जिन खेतों से उड़ते जहाज देखते थे किसान, आज उसी जमीन से भर ली आसमान की उड़ान

लखनऊ
 गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर से कभी जिन खेतों में फसलें लहलहाती थीं, आज वहीं से उड़ान भरकर किसानों ने अपने जीवन का सबसे बड़ा सपना पूरा किया।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले जेवर के किसान जब पहली बार हवाई जहाज में बैठकर लखनऊ पहुंचे तो उनकी आंखों में खुशी, गर्व और भावुकता एक साथ दिखाई दी। किसी ने अपनी जमीन को पहली बार आसमान से देखा, तो किसी ने वर्षों पुराने सपने के सच होने का एहसास किया।

किसानों ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिर्फ एयरपोर्ट नहीं बनाया, बल्कि गांव, किसानों और आने वाली पीढ़ियों की तकदीर बदलने का रास्ता खोल दिया।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमवार को पहली व्यावसायिक उड़ान लखनऊ के लिए रवाना हुई। यह उड़ान कई किसानों के लिए भावनात्मक और ऐतिहासिक पल बन गई। जेवर की रहने वाली पूनम ने बताया कि आज पहली बार हवाई जहाज में बैठने का अवसर मिला है। मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार ने किसानों का सम्मान बढ़ाया है। वह मुख्यमंत्री से मिलने आई हैं और यह अवसर उनके जीवन का सबसे सुखद पल है।

किसान धर्मवीर शर्मा ने कहा कि उनके गांव में विश्वस्तरीय अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। हवाई चप्पल पहनने वाले किसानों को हवाई जहाज में बैठाकर सरकार ने यह साबित कर दिया है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही उसकी प्राथमिकता है।

उड़ान से लखनऊ पहुंचे हीरा रशीद ने कहा कि लखनऊ तक की हवाई यात्रा उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसी है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री को दिया। किसान हाजी जफर ने कहा कि सरकार ने ऐसा काम किया है कि हवाई चप्पल पहनने वालों को हवाई जहाज में बैठा दिया।

भूमि अधिग्रहण के दौरान किसानों की सहमति और सम्मान का पूरा ध्यान रखा गया था। किसान इकबाल कल्लू ने कहा कि एयरपोर्ट के लिए उनकी जमीन गई थी और आज उसी एयरपोर्ट से उड़ान भरकर राजधानी पहुंचना उनके लिए गर्व का विषय है।

महिला किसान सुमन ने बताया कि उन्होंने जीवन में पहली बार हवाई जहाज में सफर किया है। यह उनका वर्षों पुराना सपना था, जो अब जाकर पूरा हुआ है। मीनू ने भावुक होकर कहा कि एयरपोर्ट बनने के बाद पहली बार उन्होंने अपनी जमीन और गांव को आसमान से देखा है। यह अनुभव उनके लिए अविस्मरणीय है।

बुजुर्ग किसान जयवीर ने कहा कि किसानों को सम्मान देने की यह पहल हमेशा याद रखी जाएगी। जयकरन सिंह ने कहा कि एयरपोर्ट बनने से क्षेत्र की पहचान वैश्विक स्तर पर बढ़ी है और आने वाली पीढ़ियों के लिए रोजगार, शिक्षा और विकास के नए अवसर खुलेंगे।

 

More From Author

यूपी में हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा: लखनऊ एयरपोर्ट से नोएडा के लिए नई फ्लाइट सेवा

नदियों के पुनरूद्धार एवं पुनर्जीवित करने संबंधी राज्य स्तरीय समिति की बैठक सम्पन्न

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13814/1

RO No. 13843/161

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.