Bigg Boss 19: रोहित शेट्टी की होस्टिंग ने लूटी महफिल, क्या सलमान खान की कुर्सी पर मंडरा रहा खतरा?

साल 2010…बिग बॉस 4.. ये वो मौका था जब बड़े पर्दे के चुलबुल पांडे की टीवी स्क्रीन पर दबंगई का आगाज हुआ था. देश के सबसे बड़े रियलिटी शो बिग बॉस के सलमान होस्ट बने. अरशद वारसी, शिल्पा शेट्टी, अमिताभ बच्चन के बाद सलमान ने रियलिटी शो की कमान संभाली. उन्होंने अपनी होस्टिंग का ऐसा जलवा दिखाया कि भाईजान शो की आन बान और शान बन गए.

बिग बॉस और सलमान एक-दूसरे के पर्याय लगने लगे. हर सीजन के साथ एक्टर ने शो में अपने इमोशन, फीलिंग्स और पर्सनैलिटी को बेहिचक दिखाया. सलमान की होस्टिंग में पूरा पैकेज मिलता था. उनकी दबंगई का ऐसा जादू चला कि वो बिग बॉस की 'आत्मा' बन गए. उनके बिना शो की कल्पना करना मुश्किल लगने लगा. लेकिन क्या अभी भी ऐसा है…?

कहां गई सलमान की दबंगई?
सलमान लगातार 19 सालों से बिग बॉस को होस्ट कर रहे हैं. फैंस ने उनका एग्रेशन, चिल्लाना, ह्यूमर, गंभीर होना… सब देखा है. दर्शकों को वीकेंड का वार में सलमान का नजरिया जानने की बेताबी रहती थी. हर किसी में मन में बस यही बात रहती थी कि इस वीकेंड का वार कौन सलमान की हिट लिस्ट में होगा. उनका गुस्सा कंटेस्टेंट्स की सिट्टी-पिट्टी गुल कर देता था. भाईजान का गुस्से में चीखना हो या इमोशंस में बहकर रोना…हर एक्शन ने फैंस के दिलों को छुआ.

जैसे ही भाईजान आस्तीन चढ़ाते.. घरवालों की धड़कनें बढ़ जाती थीं. उनका सूट उतारना या स्टेज पर कुर्सी लगाकर बैठना.. बता देता था आज तो जबरदस्त वाट लगने वाली है. कंटेस्टेंट्स के हदें पार करने पर एक्टर का तिलमिलाना दर्शकों को खौफ में डाल देता था. सोशल मीडिया पर सलमान की तगड़ी होस्टिंग ने रौला मचा रखा था. लेकिन अब शो के दर्शक बस यही पूछते फिर रहे हैं 'कहां गुम हो गया भाईजान को वो ऑरा'? फायर मोड में रहने वाले सलमान के फीके रिएक्शन देखना लोगों का दिल तोड़ता है. दबंग सलमान की होस्टिंग में अब ना दबंगई बची है, ना ही फायर. वो हर सीजन के साथ शांत होते दिख रहे हैं.

खुद सलमान कह चुके हैं कि अब वो होस्टिंग के दौरान एग्रेशन नहीं दिखाने वाले हैं. 60 साल के सलमान लाइफ के इस स्टेज पर आकर शांति से कंटेस्टेंट्स के मुद्दे शॉर्ट करना चाहते हैं. उम्र और जिंदगी के पड़ाव पर उनका शांत अंदाज समझ आता है, लेकिन क्या दर्शक इस बदले हुए सलमान को पसंद कर रहे हैं? आलम ये है कि अब उनकी डांट भी डांट जैसी नहीं लगती. उनका रुतबा जरूर है, लेकिन शब्द और एटीट्यूड ठंडा पड़ गया है. सलमान की होस्टिंग में आए 360 डिग्री बदलाव को रोहित शेट्टी की एंट्री पर ज्यादा नोटिस किया.

रोहित शेट्टी का भौकाल
बीते वीकेंड के वार को रोहित शेट्टी ने क्या संभाला.. मजा ही आ गया. रोहित ने खिलाड़ियों से नो फिल्टर बात की. उनकी क्लास लगाई, फन भी किया. ओवरस्मार्ट बन रहे घरवालों को सेकंड में आईना दिखाया. रोहित की होस्टिंग में जुनून, जज्बा और राइट एटीट्यूड दिखा. फिल्ममेकर ने वो किया जो पिछले 7 हफ्तों में भाईजान नहीं कर सके. कुल मिलाकर कहें तो रोहित शेट्टी ने गर्दा उड़ा दिया. कंटेस्टेंट्स ने भी उनकी होस्टिंग में मजे किए. सबको डांट के साथ फन भी करने को मिला.

हिलेगी सलमान की कुर्सी?
इंटरनेट पर भी रोहित शेट्टी की होस्टिंग को सराहा गया है. कुछ लोगों ने ऐसा भी कहा कि वो सलमान से बैटर थे. कईयों ने रोहित को बिग बॉस की कमान देने को कहा. रोहित शेट्टी की एंट्री ने सवाल खड़ा कर दिया है- क्या बिग बॉस को अब सलमान के विकल्प की तलाश है? कुछ लोगों का ये भी मानना है कि मेकर्स सलमान खान का ऑल्टरनेट होस्ट तैयार कर रहे हैं. सलमान के बाद रोहित शेट्टी सबको परफेक्ट लगे. क्योंकि उनमें दबंग स्वैग भी है और रौबदार पर्सनैलिटी भी. फ्यूचर में पता नहीं क्या हो…सलमान ही होस्ट रहें या कोई और उनकी जगह ले… लेकिन इतना जरूर है कि लोग सलमान के बगैर भी शो की कल्पना करने लगे हैं. ये वाकई दबंग खान के लिए डेंजर अलर्ट है. इससे मालूम पड़ता है बतौर होस्ट दर्शक उनसे संतुष्ट नहीं हैं.

वैसे हकीकत ये भी है कि सलमान की कुर्सी इतनी आसानी से नहीं हिलने वाली है. उनका फैंडम और बिग बॉस संग सालों पुराना कोलैबोरेशन एक झटके में खत्म नहीं हो सकता. लेकिन इतना जरूर है कि रोहित शेट्टी बीबी होस्ट के रूप में जनता की पसंद जरूर बन गए हैं. अब देखना होगा रोहित शेट्टी को मिली वाहवाही के बाद भाईजान फायर मोड में लौटते हैं या नहीं…

More From Author

रागी के आटे से बनाएं 5 हेल्दी और टेस्टी रेसिपी, नाश्ते से लेकर मीठे की क्रेविंग तक होगी पूरी

पैरोल अवधि पूरी होने के बाद रात में जेल पहुंचे आसाराम, देर होने के कारण नहीं मिली एंट्री

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 14099/197

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.