बिना मैदा गूंथे बनाएं क्रिस्पी सूजी-आलू समोसा, चाय के साथ लगेगा लाजवाब

समोसा नाम सुनते ही चाय के साथ कुछ चटपटा खाने का मन करने लगता है. आमतौर पर घर पर समोसा बनाने के लिए मैदा गूंथना, उसकी लोई बेलना और फिर शेप देना काफी झंझट वाला काम लगता है. लेकिन अगर हम कहें कि बिना मैदा गूंथे भी आप घर पर समोसे जैसा मजेदार नाश्ता बना सकते हैं तो?

आज हम आपको सूजी और आलू से बनने वाले एक ऐसे स्नैक की रेसिपी बता रहे हैं, जो देखने में समोसे जैसा लगेगा और खाने में बेहद क्रिस्पी और मसालेदार होगा. इसकी खास बात ये है कि इसके लिए सूजी का आटा तैयार किया जाता है और अंदर भरपूर मसालेदार आलू की स्टफिंग भरी जाती है. इसके बाद इसे एक हल्के से मसालेदार बैटर में डुबोकर गर्म तेल में फ्राई किया जाता है. चाय के साथ ये नाश्ता घर में सबको खूब पसंद आ सकता है. चलिए जानते हैं कैसे बनाते हैं सूजी-आलू समोसा.

इंग्रेडिएंट्स
सूजी का आटा बनाने के लिए
    3 कप पानी
    1 चम्मच तेल
    1 चम्मच नमक
    2 कप बारीक सूजी
    थोड़ा सा तेल

आलू की स्टफिंग के लिए
    1 बड़ा चम्मच तेल
    एक चुटकी हींग
    1 चम्मच जीरा
    1 चम्मच सरसों
    1 चम्मच साबुत धनिया
    8-10 लहसुन की कलियां
    5 हरी मिर्च
    1 इंच अदरक
    कुछ करी पत्ते
    आधा चम्मच हल्दी पाउडर
    1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
    5 उबले हुए आलू
    1 चम्मच नमक
    बारीक कटा हरा धनिया

समोसे की क्रिस्पी कोटिंग के लिए
    4 बड़े चम्मच मैदा
    1 चम्मच चिली फ्लेक्स
    बारीक कटा करी पत्ता
    बारीक कटा हरा धनिया
    1 चम्मच कलौंजी
    1 चम्मच सफेद तिल
    आधा चम्मच नमक
    जरूरत के मुताबिक पानी

बनाने का तरीका:
1.
सूजी-आलू से बना ये क्रिस्पी स्नैक बनाने के लिए सबसे पहले सूजी का आटा तैयार करना होता है. इसके लिए एक बड़ी कड़ाही में 3 कप पानी डालें. इसमें 1 चम्मच तेल और नमक डालकर 2 कप सूजी मिला दें. यहां बारीक सूजी लेना बेहतर रहेगा, लेकिन नॉर्मल सूजी से भी इसे बनाया जा सकता है.

2. अब गैस जलाकर मिश्रण को लगातार चलाते रहें. कुछ ही देर में सूजी पानी को सोखकर गाढ़ी होने लगेगी और आटे जैसी बन जाएगी. जब मिश्रण अच्छी तरह तैयार हो जाए तो गैस बंद कर दें. ऊपर से हल्का सा तेल लगाकर इसे ढककर कुछ देर के लिए रख दें. इससे सूजी का आटा सॉफ्ट हो जाएगा और बेलते समय आसानी रहेगी.

3. अब आलू की स्टफिंग बनाएं. इसके लिए एक छोटे पैन में तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर गैस को मीडियम कर दें और इसमें हींग, जीरा, सरसों और साबुत धनिया डालें. इसके बाद लहसुन की कलियां और हरी मिर्च डालकर हल्का सा भूनें.

4. अब इसमें कद्दूकस किया हुआ अदरक और करी पत्ता डालें. गैस बंद कर दें और इसमें हल्दी और लाल मिर्च पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें. मसाले का तड़का तैयार है.

6. अब 5 उबले हुए आलू एक बड़े बर्तन में लें और उनके ऊपर यह मसालेदार तड़का डाल दें. स्वादानुसार नमक और बारीक कटा हरा धनिया डालें. अब आलू को मैशर की मदद से अच्छी तरह मैश कर लें. ध्यान रखें कि लहसुन, हरी मिर्च और मसाले आलू में अच्छी तरह मिल जाएं.

6. अब सूजी के आटे को हाथों से हल्का सा मसल लें. ये सॉफ्ट हो जाएगा और हाथों में ज्यादा चिपकेगा भी नहीं. इसके छोटे-छोटे पेड़े बना लें.

7. अब बेलन और जिस जगह पर बेलना है, वहां हल्का सा तेल लगा लें. एक पेड़ा लेकर इसे ज्यादा पतला न बेलें. इसे हल्का मोटा ही रखें. अब इसके बीच में भरपूर मात्रा में आलू की स्टफिंग रखें.

8. ध्यान रखें कि किनारों पर थोड़ी जगह खाली छोड़ें. इसके ऊपर दूसरा बेला हुआ सूजी का हिस्सा रखें और किनारों को उंगलियों से हल्का दबाकर अच्छी तरह सील कर दें. अब इसे चार हिस्सों में काट लें. इस तरह समोसे जैसे टुकड़े तैयार हो जाएंगे.

9. अब इसकी खास कोटिंग तैयार करेंगे. इसके लिए एक बर्तन में मैदा लें. इसमें चिली फ्लेक्स, कटा हुआ करी पत्ता, हरा धनिया, कलौंजी, सफेद तिल और नमक डालें.

10. अब धीरे-धीरे पानी डालते हुए इसका बैटर तैयार करें. बैटर न बहुत गाढ़ा होना चाहिए और न ही बहुत पतला. इसकी कंसिस्टेंसी ऐसी रखें कि सूजी और आलू के तैयार टुकड़े अच्छी तरह कोट हो जाएं.

11. अब कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल अच्छी तरह गर्म होने के बाद सूजी और आलू से तैयार टुकड़े बैटर में डुबोकर सीधे गर्म तेल में डालें. इन्हें डालने के बाद गैस को मीडियम फ्लेम पर कर दें.

12. अब इन टुकड़ों को तब तक फ्राई करें, जब तक ये क्रिस्पी और गोल्डन ना हो जाएं.

13. आपका मजेदार सूजी आलू समोसा तैयार. इसे गरमा-गरम चाय, हरी चटनी या मीठी-खट्टी चटनी के साथ सर्व करें. बाहर से कुरकुरी परत और अंदर मसालेदार आलू की स्टफिंग इसका स्वाद और भी बढ़ा देती है.  

—- समाप्त —-

More From Author

मनु भाकर का मेडल सपना टूटा, ईशा सिंह ने फाइनल में पहुंचकर जगाई उम्मीद

रोज-रोज पोहा-पराठे से हो गए हैं बोर? नाश्ते में बनाएं पंचमेल दाल चीला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13997/202

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.