योगी सरकार का युवाओं को बड़ा तोहफा, माध्यमिक विद्यालयों में 20,382 पदों पर भर्ती

योगी सरकार में युवाओं को अवसर, माध्यमिक विद्यालयों में कुल 20,382 पदों पर भर्ती प्रक्रिया के लिए विज्ञापन जारी

टीजीटी के 17,735 पदों समेत प्रधानाध्यापक 1,172 और प्रधानाचार्य के 1,475 पदों पर होगी भर्ती

टीजीटी के आवेदन 24 अक्टूबर से शुरू, ओटीआर होगा अनिवार्य

प्रधानाध्यापक और प्रधानाचार्य की परीक्षा 7 जनवरी 2027 को, टीजीटी परीक्षा 23-24 दिसंबर को प्रस्तावित

लखनऊ/प्रयागराज,

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और माध्यमिक शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों और विद्यालय प्रमुखों के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए तीन विज्ञापन जारी किए हैं। इनके तहत प्रशिक्षित स्नातक सहायक अध्यापक (टीजीटी) के 17,735 पदों, हाईस्कूल स्तर के विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के 1,172 पदों और इंटरमीडिएट स्तर के विद्यालयों में प्रधानाचार्य के 1,475 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस प्रकार तीनों भर्तियों के माध्यम से कुल 20,382 पदों पर चयन का अवसर मिलेगा। इन भर्तियों से जहां शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं को अवसर मिलेगा, वहीं अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों और शैक्षणिक नेतृत्व की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

टीजीटी के 17,735 पदों पर भर्ती

आयोग ने टीजीटी के 17,735 पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 23 नवंबर और आवेदन पत्र में संशोधन की अंतिम तिथि 26 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। भर्ती परीक्षा 23 और 24 दिसंबर 2026 को आयोजित किए जाने की तिथियां निर्धारित हैं।

प्रधानाध्यापक के 1,172 पदों पर अवसर

आयोग के विज्ञापन के तहत अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के हाईस्कूल स्तर पर प्रधानाध्यापक (हेडमास्टर) के 1,172 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें बालक विद्यालयों के 1,037 और बालिका विद्यालयों के 135 पद शामिल हैं। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया 23 अक्टूबर 2026 से शुरू हो गई है। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 22 नवंबर और आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 26 नवंबर 2026 है। परीक्षा 7 जनवरी 2027 को निर्धारित की गई है।

प्रधानाचार्य के 1,475 पदों पर भर्ती

इंटरमीडिएट स्तर के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य (प्रिंसिपल) के 1,475 पदों हेतु जारी विज्ञापन के तहत भर्ती की जाएगी। इनमें बालक विद्यालयों के 1,318 और बालिका विद्यालयों के 157 पद शामिल हैं। इस भर्ती के लिए भी ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन 23 अक्टूबर 2026 से शुरू हो गया है। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 22 नवंबर और आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 26 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। परीक्षा 7 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी।

आवेदन से पहले ओटीआर अनिवार्य

आयोग ने तीनों भर्तियों में आवेदन प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) व्यवस्था लागू की है। अभ्यर्थियों को संबंधित पद के लिए आवेदन करने से पहले ओटीआर प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि शैक्षिक अर्हता, पात्रता और अन्य शर्तों की जानकारी के लिए अलग से व्यक्तिगत परामर्श नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को विस्तृत विज्ञापन और निर्देश पुस्तिका का अध्ययन करने के बाद ही आवेदन करना चाहिए। टीजीटी, प्रधानाध्यापक और प्रधानाचार्य भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://upessc.up.gov.in/ पर उपलब्ध है।

प्रदेश में इन तीन भर्ती विज्ञापनों के जरिए कुल 20,382 पदों पर चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ने से माध्यमिक शिक्षा क्षेत्र में रोजगार के अवसरों के साथ विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने की संभावना है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पंजीकरण और आवेदन की प्रक्रिया पूरी करें।

प्रमुख तथ्य एक नजर में

भर्ती, पदों की संख्या, आवेदन शुरू, परीक्षा तिथि

टीजीटीः     17,735,     24 अक्टूबर 2026,   23-24 दिसंबर 2026

प्रधानाध्यापकः  1,172,    23 अक्टूबर 2026,   7 जनवरी 2027      

प्रधानाचार्यः   1,475,     23 अक्टूबर 2026,    7 जनवरी 2027

More From Author

दीपोत्सव-2026 को सनातन चेतना और जनआस्था का महापर्व बनाएंगे CM योगी

खबर का असर: 5.50 करोड़ के निर्माण कार्यों की जांच के निर्देश, दोषियों पर होगी कार्रवाई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO NO. 14175/31

RO No. 14151/1

RO No. 14159/77

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.