गहरा बना रहा है। पुलिस को पूछताछ के दौरान राज कुशवाहा के मोबाइल से कुछ ऐसे नंबर मिले हैं, जो सामान्य नहीं थे। ये नंबर ₹10 के नोटों के सीरियल नंबर थे। सूत्रों के मुताबिक, इस तरह की नंबरिंग का इस्तेमाल अक्सर हवाला लेन-देन की ट्रैकिंग में किया जाता है।

आरोपियों ने कबूला जुर्म, बताई हत्या की पूरी कहानी खुली

राजा हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपियों से जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो चारों आरोपियों- राज कुशवाहा, विशाल उर्फ विक्की, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उन्होंने पुलिस को बताया कि राजा रघुवंशी की हत्या उन्होंने पहले से तय किए गए प्लान के मुताबिक की गई। राजा की हत्या के बाद शव को मेघालय के शिलांग क्षेत्र में खाई में फेंक दिया गया। आरोपियों ने इस बात का भी खुलासा किया कि यह साजिश सोनम रघुवंशी और राज कुशवाहा ने मिलकर रची थी। इंदौर क्राइम ब्रांच ने भी आरोपियों के कबूलनामे की विधिवत पुष्टि की है। अब पुलिस उनके बयानों के आधार पर सबूतों को क्रॉस-चेक कर रही है, जिससे कोर्ट में मुकदमा मजबूत हो सके। राजा रघुवंशी हत्याकांड में जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे साजिश की परतें खुलती जा रही हैं। अब यह लगभग साफ होता जा रहा है कि इस खौफनाक हत्या की मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी ही थी। पिछले दो दिनों से लगातार पूछताछ में आरोपियों के कबूलनामों और डिजिटल साक्ष्यों ने सोनम की भूमिका को केंद्र में ला खड़ा किया है।

एसीपी पूनम यादव ने बताया हत्या का मास्टरमाइंड कौन

इंदौर की ACP पूनम चंद यादव ने इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड को लेकर एक बड़ा बयान दिया है, जिससे साफ होता है कि यह कोई अचानक हुई क्राइम नहीं थी, बल्कि शादी से भी पहले से सोच-समझकर रचा गया प्लान था। ACP पूनम चंद यादव ने बताया, 'चारों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। इस पूरे हत्याकांड का मास्टरमाइंड राज कुशवाहा है।' सोनम रघुवंशी और उसका कथित प्रेमी राज कुशवाहा, पहले से राजा की हत्या की तैयारी में जुटे थे। दोनों ने तय किया कि राजा को शादी के बाद हनीमून ट्रिप पर मार डालना सबसे आसान और ‘साफ-सुथरा’ तरीका होगा। जैसे ही राजा और सोनम हनीमून के लिए शिलांग रवाना हुए, उससे पहले ही तीनों सुपारी किलर्स विशाल (विक्की), आकाश और आनंद शिलांग पहुंच चुके थे। इस दौरान इनका काम था, सोनम और राजा की लोकेशन ट्रैक करना, राजा की हत्या का मौका देखना और हत्या करने के बाद उसकी डेडबॉडी को ठिकाने को लगाना। यह सब इतनी चुपचाप और बारीकी से किया गया कि किसी को शक न हो।

इंदौर आई थी सोनम

पुलिस की जांच में एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। राजा की हत्या के बाद, सरेंडर करने से पहले सोनम छिपकर इंदौर भी आई थी। यहां उसके प्रेमी राज ने एक किराए के कमरे का इंतजाम किया, जिसमें सोनम रही। हालांकि, मेघालय पुलिस से जब तीनों कॉन्ट्रैक्ट किलर को मध्य प्रदेश और यूपी से गिरफ्तार कर लिया तो सोनम गाजीपुर पहुंची और सरेंडर कर दिया। इसके बाद मेघालय पुलिस सोनम को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।

आखिरी वक्त पर प्लान से हटा राज

वहीं, मेघालय पुलिस के साथ मिलकर इस मामले की तफ्तीश में जुटे इंदौर के एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि आखिरी वक्त पर राज प्लान से हटना चाहता था। पूछताछ में राज ने दावा किया कि वह इस साजिश में सोनम का साथ नहीं देना चाहता था और आखिरी वक्त पर उसने मेघालय जाने का अपना प्लान कैंसल कर दिया। उसने अपने तीनों साथियों को भी नहीं जाने के लिए कहा, लेकिन सोनम ने टिकट बुक किए तो वे लोग मेघालय चले गए। शिलॉन्ग में भी ऐन मौके पर तीनों ने हत्या करने से इनकार किया, लेकिन सोनम ने जोर देकर कहा कि वह इसके लिए 20 लाख रुपये देगी।

यूपी के गाजीपुर में सरेंडर करने के बाद मेघालय पुलिस उसे पटना, फिर कोलकाता और गुवाहाटी के रास्ते शिलॉन्ग लेकर आई। पुलिस के मुताबिक, पूरे रास्ते में सोनम ज्यादातर खामोश ही रही। बताया जा रहा है कि आज मेघालय पुलिस सोनम के साथ उस जगह पर जाकर क्राइम सीन को दोहराएगी, जहां राजा की हत्या हुई थी। मामले में अभी जांच चल रही है और कई सवालों के जवाब मिलने बाकी हैं।

More From Author

शराब विक्रेताओं की मनमानी अब नहीं चलेगी, शराब को अधिक मूल्य पर बेचने की मिल रही शिकायत,दुकानों पर लगे QR कोड

इस तारीख जारी हो सकती है किसान योजना की 20वीं किस्त, 2000 रुपये पाने के लिए करना होगा ये काम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13783/138

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.