बलरामपुर में सबसे ज्यादा बारिश, बेमेतरा में कम बरसे बादल; छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार सुस्त

रायपुर
 छत्तीसगढ़ में मानसून (CG Monsoon) की सक्रियता अभी बनी हुई है। उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे लगे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के असर से प्रदेश में अगले 24 घंटे तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

शनिवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग (IMD Weather Update) ने रविवार को कुछ स्थानों पर बारिश के साथ एक-दो जगह गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।

कम दबाव के क्षेत्र से बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे लगे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र शनिवार को सक्रिय रहा। इससे संबंधित चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके अगले दो दिनों में पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।

मानसून द्रोणिका भी इसी मौसमी प्रणाली वाले क्षेत्र से होकर छत्तीसगढ़ के उत्तर हिस्से की ओर प्रभाव डाल रही है। इसके अलावा दक्षिण गुजरात से उत्तर बांग्लादेश तक बनी दूसरी द्रोणिका भी मौसम को प्रभावित कर रही है। इन प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में आगामी दिनों में बादलों की आवाजाही और बारिश की गतिविधियां बनी रहने के संकेत हैं।

पेंड्रा रोड में सबसे कम तापमान
शनिवार को प्रदेश के तापमान में भी अलग-अलग क्षेत्रों के बीच अंतर देखने को मिला। जगदलपुर में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक रहा। पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम है।

रायपुर में अधिकतम तापमान 30.2 और न्यूनतम 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दोनों तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री कम रहे। बिलासपुर में 20 मिलीमीटर, जगदलपुर में 10.6 मिलीमीटर और दुर्ग में 10.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लोरमी, दरिमा और कुमारदा में सर्वाधिक 10-10 मिलीमीटर वर्षा हुई।

रायपुर में बादल छाए रहेंगे, एक-दो दौर बारिश

रायपुर में आज गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।

जगदलपुर सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा

प्रदेश में शुक्रवार को जगदलपुर सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री रहा।

प्रदेश में अब तक बारिश की स्थिति

सीजनल बारिश की बात करें तो छत्तीसगढ़ में सामान्य से 2% कम बारिश हुई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में भी कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं गरज-चमक की संभावना जताई है।

बलरामपुर में 75% ज्यादा, बेमेतरा में 39% कम बारिश

छत्तीसगढ़ में 1 जून से 4 सितंबर तक मानसून की बारिश का आंकड़ा भले ही सामान्य से सिर्फ 2% कम है, लेकिन जिलेवार तस्वीर काफी अलग है। प्रदेश में कहीं बारिश ने कमी का रिकॉर्ड बनाया है तो कहीं सामान्य से बहुत ज्यादा पानी गिरा है।

सबसे ज्यादा बारिश बलरामपुर में 1433.1 मिमी (56.42 इंच) दर्ज की गई है, जो सामान्य से 75% ज्यादा है। दूसरी ओर बेमेतरा में सिर्फ 536.7 मिमी (21.13 इंच) बारिश हुई, जो सामान्य से 39% कम है।

यानी प्रदेश के सबसे ज्यादा और सबसे कम बारिश वाले इन दो जिलों के बीच करीब 896.4 मिमी (35.29 इंच) बारिश का अंतर है।

प्रदेश में कुल बारिश की तस्वीर

1 जून से 3 सितंबर तक छत्तीसगढ़ में औसत बारिश 944.7 मिमी (37.19 इंच) हुई है। इस अवधि में सामान्य बारिश 962.6 मिमी (37.90 इंच) मानी गई है। इस हिसाब से प्रदेश में बारिश 17.9 मिमी (0.70 इंच) कम, यानी 2% कम है।

लेकिन यह आंकड़ा पूरे प्रदेश का औसत है। जिलों को अलग-अलग देखें तो तस्वीर काफी बदल जाती है।

33 जिलों में:

    7 जिलों में सामान्य से 20% या उससे ज्यादा बारिश हुई।
    4 जिले ऐसे हैं जहां बारिश 20% से ज्यादा कम रही।
    22 जिलों में बारिश सामान्य श्रेणी में है।

यानी राज्य की कुल बारिश सामान्य के आसपास है, लेकिन कई जिलों में बारिश का बैलेंस बिगड़ा हुआ है

रायपुर में बादल, बौछार की संभावना
रविवार को राजधानी रायपुर में मौसम मिला-जुला रहने का अनुमान है। सुबह से आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। दिन में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी दी है। मौसमी वर्षा अब तक सामान्य के करीब है और इसमें तीन प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

More From Author

कांग्रेस ने बदले राज्यों के प्रभारी, सुखदेव भगत छत्तीसगढ़ तो सचिन पायलट पंजाब के प्रभारी बने

बरगी बांध से पानी छोड़े जाने के बाद नर्मदा उफान पर, जबलपुर में 10 फीट बढ़ा जलस्तर; रेल सुरक्षा बढ़ी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13997/202

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.